कांवड़ यात्रा और मूर्ति विसर्जन 'ढोंग': प्रतापगढ़ के सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल के बयान पर गरमाई सियासत, वीडियो में सुने विवादित बयान
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है सांसद का बयान, मां दुर्गा की प्रतिमा पूजा और कांवड़ यात्रा बंद करने की कही बात, स्थानीय स्तर पर शुरू हुई तीखी प्रतिक्रिया
प्रतापगढ़ से सपा सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे कांवड़ यात्रा और मूर्ति विसर्जन को ढोंग बताते हुए बंद करने की बात कह रहे हैं।
प्रतापगढ़, अमृत विचार: समाजवादी पार्टी के प्रतापगढ़ से सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मां दुर्गा की प्रतिमा पूजा और कांवड़ यात्रा को बंद करने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो के सामने आने के बाद जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक धार्मिक आस्था और परंपराओं को लेकर नई बहस व सियासत गरमा गई है। हालांकि, इस वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मूर्ति विसर्जन और कांवड़ यात्रा पर उठाए सवाल
वायरल वीडियो में सांसद डॉ. एसपी सिंह पटेल कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि लोग मां दुर्गा की प्रतिमा खरीदकर लाते हैं, पूजा करते हैं और एक सप्ताह बाद उसे गंदे नाले में फेंक आते हैं। वीडियो के अनुसार, सांसद ने सवाल उठाया कि ऐसा करने से देवी मां आशीर्वाद देंगी या श्राप देंगी। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को 'ढोंग' करार देते हुए इसे बंद करने की वकालत की।
इसके साथ ही वीडियो में कांवड़ यात्रा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कथित रूप से कहा कि कांवड़ यात्रा बंद होनी चाहिए। उनके बयान के मुताबिक, जब गांव में ही मंदिर मौजूद है, तो वहां जल चढ़ाकर और भगवान भोलेनाथ के सामने हाथ जोड़कर भी आशीर्वाद लिया जा सकता है, 50-50 किलोमीटर पैदल चलने से कुछ हासिल होने वाला नहीं है। वीडियो में वे यह भी कहते दिख रहे हैं कि चाहे लोगों को बुरा लगे, लेकिन वे अपनी बात स्पष्ट रूप से रखते हैं।
देखे विवादित वीडियो
सोशल मीडिया पर पर्यावरण और आस्था को लेकर छिड़ी बहस
सांसद के इस कथित बयान के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर और सोशल मीडिया मंचों पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था से जुड़े इन पारंपरिक धार्मिक आयोजनों को बंद करने की बात पर कई लोगों ने कड़ा विरोध और आपत्ति दर्ज कराई है। वहीं, इस पूरे विवाद के बीच जानकारों और स्थानीय लोगों के एक वर्ग का मानना है कि प्रतिमा विसर्जन से जलस्रोतों में होने वाले प्रदूषण को लेकर चिंता वाजिब हो सकती है, लेकिन इसका समाधान धार्मिक परंपराओं पर रोक लगाने के बजाय पर्यावरण के अनुकूल विसर्जन व्यवस्था और जन-जागरूकता के माध्यम से निकाला जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें:-
