UPSSSC: 11 महीने से नियुक्ति की राह देख रहे अभ्यर्थियों का सब्र टूटा, स्वास्थ्य भवन पहुंचे चयनित नेत्र परीक्षण अधिकारी
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के अंतर्गत चयनित नेत्र परीक्षण अधिकारी अभ्यर्थी पिछले 11 महीनों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
UPSSSC के चयनित नेत्र परीक्षण अधिकारी 11 महीने से नियुक्ति पत्र मिलने का इंतजार कर रहे हैं। नियुक्ति में देरी से नाराज अभ्यर्थी लखनऊ के स्वास्थ्य भवन पहुंचे और मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की। राजकीय ऑप्टोमेट्रिस्ट एसोसिएशन ने भी नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की अपील की।
लखनऊ, अमृत विचार। सरकारी नौकरी पाने का सपना पूरा होने के बाद भी नियुक्ति के लिए इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) के अंतर्गत चयनित नेत्र परीक्षण अधिकारी अभ्यर्थी पिछले 11 महीनों से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अंतिम चयन परिणाम घोषित हुए लगभग 11 महीने बीत जाने के बावजूद अब तक नियुक्ति पत्र जारी नहीं किए गए हैं, जिससे चयनित अभ्यर्थियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। इसी को लेकर शुक्रवार सुबह आठ बजे से प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए चयनित अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य भवन पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की।
11 महीने बीते, अब तक नहीं मिला नियुक्ति पत्र
इसी क्रम में आज सुबह 8 बजे से प्रदेश के अलग-अलग जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से आए चयनित अभ्यर्थी अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर स्वास्थ्य भवन, लखनऊ पहुंचे। अभ्यर्थियों का कहना है कि विभाग की ओर से हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय सामने नहीं आया है।
मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से भी लगा चुके हैं गुहार
चयनित अभ्यर्थी कई बार उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री ब्रजेश पाठक तथा मुख्यमंत्री से भी अपनी नियुक्ति को लेकर गुहार लगा चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें नियुक्ति की निश्चित तिथि के संबंध में कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। दूर-दराज के जिलों से लखनऊ पहुंचे अभ्यर्थियों का कहना है कि अब आश्वासन नहीं, बल्कि नियुक्ति की तारीख चाहिए।
नियुक्ति पत्र जारी करने की उठाई मांग
राजकीय ऑप्टोमेट्रिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश पाटिल और प्रदेश महासचिव रवीन्द्र यादव ने कहा कि शीघ्र ही नियुक्त पत्र जारी किए जाएं जिससे साल भर से मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना सह रहे नवनियुक्त साथियों को न्याय मिल सके। अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नियुक्ति की निश्चित तिथि घोषित कर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए।
