UP ODOA Scheme: ODOP की तर्ज पर यूपी में शुरू होगी ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ पहल, हर जिले की कला को मिलेगी पहचान

योगी बोले- एआई और डिजिटल तकनीक से दुनिया तक पहुंचाएं अपनी कला, लेकिन सांस्कृतिक जड़ों से न टूटें

उत्तर प्रदेश में ओडीओपी की तर्ज पर ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ पहल को बढ़ावा मिलेगा। सीएम योगी ने हर जिले की कला को मंच देने, कलाकारों को प्रोत्साहित करने और संगीत नाटक अकादमी के रिक्त पद भरने के निर्देश दिए।

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को एलान किया कि उत्तर प्रदेश में अब हर जिले की विशिष्ट कला को पहचान और बाजार देने के लिए ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट’ योजना को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह ओडीओपी ने प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई है, उसी तर्ज पर हर जिले की विशिष्ट कला को मंच दिया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को गोमती नगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह ‘धरोहर’ में यह आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को मिटाने के तमाम प्रयास हुए, लेकिन हमारी लोक परंपराओं और कलाओं ने सांस्कृतिक आत्मा को जीवित रखा। आजादी के बाद अनेक लोक कलाएं और वाद्ययंत्र उपेक्षित रहे। सांस्कृतिक विरासत की उपेक्षा केवल कला के खत्म होने का सवाल नहीं, बल्कि पहचान के महत्वपूर्ण अध्यायों के मिटने का भी विषय है। उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के साथ पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर के योगदान को याद किया। ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोक कलाओं को भी सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन समेत कला एवं संस्कृति से जुड़ी कई हस्तियां उपस्थित रहीं।

एआई अपनाएं, जड़ों से न टूटें

युवा कलाकारों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे डिजिटल तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग कर नए प्रयोग करें और अपनी कला को दुनिया तक पहुंचाएं, लेकिन अपनी माटी की सुगंध, लोकधुन, गुरु की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को न भूलें। उन्होंने कहा कि तकनीक जीवन को सहज बनाने का माध्यम है, सांस्कृतिक संबंधों को तोड़ने का नहीं। योगी ने कहा कि प्रदेश में काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज क्षेत्र के सांस्कृतिक केंद्रों को पुनर्स्थापित किया जा रहा है। दीपोत्सव और देव दीपावली जैसे आयोजन भी प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच दे रहे हैं।

अकादमी के खाली पद तत्काल भरने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी में मानव संसाधन की कमी को तत्काल दूर करने का निर्देश अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को दिया। उन्होंने कहा कि चयन के लिए बोर्ड या कमेटी गठित की जाए और जरूरत पड़े तो उम्र में छूट भी दी जाए, लेकिन पद खाली नहीं रहने चाहिए।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाएं

• वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट को प्राथमिकता

• हर जिले की विशिष्ट कला को मंच

• अकादमी के रिक्त पद तत्काल भरने के निर्देश

• जरूरत पर चयन में उम्र सीमा में छूट

• कलाकारों को तकनीक और एआई से जोड़ने पर जोर

• संगीत नाटक अकादमी के पुरस्कारों की राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी

यह भी पढ़ेंः Barabanki News : दौड़, कबड्डी और कुश्ती में बच्चों ने दिखाया दम, बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज, डीएम ने किया शुभारंभ

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.