शामलीः दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर एक नीलगाय को बचाने की कोशिश में हुए सड़क हादसे में नोएडा पुलिस में तैनात सब-इंस्पेक्टर वैभव कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके साथ कार में सवार प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा शामली में गांव लांक के पास हुआ। दोनों नोएडा में ड्यूटी पर लौट रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सहारनपुर के रामपुर मनिहारान क्षेत्र के गांव घसौली निवासी वैभव कुमार (36) नोएडा के सेक्टर-49 थाने की बरौला चौकी पर सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे। शनिवार को ड्यूटी के बाद वह घर गए थे। सोमवार को वह अपने साथी प्रशांत के साथ कार से नोएडा जा रहे थे।
इसी दौरान दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गांव लांक के पास अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने वैभव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रशांत की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है।
यह भी पढ़ेंः Shahjahanpur Murder News: शराब को लेकर हुआ विवाद बना खूनी वारदात, पत्नी की गला दबाकर हत्या; बेटी ICU में एडमिट