India Space Mission Debris Removal: अंतरिक्ष में भी चलाएगा भारत का स्वच्छता अभियान, 2030 तक कचरा मुक्त स्पेस बनाने का लक्ष्य

‘नेत्र मिशन’ के तहत एरीज और इसरो मिलकर करेंगे काम, अंतरिक्ष में बिखरे कचरे की पहचान के लिए इस्तेमाल होंगी पुरानी दूरबीनें

भारत 2030 तक अंतरिक्ष को मलबा मुक्त बनाने की तैयारी में है। नेत्र मिशन के तहत एरीज और इसरो मिलकर Space Debris की पहचान करेंगे। जानिए कैसे काम करेगा यह अभियान।

बबलू चंद्रा, नैनीताल, अमृत विचार: वर्ष 2030 तक सरकारी और निजी स्पेस मिशनों का लक्ष्य अंतरिक्ष को मलबा मुक्त बनाने का है। इस अभियान में नैनीताल स्थित आर्यभट्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ ऑब्जर्वेशनल साइंसेज (एरीज), इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (इसरो) के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मिशन में एरीज अंतरिक्ष कचरा तलाशने का कार्य करेगा। 

दरअसल, अंतरिक्ष में कचरे की समस्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। इस समस्या को दूर करने के लिए यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी और दुनिया की कई अंतरिक्ष अनुसंधान कार्य रहे हैं। इस दिशा में भारत भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है। यह समस्या कोई एक देश की नहीं बल्कि वैश्विक है। 
इस समस्या से मुक्ति के लिए भारत निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा कर लेगा। जिसे लेकर मिशन नेत्र बनाया गया है। मिशन में आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज का कार्य अंतरिक्ष में फैले कचरे की खोज करना होगा। इस काम में एरीज की पुरानी दूरबीनों को लगाया जाएगा। एरीज में इन दिनों पुरानी दूरबीनों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। 

उम्मीद है कि जल्द अंतरिक्ष मलवा तलाशने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मलबा मुक्त मिशन का उद्देश्य केवल अंतरिक्ष में मौजूद कचरे को हटाना ही नहीं, बल्कि नए मलबे के निर्माण को रोकना भी है। इस मिशन के तहत उपग्रहों और रॉकेट के अंतिम उपयोग के बाद उनका सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित करना होगा। 

इसरो ने मिशन समाप्त होने के बाद उपग्रहों को नियंत्रित तरीके से पृथ्वी के वायुमंडल में वापस लाने और धरती पर उतारने की योजना बना रहा है। इधर एरीज, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की देहरादून स्थित इंस्ट्रूमेंट्स रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट अंतरिक्ष की निगरानी क्षमता मजबूत करने का कार्य संयुक्तरूप से करेंगे।

कॉसमोसर्व भी निभाने जा रहा महत्वपूर्ण भूमिका

हैदराबाद स्थित निजी कंपनी कॉसमोसर्व स्पेस अंतरिक्ष मलबा हटाने और कक्षा में उपग्रहों की मरम्मत एवं सर्विसिंग के लिए बेस-1 का उद्घाटन पिछले सप्ताह किया था। यह भारत के आसमान में सक्रिय अंतरिक्ष मलबा हटाने की तकनीक विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करेगा।

एरीज करेगा मलबा डिटेक्ट

एरीज निदेशक डॉ. मनीष नाजा ने बताया कि नेत्र मिशन के तहत एरीज अंतरिक्ष मलबा साफ करने को लेकर अहम भूमिका निभाने जा रहा है। एरीज मलबे की पहचान करेगा। इसके लिए एरीज की पुरानी दूरबीनों को उपयोग में लाया जाएगा। मलबा डिटेक्ट करने का कार्य जल्द शुरू करने की योजना है।

यह भी पढ़ेंः Microsoft Server Down: माइक्रोसॉफ्ट की Outlook और 365 सर्विस ठप, दुनियाभर के यूजर्स परेशान; एक लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.