Congress Leaders Suspended: राहुल गांधी की रैली से गायब रहे युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारी सस्पेंड, प्रयागराज के पांच नेता भी शामिल

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित रैली में शामिल नहीं होने पर संगठन की कार्रवाई, 12 जिलाध्यक्ष और 33 प्रदेश महासचिवों पर भी गिरी गाज

राहुल गांधी की दिल्ली रैली में शामिल नहीं होने पर यूपी युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया। प्रयागराज के पांच नेताओं के नाम भी सूची में शामिल हैं।

प्रयागराज। दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की रैली से दूरी बनाना उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस के 68 पदाधिकारियों को भारी पड़ गया है। पार्टी नेतृत्व के निर्देश के बावजूद रैली में शामिल नहीं होने पर संगठन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सभी 68 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से युवा कांग्रेस के प्रदेश संगठन में हलचल मच गई है।

इस कार्रवाई का असर संगमनगरी प्रयागराज तक भी पहुंचा है। निलंबित किए गए पदाधिकारियों की सूची में जिले के पांच प्रमुख नाम शामिल हैं। इनमें प्रयागराज युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सौरभ पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेश कुमार मिश्रा, प्रदेश महासचिव निशांत रस्तोगी, प्रदेश महासचिव अनुभव सिंह और प्रदेश सचिव आयुष मौर्या शामिल हैं।

12 जिलाध्यक्ष और 33 प्रदेश महासचिवों पर कार्रवाई

युवा कांग्रेस की ओर से जारी निलंबन सूची के मुताबिक, प्रदेश के अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारी संभाल रहे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है। निलंबित होने वालों में 12 जिलाध्यक्ष, तीन प्रदेश उपाध्यक्ष, 33 प्रदेश महासचिव, 18 प्रदेश सचिव, एक संयुक्त सचिव और एक सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर शामिल हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर जारी हुआ निलंबन पत्र

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिल्ली की रैली में पदाधिकारियों की गैरमौजूदगी को गंभीर अनुशासनहीनता माना है। उनके निर्देश पर युवा कांग्रेस के यूपी ईस्ट के को-इंचार्ज नरसिम्हा यादव और यूपी ईस्ट के अध्यक्ष विशाल सिंह के संयुक्त हस्ताक्षर से निलंबन पत्र जारी किया गया।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हसीब अहमद ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि संगठन में अनुशासन से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

यह भी पढ़ेंः UP Assembly Election 2027: दिसंबर से यूपी में चुनावी मोड में आएगी भाजपा, अमित शाह संभालेंगे शुरुआती कमान

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.