AYUSH Sector Economic Contribution: आयुष सेक्टर की रफ्तार तेज, 2047 तक 318 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अभी करीब 36.92 अरब डॉलर का आर्थिक योगदान, 17.6 लाख लोगों की आजीविका का आधार; आयुर्वेद की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा

RIS की रिपोर्ट के अनुसार आयुष सेवा क्षेत्र का आर्थिक योगदान 2024-25 में करीब 36.92 अरब डॉलर रहने का अनुमान है। 2047 तक इसके 216 से 318 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

नई दिल्ली। आयुष सेवा क्षेत्र देश के तेजी से विस्तार कर रहे सेवा क्षेत्रों में शामिल हो गया है। रिसर्च एंड इन्फॉर्मेशन सिस्टम फॉर डेवलपिंग कंट्रीज (RIS) की एक अध्ययन रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में आयुष क्षेत्र का आर्थिक योगदान करीब 36.92 अरब अमेरिकी डॉलर रहने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मौजूदा रफ्तार जारी रहने पर वर्ष 2047 तक यह क्षेत्र 216 से 318 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2022-23 के बाद से आयुष क्षेत्र में 16.91 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। यह क्षेत्र प्रत्यक्ष रूप से करीब 17.6 लाख लोगों की आजीविका का आधार बना हुआ है।

चिकित्सा मूल्य यात्रा से 1.77 अरब डॉलर का राजस्व

नागपुर में 23 सितंबर को 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जारी अध्ययन के मुताबिक, आयुष क्षेत्र ने वित्त वर्ष 2024-25 में चिकित्सा मूल्य यात्रा (MVT) से करीब 1.77 अरब डॉलर का राजस्व अर्जित किया।

केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा कि अध्ययन के निष्कर्ष आयुष क्षेत्र की बढ़ती आर्थिक क्षमता को सामने रखते हैं। उनके मुताबिक, आयुष अब केवल सांस्कृतिक विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य, वेलनेस, रोजगार और वैश्विक आर्थिक गतिविधियों में भी इसकी भूमिका बढ़ रही है।

पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर हुआ सर्वेक्षण

आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि यह अध्ययन भविष्य में निवेश, नीतिगत योजना और सुधारों के लिए महत्वपूर्ण आधार उपलब्ध कराता है। उन्होंने बताया कि पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठान-आधारित सर्वेक्षण के जरिये आयुष सेवाओं के आर्थिक योगदान का आकलन किया गया है।

RIS के महानिदेशक प्रोफेसर सचिन कुमार शर्मा के अनुसार, अध्ययन के लिए सभी छह आयुष प्रणालियों से जुड़े 15,914 प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि करीब 17 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि और 17.6 लाख लोगों को रोजगार का समर्थन देने वाला आयुष क्षेत्र अब अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण ज्ञान आधारित सेवा क्षेत्र बन रहा है।

आयुर्वेद की हिस्सेदारी सबसे बड़ी

रिपोर्ट के मुताबिक, आयुष की विभिन्न प्रणालियों में आयुर्वेद सबसे बड़ा क्षेत्र रहा। वित्त वर्ष 2024-25 में आयुर्वेद से करीब 17.73 अरब डॉलर का राजस्व प्राप्त हुआ, जो आयुष क्षेत्र के कुल राजस्व का लगभग 48 प्रतिशत है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि आयुष क्षेत्र के कुल कार्यबल में महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 43 प्रतिशत है।

यह भी पढ़ेंः Bank Strike: अगले हफ्ते सिर्फ 2 दिन खुलेंगे बैंक, लगातार 5 दिन प्रभावित रहेंगी सेवाएं; जानें कब-कब रहेगी छुट्टी

संबंधित समाचार