Bhimtal Museum: लोक परंपराओं का खजाना है भीमताल का ये संग्रहालय

पांच एकड़ में फैला लोक संस्कृति संग्रहालय समेटे है प्रागैतिहासिक काल से लेकर उत्तराखंड के पारंपरिक जनजीवन तक की अनमोल धरोहर, निजी प्रयासों से खड़ा किया गया यह संग्रहालय अब आर्थिक मदद का मोहताज

भीमताल का लोक संस्कृति संग्रहालय 700 प्राचीन औजारों, 400 शैलचित्र प्रतिकृतियों और करोड़ों साल पुराने जीवाश्मों का अनमोल खजाना है। जानिए चित्रकार यशोधर मठपाल के इस अनूठे प्रयास की कहानी और क्यों इसे सरकारी मदद की जरूरत है।

वरिष्ठ चित्रकार यशोधर मठपाल से पहली मुलाकात 1995-96 में हुई थी, जब उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादेमी द्वारा अल्मोड़ा में अखिल भारतीय चित्रकला शिविर का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में भाग लेने के लिए तब पहली बार मेरा अल्मोड़ा जाना हो पाया था। मठपाल जी को अकादमी ने उस कलाकार शिविर का संयोजक बनाया था। उनसे मिलने के बाद जानकारी मिली कि वे कला एवं शिल्प महाविद्यालय, लखनऊ के पूर्व छात्र हैं और चित्र-सृजन के साथ-साथ पुरात, खासकर गुफा चित्रों के ख्यात अध्येता हैं।

कलाकार शिविर के दौरान ही यह तय हुआ कि एक दिन उत्तराखंड के गुफा चित्रों को देखने जाने का कार्यक्रम बनाया जाएगा। मठपाल जी के मार्गदर्शन में हम सभी कलाकार साथी जागेश्वर भ्रमण तथा गोरखा उडयार के गुफा चित्रों को देखने पहुंचे थे। किसी गुफा चित्र को इतने नजदीक से देखने का यह मेरा पहला अवसर था। विदित हो कि गोरखा उडयार के वे गुफा चित्र जिस स्थान पर हैं, वहां तक पहुंचना बहुत आसान नहीं है। साथ ही, चित्रों को देखने के क्रम में जरा-सी भी चूक हुई नहीं कि आप सैकड़ों फीट नीचे गहरी खाई में जा सकते थे। उसी दौरान यह जानकारी भी मिली कि मठपाल जी ने भीमताल में लोक संस्कृति संग्रहालय स्थापित कर रखा है।

तब सोचा था कि किसी दिन भीमताल जाकर उनके संग्रहालय को देखा जाए। किन्तु दिन यूं ही गुजरते रहे और भीमताल जाना नहीं हो पाया। इस बीच, फरवरी 2023 में उस अखबार की नौकरी से मेरी सेवानिवृत्ति भी हो गई, जहां 1994 से लगातार कार्यरत था। अब कला लेखन, जो पहले कभी-कभार वाली स्थिति में था, नियमित हो चला और तो और, 2014 के बाद से कुछ ऐसी स्थितियां बनीं कि आधुनिक कला के साथ-साथ कला इतिहास, पुरातत्व और लोक कलाओं के अध्ययन के प्रति मेरा रुझान बढ़ता चला गया। ऐसे में भीमताल जाने की इच्छा और अधिक बलवती हो चली थी, किन्तु संयोग नहीं बन रहा था।

ऐसे में पिछले दिनों अमृत विचार हिंदी दैनिक के समूह संपादक राजेश श्रीनेत जी के साथ भीमताल जाने का कार्यक्रम बन गया। हालांकि इस अचानक तय हुए कार्यक्रम के पीछे अखबार के सीईओ पार्थो कुनार जी का विशेष आग्रह था। इस प्रस्ताव ने भीमताल की उस यात्रा को संभव बना दिया, जिसकी इच्छा वर्षों से मन में पल रही थी। आखिरकार, मठपाल जी से मिलने और उनके संग्रहालय को देखने का संयोग बन ही गया।

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में भीमताल के निकट खुटानी स्थित लोक संस्कृति संग्रहालय भारतीय लोक संस्कृति, पुरातत्त्व और प्रागैतिहासिक कला के संरक्षण की दृष्टि से एक विशिष्ट संस्थान है। वर्ष 1983 में प्रख्यात चित्रकार, पुरातत्त्वविद् एवं शैलचित्र अध्येता यशोधर मठपाल जी ने इसकी स्थापना की थी। लगभग पाँच एकड़ में विस्तृत इस परिसर की सबसे खास बात यह है कि इसका निर्माण किसी सरकारी योजना अथवा बड़े संस्थागत अनुदान के माध्यम से नहीं हुआ, बल्कि एक कलाकार और शोधकर्ता की व्यक्तिगत रुचि, वर्षों के अध्ययन, संग्रह और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।

संग्रहालय की स्थापना के पीछे मठपाल जी का उद्देश्य केवल प्राचीन वस्तुओं को एकत्र करना नहीं था। वे उत्तराखंड की स्थानीय संस्कृति को संरक्षित करने के साथ-साथ उसकी मौखिक एवं लिखित परंपराओं के प्रलेखन और लुप्त होती लोक कलाओं तथा शिल्प परंपराओं को पहचान एवं प्रोत्साहन भी देना चाहते थे। इस दृष्टि से यह संग्रहालय पुरातात्त्विक सामग्री, लोक कला, सामाजिक एवं सांस्कृतिक जीवन से जुड़ी वस्तुओं और शैलचित्रों के अध्ययन का एक महत्त्वपूर्ण केंद्र बन गया है। संग्रहालय में इन सबके साथ मठपाल जी की अपनी कलाकृतियों का भी एक बड़ा निजी संग्रह है। उनके लगभग 750 चित्र यहाँ संगृहीत हैं, जिनमें अधिकांश जलरंग माध्यम में निर्मित हैं। इस तरह यह संग्रहालय उनके कला-सृजन और जीवन भर के शोध एवं संग्रह कार्यों का भी एक दस्तावेज है।

संग्रहालय का पुरातात्विक संग्रह

इस संग्रहालय का एक महत्त्वपूर्ण आकर्षण इसका प्रागैतिहासिक एवं पुरातात्त्विक संग्रह है। यहाँ लगभग 700 पाषाणकालीन उपकरण संरक्षित हैं। इन उपकरणों का संबंध मानव सभ्यता के आरंभिक चरणों से है। इनके माध्यम से आदिमानव के जीवन, उसके औजार बनाने के कौशल और प्रकृति के साथ उसके संबंधों को समझा जा सकता है। संग्रहालय में लगभग 15 करोड़ वर्ष पुराने समुद्री जीवों के जीवाश्म (फॉसिल्स), अमोनाइट तथा वनस्पतियों के दुर्लभ जीवाश्म भी रखे गए हैं। ये जीवाश्म उस भूगर्भीय इतिहास की ओर संकेत करते हैं, जब हिमालय का वर्तमान भूगोल अस्तित्व में नहीं आया था और इस क्षेत्र का भूवैज्ञानिक स्वरूप आज से बिल्कुल अलग था।

इसके अतिरिक्त यहाँ प्राचीन ईंटें, मिट्टी के बर्तन, सिक्के, स्मारक शिलाएं, ताम्र एवं अन्य धातुओं की वस्तुएं तथा विभिन्न ऐतिहासिक कालखंडों से संबंधित पुरावशेष भी संग्रहित हैं। कुमाऊँ क्षेत्र के कत्यूरी और चंद शासकों के समय से संबंधित पुरावशेष इस संग्रह को क्षेत्रीय इतिहास की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण बनाते हैं। इतना ही नहीं, प्राचीन पांडुलिपियाँ, धार्मिक ग्रंथ और चित्रित लघु पुस्तकें भी यहाँ के संग्रह का हिस्सा हैं। इस सामग्री के अध्ययन से उत्तराखंड की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के विभिन्न पक्षों को समझने का अवसर मिलता है।

शैलचित्र और प्रागैतिहासिक कला दीर्घा

डॉ. यशोधर मठपाल की पहचान विशेष रूप से शैलचित्रों के अध्येता के रूप में रही है। मध्य प्रदेश के भीमबेटका शैलाश्रयों पर उनका शोध भारतीय प्रागैतिहासिक कला के अध्ययन में महत्त्वपूर्ण स्थान रखता है। उन्होंने भारत के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित लगभग 400 गुफाओं और शैलाश्रयों के चित्रों का अध्ययन एवं प्रलेखन किया है। इस क्रम में उत्तराखंड के कुमाऊँ क्षेत्र के अतिरिक्त विंध्य और कैमूर पर्वतमाला तथा दक्षिण भारत के शैलचित्र भी उनके अध्ययन का हिस्सा रहे हैं।

इसी शोध कार्य का प्रतिबिंब संग्रहालय की कला दीर्घा में दिखाई देता है। यहाँ विभिन्न शैलाश्रयों के चित्रों की जलरंग माध्यम में बनाई गई प्रतिकृतियाँ प्रदर्शित हैं। संग्रहालय में लगभग 400 गुफा चित्रों की प्रतिकृतियां हैं। इन प्रतिकृतियों का महत्त्व इसलिए भी है कि इनके माध्यम से दर्शक उन शैलचित्रों को समझ सकते हैं, जो प्राकृतिक गुफाओं और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित हैं। चित्रों की मूल आकृतियों, रंगों और संरचना को यथासंभव सुरक्षित रखते हुए उनका पुनर्निर्माण करना मठपाल जी की विशेष कार्यपद्धति रही है।

कुछ गुफा चित्रों की अनुकृतियां मूल आकार में बनाई गई हैं, जिनमें कुछ का आकार 14 गुणे 5 फीट तक है। वहीं, कुछ अन्य अनुरेखित आकृतियाँ पाषाण धरातल पर उकेरी गई हैं। इन गुफा चित्रों की अनुकृतियाँ तैयार करने के लिए फोटोग्राफ का सहारा लेने के बजाय मठपाल जी ने संबंधित स्थानों पर बैठकर ही चित्र बनाने का कार्य किया। यहाँ तक कि इन अनुकृतियों में उन्हीं प्राकृतिक और जैविक रंगों का प्रयोग किया गया है, जिनका इस्तेमाल हमारे आदिम पुरखों ने किया होगा। जिन शोधार्थियों को उस दौर में प्रयुक्त रंगों के बारे में जानने की जिज्ञासा हो, उनके लिए उन रंगों के नमूने भी यहाँ रखे गए हैं।

लोक कला, काष्ठ शिल्प और पारंपरिक जीवन

संग्रहालय का दूसरा महत्त्वपूर्ण पक्ष उत्तराखंड के लोकजीवन और पारंपरिक शिल्प से संबंधित है। यहां पुराने पहाड़ी घरों से प्राप्त नक्काशीदार काष्ठ पट्टिकाएं, दरवाजों के चौखट, घरेलू उपयोग की लकड़ी की वस्तुएं तथा विभिन्न प्रकार के पारंपरिक उपकरण प्रदर्शित हैं। डॉ. मठपाल ने वर्षों तक उत्तराखंड के पुराने मकानों की लकड़ी की नक्काशी का अध्ययन और प्रलेखन किया। इस संग्रह के माध्यम से पहाड़ी स्थापत्य में प्रयुक्त सजावटी रूपांकनों और स्थानीय शिल्पकारों की कलात्मक दक्षता को समझा जा सकता है।

लोक चित्रकला के अंतर्गत ऐपण, चौकी, थापा, पट्टा, बरबूंद और मुवाली जैसी स्थानीय चित्र परंपराओं के उदाहरण देखने को मिलते हैं। धार्मिक एवं अनुष्ठानिक अवसरों पर बनाई जाने वाली मिट्टी की प्रतिमाएं, जिन्हें डिकार कहा जाता है, भी संग्रह का हिस्सा हैं। इन कलाओं में स्थानीय धार्मिक विश्वास, प्रकृति, देवी-देवताओं की उपस्थिति और सामाजिक जीवन के उत्सवधर्मी पक्ष अभिव्यक्त होते हैं। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड के विभिन्न समुदायों की पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, घरेलू बर्तन, भंडारण पात्र, तराजू और मापने के उपकरण भी संग्रहालय में सुरक्षित हैं।

सामाजिक एवं जनजातीय जीवन का दस्तावेज

संग्रहालय में कृषि उपकरण, पारंपरिक चूल्हों से संबंधित वस्तुएं, आग जलाने के पुराने उपकरण, लौकी से बने पात्र, पीतल, कांसे और मिश्रित धातुओं के रसोई बर्तन तथा घरेलू उपयोग की दूसरी वस्तुएं भी संगृहीत हैं। इन वस्तुओं के माध्यम से पहाड़ी समाज की जीवनशैली, उसकी आवश्यकताओं और स्थानीय संसाधनों पर आधारित अर्थव्यवस्था का परिचय मिलता है।

जनजातीय एवं ग्रामीण जीवन को प्रस्तुत करने के लिए यहाँ विभिन्न समुदायों की जीवनशैली से संबंधित सामग्री, मानवाकृतियाँ, आवासों के नमूने और दृश्य संयोजन भी तैयार किए गए हैं। पुराने विवरणों में थारू, बोक्सा तथा अन्य समुदायों की जीवनशैली और शिल्प परंपराओं का उल्लेख मिलता है। कृषि, पशुपालन, भोजन, वस्त्र और घरेलू व्यवस्था से संबंधित ये प्रदर्शन संग्रहालय को केवल वस्तुओं का भंडार नहीं रहने देते, बल्कि सामाजिक इतिहास के अध्ययन का माध्यम बनाते हैं।

वर्तमान स्वरूप और प्रासंगिकता

लोक संस्कृति संग्रहालय की विशेषता यह भी है कि यहाँ पुरातत्त्व, लोक कला, प्रकृति और सामाजिक जीवन को अलग-अलग विषयों के रूप में देखने के बजाय उनके पारस्परिक संबंधों के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। डॉ. मठपाल के अपने जलरंग चित्रों में भी उत्तराखंड के प्राकृतिक परिवेश, लोकजीवन, सांस्कृतिक परंपराओं और शैलचित्रों का विस्तृत संसार दिखाई देता है। इस तरह संग्रहालय की कला दीर्घा उनके व्यक्तिगत कला-सृजन और शोध कार्य, दोनों का परिचय देती है।

इस संग्रहालय के भविष्य और सार्वजनिक उपयोगिता की दृष्टि से वर्ष 2026 का एक महत्त्वपूर्ण घटनाक्रम भी उल्लेखनीय है। इंडिया फाउंडेशन फॉर द आर्ट्स ने संग्रहालय के साथ मिलकर अपने आर्काइव्स एंड म्यूजियम्स कार्यक्रम के अंतर्गत रचनात्मक एवं शोधपरक परियोजनाओं के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए थे। इसका उद्देश्य संग्रहालय के संग्रह को नए शोध, रचनात्मक प्रस्तुतियों और सार्वजनिक संवाद से जोड़ना था। यह पहल इस बात का संकेत है कि संग्रहालय को केवल अतीत की वस्तुओं के संरक्षण तक सीमित न रखकर समकालीन शोध और सांस्कृतिक विमर्श का केंद्र बनाने की संभावनाएं भी मौजूद हैं।

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की भारतीय संग्रहालय निर्देशिका में भी इस लोक संस्कृति संग्रहालय का उल्लेख एक बहुउद्देशीय संग्रहालय के रूप में मिलता है।

इस प्रकार, भीमताल का लोक संस्कृति संग्रहालय डॉ. यशोधर मठपाल के दशकों के व्यक्तिगत प्रयासों एवं समर्पण का परिणाम है। इसका महत्त्व केवल इस बात में नहीं है कि यहाँ प्रागैतिहासिक काल से लेकर आधुनिक समय तक की अनेक वस्तुएं एकत्र हैं, बल्कि इस बात में भी है कि इनके माध्यम से मानव सभ्यता, स्थानीय समाज, लोक विश्वास, कला और प्रकृति के बीच विकसित हुए संबंधों को समझने का अवसर मिलता है। भारतीय संग्रहालय परंपरा में यह एक ऐसे निजी सांस्कृतिक प्रयास का अनूठा उदाहरण है, जहाँ एक कलाकार और शोधकर्ता ने अपने जीवन के अनुभवों तथा अध्ययन को सार्वजनिक सांस्कृतिक विरासत में बदलने का प्रयास किया है।

आज के दौर में जहाँ अधिकांश लोग अपने और अपने परिजनों के लिए धन एवं संसाधन एकत्र करने में अपना जीवन खपा देते हैं, वहीं यशोधर मठपाल जी ऐसे विरले उदाहरण हैं, जिन्होंने अपना सर्वस्व समाज और संस्कृति के लिए समर्पित कर दिया है। अपनी बातचीत में वे बताते हैं कि एक बार कपिला वात्स्यायन जी ने जब उनके लगभग सौ चित्रों की कीमत जाननी चाही, तब उन्होंने संकोचवश उनकी कीमत मात्र एक लाख रुपये बताई। उसी पैसे से इस म्यूजियम के आरंभ की कहानी शुरू हुई।

दरअसल यह परिसर सिर्फ एक अद्वितीय किस्म का संग्रहालय ही नहीं एक वरिष्ठ कलाकार और पुरातत्वविद की तपस्थली भी है I चित्र सृजन के प्रति उनकी निष्ठां को इस बात से भी समझा जा सकता है कि जिस समय हमलोग वहां पहुंचे, लगभग दिन के दस बज रहे थे I पता चला कि वे अपने कमरे की खिड़की के पास बैठकर दृश्य चित्र बना रहे थे I लगभग 88 वर्ष की उम्र तक जिस चित्रकार ने सैकड़ों दृश्य चित्र रचे हों, और और कि उनकी यह लगन वर्तमान पीढ़ी के चित्रकारों के लिए कितना प्रेरणादायी है, कोई समझ सकता है Iइतनी महत्त्वपूर्ण उपलब्धि और सांस्कृतिक धरोहर के बावजूद इस संग्रहालय का वर्तमान और भविष्य अनिश्चितता के भंवर में दिखाई देता है। देखा जाए तो यह स्थिति बेहद चिंताजनक है Iक्योंकि इतने बड़े परिसर के देखभाल के लिए जिस तरह के आर्थिक संसाधन की आवश्यकता है, वह गिने चुने पर्यटकों से हासिल सौ दो सौ कि राशि से संभव नहीं है। ऐसे में सख्त आवश्यकता है कि राज्य तथा केंद्र सरकार के संबंधित विभाग इसके समर्थन के लिए आगे आए। साथ ही समाज के संपन्न कला एवं संस्कृति प्रेमियों की नज़रे इनायत भी इसे हासिल हो।

-सुमन कुमार सिंह, कला लेखक

यह भी पढ़ेंः India Space Mission Debris Removal: अंतरिक्ष में भी चलाएगा भारत का स्वच्छता अभियान, 2030 तक कचरा मुक्त स्पेस बनाने का लक्ष्य

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.