वोटर लिस्ट में नाम छूटा तो अब घर पहुंचेगा BLO! पहली बार वोटरों के लिए चुनाव आयोग का विशेष अभियान
मौजूदा और प्री-SIR सूची का होगा मिलान, योग्य पाए जाने पर Form-6 से कराया जाएगा नामांकन
चुनाव आयोग ने SIR पूरी कर चुके राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची से छूटे लोगों और पहली बार वोट देने वाले युवाओं के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। BLO घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं की पहचान करेंगे और Form-6 के जरिए नाम जुड़वाने में मदद करेंगे।
नई दिल्ली। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूट गए लोगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के लिए चुनाव आयोग अलर्ट हो गया है। लोगों को चुनावी सूची में शामिल करने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने उन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) को यह अभियान चलाने को कहा है, जहां विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
आयोग के निर्देश के मुताबिक, इस अभियान का फोकस ऐसे मतदाताओं पर रहेगा जो मतदाता सूची से छूट गए हैं। पहली बार वोट देने के योग्य हैं या युवा मतदाता हैं। आयोग ने ये भी स्पष्ट किया है कि मतदाता पंजीकरण लगातार चलने वाली प्रक्रिया है और पात्र व्यक्ति नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पहले की और मौजूदा वोटर लिस्ट का होगा मिलान
आयोग के मुताबिक, SIR के एन्यूमरेशन चरण में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची तैयार की थी। इसमें नाम शामिल नहीं होने के संभावित कारण भी दर्ज किए गए थे। इन सूचियों को संबंधित पंचायत भवनों और शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करने के साथ बूथ लेवल एजेंटों (BLA) और राजनीतिक दलों के साथ साझा किया गया तथा CEO की वेबसाइटों पर भी अपलोड किया गया।
इसके बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई। दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी हुई। आयोग ने बताया कि अंतिम सूची में ड्राफ्ट प्रकाशित होने के बाद जोड़े या हटाए गए नाम भी शामिल हैं।
घर-घर पहुंचेंगे BLO, योग्य लोगों की करेंगे पहचान
विशेष अभियान के तहत BLO मौजूदा मतदाता सूची की तुलना प्री-SIR सूची से करेंगे। इस दौरान उन लोगों की सूची तैयार की जाएगी, जिनका नाम पिछली सूची में था, लेकिन मौजूदा सूची में नहीं है।
इसके बाद BLO घर-घर जाकर इन मतदाताओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाएंगे। पात्र पाए जाने पर उनके नाम Form-6 के जरिए मतदाता सूची में शामिल कराने में मदद की जाएगी।
BLO को प्रत्येक सप्ताह कम से कम 20 से 25 मतदाताओं को कवर करने का निर्देश दिया गया है, ताकि यह प्रक्रिया करीब एक महीने में पूरी की जा सके। हर पहचाने गए मतदाता की वर्तमान स्थिति दर्ज करने के साथ यह भी रिकॉर्ड किया जाएगा कि किन लोगों के लिए Form-6 भरा गया है।
पहली बार वोटरों और युवाओं को भी जोड़ा जाएगा
घर-घर सत्यापन के दौरान BLO ऐसे छूटे हुए लोगों की भी पहचान करेंगे जो पंजीकरण के लिए पात्र हैं। पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाताओं को भी नामांकन में मदद दी जाएगी।
आयोग ने इस प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए बूथ लेवल कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के लिए विशेष शिविर लगाए जा सकते हैं।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी साझा होगी सूची
BLO द्वारा तैयार सूची संबंधित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के BLO के साथ साझा की जाएगी। इसके अलावा BLO भरे गए Form-6 और फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट संबंधित Electoral Registration Officer (ERO) को सौंपेंगे।
ERO इन मामलों की जांच के बाद जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 और मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के तहत आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
प्रक्रिया पूरी होने के बाद ERO बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा करेंगे, ताकि यदि कोई पात्र मतदाता अभी भी छूट गया हो तो उसकी पहचान कर नाम जुड़वाने का अवसर मिल सके।
कॉलेजों और स्थानीय कार्यक्रमों से भी चलेगा जागरूकता अभियान
आयोग ने CEO, जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और ERO को शिक्षण संस्थानों, स्थानीय आउटरीच कार्यक्रमों, SVEEP गतिविधियों, नियमित प्रेस ब्रीफिंग और अन्य माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाने को कहा है।
इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के अवसर और प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।
आयोग ने विशेष अभियान की प्रगति की नियमित निगरानी और CEO, DEO तथा ERO स्तर पर इसकी समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं। संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और इसे सभी पात्र नागरिकों तक पहुंचाने के लिए जरूरी निर्देश जारी करने को कहा गया है।
यह भी पढ़ेंः UP BJP: अनुसूचित मोर्चा में बड़ा फेरबदल, 43 पदाधिकारियों की नई टीम घोषित; 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री को जिम्मेदारी
