Shahjahanpur Murder News: शराब को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, पत्नी की गला दबाकर हत्या; बेटी ICU में एडमिट
रोजा की आदर्श नगर कॉलोनी में सोमवार देर रात हुई घटना, मां को बचाने आई बेटी अंजली गंभीर; आरोपी कमलेश पुलिस हिरासत में
शाहजहांपुर के रोजा की आदर्श नगर कॉलोनी में शराब को लेकर हुए विवाद के बाद कमलेश गुप्ता ने पत्नी सीमा की गला दबाकर हत्या कर दी। मां को बचाने आई बेटी अंजली पर भी हमला किया, जिसका ICU में इलाज चल रहा है।
शाहजहांपुर, अमृत विचार : शाहजहांपुर के रोजा में सोमवार रात शराबी पति ने झगड़े के बाद अपनी पत्नी की गला घोट कर हत्या कर दी। मां को बचाने आई बेटी को भी युवक ने मारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी तरह से बच गई। पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मां और बेटी को मेडिकल कालेज पहुंचाया, जहां महिला को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया, बेटी का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने हत्यारोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
रोजा की आदर्श नगर कालोनी के गली नम्बर 16 निवासी कमलेश गुप्ता शराब बहुत पीता है। अक्सर उसका पत्नी सीमा से विवाद होता रहता था।सोमवार को भी कमलेश बहुत शराब पिए हुए था। सीमा का शराब को लेकर ही पति कमलेश से विवाद शुरू हुआ। सोमवार देर रात घर में कलह मची रही। इस दौरान कमलेश ने अपना आपा खो दिया और पत्नी सीमा का गला दबा दिया। इस बीच छोटी बेटी अंजली अपनी मां सीमा को बचाने के लिए बीच में आई तो कमलेश ने सीमा को छोड़ कर अंजली का भी गला दबाना शुरू कर दिया। घर से बाहर पहुंची चीखों को सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तो कमलेश घर में ही था, उसे पुलिस ने पकड़ लिया। इसके बाद एंबुलेंस बुला कर सीमा और उसकी बेटी अंजली को मेडिकल कालेज भेजा। मेडिकल कालेज में डाक्टर ने सीमा को मृत घोषित कर दिया। अंजली को आईसीयू एडमिट किया गया है।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार देर राज पीआरवी को रोजा की आदर्श नगर कालोनी की घटना की जानकारी मिली थी। घटना स्थल पर पुलिस पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस से सीमा और अंजली को मेडिकल कालेज भेजा गया, जहां सीमा को मृत घोषित कर दिया गया। अंजली का इलाज चल रहा है। हत्यारोपी कमलेश पुलिस की हिरासत में है। देवेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया कमलेश द्वारा शराब पीकर घटना को कारित किया जाना प्रतीत हो रहा है।
