Shahjahanpur News: कैंसर के इलाज के लिए अब बड़े शहरों की दौड़ नहीं, शाहजहांपुर में खुला इंस्टीट्यूट

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने किया उद्घाटन, रेडियोथेरेपी से इम्यूनोथेरेपी तक की सुविधाएं मिलेंगी; आयुष्मान कार्ड से भी होगा उपचार

शाहजहांपुर के बंथरा स्थित वरुण अर्जुन विश्वविद्यालय परिसर में रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट शुरू हो गया है। वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने रविवार को उद्घाटन किया। यहां कैंसर मरीजों को रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी, सर्जरी और इम्यूनोथेरेपी की सुविधा मिलेगी।

शाहजहांपुर, अमृत विचार। कैंसर के इलाज के लिए अब शाहजहांपुर और आसपास के जिलों के मरीजों को बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। बंथरा स्थित वरुण अर्जुन विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट की शुरुआत हो गई। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने फीता काटकर संस्थान का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस इंस्टीट्यूट के शुरू होने से शाहजहांपुर के साथ आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इस पहल के लिए विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. केशव अग्रवाल और प्रति कुलाधिपति डॉ. अशोक अग्रवाल को साधुवाद दिया।
 

संस्थान में कैंसर के उपचार के लिए रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी, कैंसर सर्जरी और इम्यूनोथेरेपी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। खास बात यह है कि पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से भी उपचार की सुविधा मिलेगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज कराने में मदद मिल सकेगी।

उद्घाटन समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. केशव अग्रवाल और प्रति कुलाधिपति डॉ. अशोक अग्रवाल ने वित्तमंत्री सुरेश खन्ना और विधायक अरविंद सिंह का स्वागत किया। इस दौरान सीएमओ डॉ. विवेक मिश्रा भी मौजूद रहे।

डॉ. केशव अग्रवाल और डॉ. अशोक अग्रवाल ने बताया कि इंस्टीट्यूट में कैंसर के उपचार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अभी तक शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को इलाज के लिए बरेली, लखनऊ और दिल्ली जैसे शहरों का रुख करना पड़ता था। अब जिले में ही उपचार की सुविधा मिलने से मरीजों और उनके परिजनों का समय और आवागमन की परेशानी कम हो सकेगी।

संबंधित समाचार