बदल रहा बरेली: फोरलेन ने बदली शाहजहांपुर रोड की तस्वीर, फरीदपुर में खुलने लगे तरक्की के रास्ते

Amrit Vichar Network
Edited By Priya Chaturvedi
On

दो दशक तक जाम और बदहाल सड़क से जूझते रहे लोग, अब कारोबार को मिली रफ्तार; सिक्सलेन की तैयारी से निवेश की उम्मीदें बढ़ीं

बरेली-शाहजहांपुर रोड पर फोरलेन हाईवे बनने से फरीदपुर तक सफर आसान हुआ है। बेहतर कनेक्टिविटी के साथ उद्योग, वेयरहाउस और कारोबार बढ़ रहे हैं। अब रजऊ से सीतापुर तक सिक्सलेन की तैयारी से क्षेत्र में निवेश और रोजगार की नई उम्मीदें जगी हैं।

बरेली,अमृत विचार। कभी गड्ढों, जाम और बदहाल सड़क के लिए पहचानी जाने वाली शाहजहांपुर रोड अब बरेली की तरक्की का नया रास्ता बन रही है। टूलेन से फोरलेन में तब्दील हुए बरेली-सीतापुर हाईवे ने न सिर्फ सफर आसान किया है, बल्कि फरीदपुर तक कारोबार और निवेश की संभावनाओं को भी विस्तार दिया है। सड़क किनारे कभी ठहराव का सामना कर रहे उद्योगों और कारोबारी संस्थानों को अब बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलने लगा है। रजऊ से फरीदपुर और गौसगंज सराय तक औद्योगिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। अब इस कॉरिडोर को सिक्सलेन करने की तैयारी से विकास की रफ्तार और तेज होने की उम्मीद है।

शाहजहांपुर रोड बरेली-सीतापुर हाईवे का हिस्सा है। इसे पहले एनएच-24 और अब एनएच-30 के नाम से जाना जाता है। एनएचएआई ने मार्च 2011 में 151 किलोमीटर लंबे फोरलेन प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। इसे वर्ष 2013 तक पूरा होना था, लेकिन निर्माण एजेंसियों के बार-बार काम छोड़ने के कारण परियोजना करीब एक दशक तक अधूरी रही। कई एजेंसियां बदली गईं और आखिरकार वर्ष 2023 में हाईवे का निर्माण पूरा हो सका। इसके बाद बरेली से फरीदपुर तक आवागमन की तस्वीर बदलने लगी।

नकटिया, मोहनपुर और रजऊ के बाद फरीदपुर तक सड़क के दोनों ओर विकास की गतिविधियां बढ़ी हैं। कभी कृषि और छोटे बाजारों तक सीमित रहने वाले इस क्षेत्र में अब विश्वविद्यालय, तकनीकी कॉलेज, मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, होटल और रेस्तरां जैसे संस्थान खुल चुके हैं। रजऊ से फरीदपुर और गौसगंज सराय तक एग्रो-प्रोसेसिंग इकाइयां, वेयरहाउस, ऑटोमोबाइल शोरूम और आवासीय कॉलोनियां आकार ले रही हैं। बेहतर कनेक्टिविटी के चलते जमीनों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। फरीदपुर अब बरेली के आर्थिक विस्तार के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है।

लखनऊ-सीतापुर का सफर भी हुआ आसान

फोरलेन बनने से पहले बरेली से लखनऊ और सीतापुर की राह आसान नहीं थी। संकरी सड़क, गड्ढों और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण कई जगह यातायात की रफ्तार थम जाती थी। नकटिया, फरीदपुर और हुलासनगरा में जाम लगना आम बात थी। थोड़ी दूरी तय करने में भी यात्रियों को घंटों लग जाते थे। सड़क चौड़ी होने के बाद वाहनों की आवाजाही सुगम हुई है और यात्रियों को पहले के मुकाबले काफी राहत मिली है।

अब सिक्सलेन की तैयारी, डीपीआर बनाने की प्रक्रिया शुरू

फोरलेन के बाद अब एनएचएआई रजऊ परसपुर से फरीदपुर होते हुए सीतापुर तक हाईवे को सिक्सलेन करने की तैयारी में है। पिछले तीन वर्षों में इस मार्ग पर प्रतिदिन 35 से 40 हजार वाहनों का दबाव बढ़ने की जानकारी सामने आई है। इसी को देखते हुए मंडलायुक्त की समीक्षा बैठक के बाद एनएचएआई डीपीआर तैयार कराने के लिए कंसल्टेंट एजेंसी के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है। मुरादाबाद-बरेली और सीतापुर-लखनऊ खंड के सिक्सलेन प्रोजेक्ट के बीच रजऊ-फरीदपुर कॉरिडोर का चौड़ीकरण यातायात और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

उद्यमियों को मिली सहूलियत, अब सिक्सलेन से और उम्मीदें

दो लेन सड़क और जाम के दौर में लोग रात में इस मार्ग पर निकलने से कतराते थे। फोरलेन हाईवे ने उद्यमियों के कारोबार को नई जान दी है। हालांकि सड़क की ऊंचाई अधिक होने से किनारे स्थित उद्योग और प्रतिष्ठान नीचे रह गए हैं। ऐसे में वाहनों के प्रतिष्ठानों में प्रवेश के दौरान पलटने का खतरा बना रहता है।- गुरप्रीत सिंह, अध्यक्ष, फरीदपुर इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन
सिक्सलेन होने से दिल्ली-लखनऊ और उत्तराखंड की ओर जाने वाले भारी वाहनों को सुगम मार्ग मिलेगा। इससे शहर के अंदरूनी रास्तों पर जाम का दबाव कम होगा। परसाखेड़ा, फरीदपुर और भोजीपुरा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों से माल ढुलाई तेज और सस्ती हो सकेगी। इससे नए उद्योग, लॉजिस्टिक्स हब और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। - इंजी. प्रदीप कुमार, उद्यमी
फोरलेन बनने के बाद वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में बड़ा उछाल आया है। पहले संकरी सड़क पर ट्रकों की आवाजाही में काफी समय बर्बाद होता था। दिल्ली से लखनऊ तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से नई इकाइयां लग रही हैं और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है। सिक्सलेन की तैयारी से फरीदपुर के एग्रो उद्योगों को बड़ा बाजार मिलने की उम्मीद है।- एसबी सिंघल, उद्यमी
फोरलेन हाईवे ने बरेली से रजऊ और फरीदपुर तक यातायात सुगम बनाकर क्षेत्रीय विकास को नई गति दी है। बढ़ते वाहन दबाव को देखते हुए एनएचएआई इस कॉरिडोर को सिक्सलेन करने के लिए डीपीआर बनाने की प्रक्रिया में जुटा है। इससे सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।                 - अभय भूषण, पीडी, एनएचएआई
ये भी पढ़ें-वैज्ञानिक तरीके से मुर्गी पालन कर आय बढ़ाएं किसान, जानें नए तरीके 

संबंधित समाचार