विधायक अनंत सिंह 400 KM दूर प्रयागराज क्यों पहुंचे? कौन हैं पप्पू सलमान?

पटना से प्रयागराज तक दिखा अनंत सिंह का काफिला, जगह-जगह हुआ स्वागत; तीन दशक पुरानी दोस्ती की कहानी भी है दिलचस्प

दोस्ती हो तो ऐसी! एक दोस्त ने बेटे की शादी के बाद वलीमे की दावत दी तो मोकामा के विधायक अनंत सिंह करीब 400 किलोमीटर का सफर तय कर पटना से प्रयागराज पहुंच गए। जदयू से निष्कासित अनंत सिंह अपने पुराने दोस्त और समाजवादी पार्टी के नेता पप्पू सलमान के बेटे की रिसेप्शन पार्टी में शामिल हुए।

शशिभूषण कुंवर। प्रयागराज/पटना। दोस्ती हो तो ऐसी! एक दोस्त ने बेटे की शादी के बाद वलीमे की दावत दी तो बिहार के मोकामा  विधायक अनंत सिंह शुक्रवार को करीब 400 किलोमीटर का सफर तय कर पटना से प्रयागराज पहुंच गए। जदयू से निष्कासित अनंत सिंह अपने पुराने दोस्त और समाजवादी पार्टी के नेता पप्पू सलमान के बेटे की रिसेप्शन पार्टी में शामिल हुए। हालांकि, समारोह में करीब एक घंटे रुकने के बाद वे रात में ही  वापस पटना के लिए रवाना हो गए।

अनंत सिंह की यह यात्रा सिर्फ एक शादी समारोह में शामिल होने तक सीमित नहीं रही। पटना से प्रयागराज तक उनके काफिले का जगह-जगह स्वागत हुआ। समर्थकों ने फूल-मालाओं और चांदी के मुकुट से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कई स्थानों पर समर्थकों की भीड़ भी जुटी।

चार घंटे की देरी से पहुंचे प्रयागराज

अनंत सिंह सुबह पटना से कारों के काफिले के साथ प्रयागराज के लिए निकले थे। रास्ते में समर्थकों के स्वागत और मुलाकातों का सिलसिला चलता रहा। चंदौली, वाराणसी और औराई समेत उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। इसी वजह से वह निर्धारित समय से करीब चार घंटे की देरी से प्रयागराज पहुंचे।

उनकी इस यात्रा को समर्थकों के बीच शक्ति प्रदर्शन और जनसंपर्क के मौके के तौर पर भी देखा गया। हालांकि, वाराणसी में त्योहारों की भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने उन्हें शहर के भीतर जाने के बजाय बाहर से ही प्रयागराज जाने की सलाह दी।

बताया जाता है कि अनंत सिंह वाराणसी में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर जाकर महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना चाहते थे, लेकिन इसकी अनुमति नहीं मिली।

कौन हैं पप्पू सलमान, जिनके बुलावे पर पहुंचे अनंत सिंह?

अनंत सिंह के प्रयागराज पहुंचने के पीछे की सबसे दिलचस्प वजह उनकी पुरानी दोस्ती है। उनके दोस्त पप्पू सलमान का पूरा नाम सलमान अहमद है। वह प्रयागराज में पप्पू मलावां के नाम से भी जाने जाते हैं।

पप्पू सलमान समाजवादी पार्टी से उसके शुरुआती दौर से जुड़े हैं। पार्टी संगठन में वह प्रयागराज के गंगापार जिले के उपाध्यक्ष बताए जाते हैं। राजनीति के अलावा उनका जुड़ाव खेती-किसानी से भी है।

पप्पू सलमान के बेटे एहराज का निकाह बहराइच में हुआ था। इसी खुशी में आयोजित दावत-ए-वलीमा में शामिल होने के लिए उन्होंने अनंत सिंह को आमंत्रित किया था। दोस्त का न्योता मिला तो अनंत सिंह पटना से प्रयागराज पहुंच गए।

घोड़ों के शौक ने कराई थी दोनों की मुलाकात

अनंत सिंह और पप्पू सलमान की दोस्ती की कहानी भी काफी दिलचस्प है। दोनों की जान-पहचान करीब तीन दशक पुरानी बताई जाती है। इस दोस्ती की वजह राजनीति नहीं, बल्कि घोड़ों के प्रति दोनों का साझा लगाव था।

अनंत सिंह को घोड़े पालने और घुड़दौड़ का शौक है। पप्पू सलमान भी घोड़े पालने और उनकी रेस में दिलचस्पी रखते हैं। बताया जाता है कि आरा के जय कुमार सिंह ने पहली बार दोनों की मुलाकात कराई थी। इसके बाद घोड़ों के शौक ने दोनों को करीब ला दिया। उस समय पप्पू सलमान की शादी भी नहीं हुई थी। धीरे-धीरे यह परिचय गहरी दोस्ती में बदल गया। दोनों एक-दूसरे के परिवार के सुख-दुख में शामिल होते रहे हैं।

पप्पू सलमान के पास चार तो अनंत सिंह के अस्तबल में हैं 8-9 घोड़े

घोड़ों के प्रति दोनों की दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पप्पू सलमान के पास करीब चार घोड़े हैं। इनमें सबसे महंगे घोड़े की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जाती है।

वहीं, अनंत सिंह के अस्तबल में करीब आठ से नौ घोड़े हैं। उनके चर्चित घोड़े का नाम 'लाडला' है। बताया जाता है कि लाडला बिहार और उत्तर प्रदेश में कई घुड़दौड़ प्रतियोगिताएं जीत चुका है।

दोस्त को दिया बेटी की शादी का न्योता

प्रयागराज में दोस्त के बेटे के वलीमे में शामिल होने के साथ अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी सिंह की शादी का निमंत्रण भी पप्पू सलमान को दिया। शिवांगी की शादी 25 नवंबर को होनी है।

इस तरह अनंत सिंह की प्रयागराज यात्रा एक दोस्त के पारिवारिक समारोह में शामिल होने के साथ पुरानी दोस्ती को निभाने का मौका भी बनी। राजनीति से अलग दोनों की करीब तीन दशक पुरानी यारी एक बार फिर चर्चा में आ गई।

About The Author: Sashibhushan Kunwar

वरिष्ठ पत्रकार शशिभूषण कुंवर ने बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर से इतिहास विषय में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से प्री‑पीएचडी प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण की लेकिन राह पत्रकारिता की चुन ली। मुख्यधारा की प्रिंट मीडिया में 26 वर्षों का अनुभव रखने वाले शशिभूषण कुंवर ने फरवरी 2000 में दैनिक हिंदुस्तान, पटना से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद दैनिक आज में तीन वर्षों तक कार्य किया ।  वर्ष 2009 से प्रभात खबर, पटना में लगातार 17 वर्षों तक स्टेट ब्यूरो में रिपोर्टिंग की। स्टेट ब्यूरो का नेतृत्व भी संभाला। इस दौरान उन्होंने बिहार की शीर्ष राजनीतिक घटनाओं, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति की सभाओं, विधानसभा एवं विधान परिषद के सभी सत्रों की रिपोर्टिंग की है। राजनीतिक दलों  की गतिविधियों की गहन कवरेज के साथ‑साथ उन्होंने कैबिनेट विभाग, सचिवालय, लोकसभा‑राज्यसभा सत्र, पंचायत आम चुनाव, पैक्स चुनाव, स्वास्थ्य, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी अपनी पहचान बनाई है। वर्तमान में  शशिभूषण कुंवर अमृत विचार से जुड़े हैं  और बिहार ब्यूरो का नेतृत्व कर रहे हैं।