सपा सांसद डॉ. SP सिंह के बयान पर बवाल: सपा सांसद की टिप्पणी से प्रतापगढ़ में भड़का आक्रोश, हिंदू संगठनों ने शव यात्रा निकाल फूंका पुतला

पट्टी तहसील गेट पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार विरोध प्रदर्शन, सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल से की सार्वजनिक माफी की मांग

प्रतापगढ़ में सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल द्वारा दुर्गा पूजा विसर्जन और कांवड़ यात्रा पर दिए गए बयान के विरोध में रविवार को पट्टी कस्बे में हिंदू संगठनों ने शव यात्रा निकालकर पुतला फूंका।

प्रतापगढ़, अमृत विचार:  समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल द्वारा दुर्गा पूजा और कांवड़ यात्रा को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद जनपद का राजनीतिक और धार्मिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। सांसद की इस टिप्पणी के विरोध में रविवार को पट्टी कस्बे में विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर अपना कड़ा आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों ने कस्बे में सांसद की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और जमकर नारेबाजी करते हुए पट्टी तहसील गेट पहुंचकर उनका पुतला दहन किया।

आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, सार्वजनिक स्पष्टीकरण की मांग

विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने कहा कि सनातन धर्म, देवी-देवताओं और सदियों से चली आ रही धार्मिक परंपराओं से करोड़ों लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की ओर से धार्मिक रीति-रिवाजों पर की गई इस तरह की टिप्पणी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी भरे लहजे में मांग की कि सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल तत्काल अपने इस बयान पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण दें और बहुसंख्यक समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें।

प्रतिमा विसर्जन और कांवड़ यात्रा पर दिए बयान से भड़की चिंगारी

दरअसल, यह पूरा राजनीतिक और धार्मिक विवाद सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल के एक हालिया बयान के सामने आने के बाद शुरू हुआ है। अपने बयान में सांसद ने मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन की परंपरा पर सवाल खड़ा करते हुए इसे बंद करने की वकालत की थी। इसके साथ ही उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर भी टिप्पणी करते हुए कहा था कि भगवान का आशीर्वाद पाने के लिए 50 किलोमीटर पैदल चलकर कांवड़ लाने की कोई आवश्यकता नहीं है, बल्कि अपने गांव के मंदिर में पूजा करके भी ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया जा सकता है। इन बयानों के वायरल होते ही भाजपा नेताओं और हिंदूवादी संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है।

इनपुट : रवि प्रकाश सिंह चंदन

यह भी पढ़ें:- 

कांवड़ यात्रा और मूर्ति विसर्जन 'ढोंग': प्रतापगढ़ के सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल के बयान पर गरमाई सियासत, वीडियो में सुने विवादित बयान

About The Author: Darakhshan Quadir Siddiqui