Diwali Puja Muhurat 2026: दिवाली पर मां लक्ष्मी की पूजा का खास मुहूर्त कब, जानें शुभ-अशुभ समय और राहुकाल
दिवाली 2026 पर मां लक्ष्मी की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:54 बजे से 7:50 बजे तक रहेगा। जानें लक्ष्मी पूजन का सही समय, प्रदोष काल, निशिता काल और दीपावली पूजा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी।
दिवाली 2026 पर मां लक्ष्मी की पूजा के लिए शुभ मुहूर्त शाम 5:54 बजे से 7:50 बजे तक रहेगा। दीपावली के दिन प्रदोष काल शाम 5:41 बजे से रात 8:17 बजे तक रहेगा। वहीं, निशिता काल का समय रात 11:44 बजे से 12:36 बजे तक है। इस विशेष अवसर पर भक्त मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। जानिए दिवाली पर लक्ष्मी पूजन का सही समय, शुभ मुहूर्त, प्रदोष काल, निशिता काल और पूजा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी। साथ ही जानें दीपावली के दिन कौन-सा समय पूजा के लिए सबसे उत्तम माना गया है।
दिल्ली। देशभर में दिवाली कल यानि 8 नवंबर रविवार को मनाई जायेगी। वही दिवाली की तैयारियों को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। घर-आंगन को दीपों से सजाने और मां लक्ष्मी-भगवान गणेश की पूजा की तैयारियों के बीच शुभ मुहूर्त जानना भी जरूरी है। हिंदू धर्म में पंचांग का विशेष महत्व है। किसी भी शुभ कार्य, पूजा-पाठ, यात्रा या नए काम की शुरुआत से पहले तिथि, नक्षत्र, योग और शुभ-अशुभ समय देखा जाता है। आइए जानते हैं दीपावली के दिन का पंचांग, लक्ष्मी पूजन का मुहूर्त और राहुकाल समेत दिनभर के महत्वपूर्ण समय।
शाम 5:54 से 7:50 बजे तक लक्ष्मी पूजन का शुभ मुहूर्त
हिंदू धर्म में पंचांग का काफी महत्व होता है। कोई शुभ काम, यात्रा, निवेश या पूजा-पाठ करने से पहले पंचांग जरूर देखा जाता है। पंचांग हिंदू काल-गणना की एक पद्धति है, जो सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति पर आधारित है। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि शनिवार को सुबह 10:48 बजे से शुरू होकर अगले दिन रविवार को सुबह 11:28 बजे तक रहेगी। इसके बाद कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि शुरू हो जाएगी, जो 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे तक रहेगी। रविवार को सुबह 6:40 बजे सूर्योदय और शाम 5:41 बजे सूर्यास्त होगा। वहीं, सुबह 5:34 बजे चंद्रोदय और शाम 4:54 बजे चंद्रास्त होगा।
दीपावली पर मां लक्ष्मी की पूजा की शुभ मुहूर्त शाम 5:54 बजे से 7:50 बजे तक रहेगा। प्रदोष काल शाम 5:41 बजे से रात 8:17 बजे तक रहेगा। निशिता काल (रात्रि पूजा) रात 11:44 बजे से मध्य रात्रि 12:36 बजे तक रहेगा। ऑफिस में पूजा के मुहूर्त की बात करें तो दोपहर 1:26 बजे से 2:54 बजे तक ऑफिस में पूजा करना शुभ रहेगा।
अभिजीत मुहूर्त और अमृतकाल भी रहेंगे खास
इस दिन अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:48 बजे से दोपहर 12:32 बजे तक रहेगा। यह दिन का सबसे शुभ और फलदायी समय माना जाता है। आमतौर पर यह लगभग 48 मिनट (या दिनमान के अनुसार गणना किया गया आठवां मुहूर्त) होता है। माना जाता है कि इस मुहूर्त में किए गए कार्यों से सभी प्रकार के अशुभ प्रभावों या दोषों का स्वतः नाश हो जाता है। जब सूर्य ठीक सिर के ऊपर होता है, तब अभिजीत मुहूर्त की बेला होती है।
आयुष्मान योग में मनाया जाएगा दीपों का त्योहार
ज्योतिष के अनुसार, आयुष्मान योग 27 नित्य योगों में से तीसरा नित्य योग माना जाता है। इसके स्वामी चंद्रमा (या कुछ मान्यताओं में देवगुरु बृहस्पति/शिव) माने गए हैं। रविवार तड़के 3:27 बजे आयुष्मान योग रहेगा, जो सोमवार सुबह 3:02 बजे तक रहेगा। इसके बाद सौभाग्य योग आरंभ होगा। इस योग में जन्मे जातक ऊर्जावान, सकारात्मक, शारीरिक रूप से बलवान और अच्छे स्वास्थ्य वाले होते हैं।
पंचांग के अनुसार, इस दिन सूर्य देव विशाखा नक्षत्र में रहेंगे। ज्योतिष के अनुसार, सूर्य देव के विशाखा नक्षत्र में रहने से व्यक्ति के स्वभाव, कार्यक्षेत्र और जीवन पर विशेष प्रभाव पड़ता है। इस नक्षत्र के देवता इंद्र और अग्नि हैं, जिसके कारण व्यक्ति के अंदर उच्च पद प्राप्त करने, अधिकार जमाने और जीत हासिल करने की तीव्र लालसा होती है। राजनीति, प्रशासन, कानून, प्रबंधन या किसी भी प्रतिस्पर्धी क्षेत्र में यह स्थिति व्यक्ति को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है।
राहुकाल में न करें नए काम की शुरुआत
दीपावली के दिन शुभ मुहूर्त के साथ अशुभ समय का ध्यान रखना भी जरूरी है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, राहुकाल दिन का वह समय होता है, जिसे किसी भी नए या शुभ कार्य की शुरुआत के लिए अशुभ माना जाता है। इसकी गणना सूर्योदय और सूर्यास्त के बीच के समय को आठ बराबर भागों में बांटकर की जाती है और यह हर दिन लगभग 90 मिनट का होता है। स्थान बदलने के साथ इसके समय में भी बदलाव हो जाता है। इस दौरान कोई नया काम शुरू नहीं करना चाहिए, लेकिन जो काम पहले से चल रहे हैं, उन्हें जारी रखा जा सकता है। इस दिन राहुकाल शाम 4:18 बजे से 5:41 बजे तक रहेगा।
तुला राशि में रहेंगे सूर्य और चंद्रमा
रविवार को सूर्य तुला राशि में रहेंगे। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य जब तुला राशि में प्रवेश करते हैं, तो इसे सूर्य का नीच होना या नीचस्थ होना कहा जाता है। सूर्य अग्नि तत्व का कारक है, जबकि तुला राशि वायु तत्व और शुक्र ग्रह के अधीन आती है, जो सूर्य के स्वभाव के विपरीत है। सूर्य को अहंकार, आत्मविश्वास और नेतृत्व का प्रतीक माना जाता है। तुला राशि में आने से आत्मबल या ऊर्जा थोड़ी कमजोर महसूस हो सकती है। इस स्थिति में किसी भी फैसले पर पहुंचना मुश्किल हो सकता है।
इस दिन चंद्र देव तुला राशि में विराजमान रहेंगे। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, चंद्रमा के तुला राशि में रहने या गोचर करने से व्यक्ति के स्वभाव, रिश्तों और जीवन के विभिन्न पहलुओं पर विशेष प्रभाव पड़ता है। तुला राशि के स्वामी शुक्र हैं, जो सुंदरता, प्रेम, कला और सुख-सुविधाओं के कारक हैं। तुला राशि का चंद्रमा जातक को सुंदर, आकर्षक, मिलनसार और कलाप्रेमी बनाता है। इन्हें सुंदर वातावरण, साफ-सफाई और सजने-संवरने का शौक होता है। रविवार को दिशाशूल पश्चिम दिशा में रहेगा। ज्योतिष और वास्तु शास्त्र के अनुसार, दिशाशूल उस दिशा को कहते हैं, जिसमें किसी खास दिन यात्रा करना या निकलना अशुभ माना जाता है।
रविवार का दिशाशूल और पंचांग के अन्य विवरण
दीपावली पंचांग
दिन: रविवार
पर्व: दीपावली
सूर्योदय: सुबह 6:40 बजे
सूर्यास्त: शाम 5:41 बजे
चंद्रोदय: सुबह 5:34 बजे
चंद्रास्त: शाम 4:54 बजे
लक्ष्मी पूजन मुहूर्त: शाम 5:54 से रात 7:50 बजे तक
प्रदोष काल: शाम 5:41 से रात 8:17 बजे तक
निशिता काल: रात 11:44 से मध्यरात्रि 12:36 बजे तक
ऑफिस पूजा मुहूर्त: दोपहर 1:26 से 2:54 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:48 से दोपहर 12:32 बजे तक
अमृतकाल: रात 10:01 से 11:43 बजे तक
राहुकाल: शाम 4:18 से 5:41 बजे तक
यमगंड काल: दोपहर 12:10 से 1:33 बजे तक
गुलिक काल: दोपहर 2:55 से शाम 4:18 बजे तक
दिशाशूल: पश्चिम दिशा
यमगंड काल में नए काम और यात्रा से बचें
रविवार को यमगंड काल दोपहर 12:10 बजे से 1:33 बजे तक रहेगा। ज्योतिष शास्त्र में इस समय को यमराज से संबंधित माना जाता है और नए शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए अशुभ बताया गया है। मान्यता के अनुसार, इस अवधि में नया व्यापार शुरू करने, महत्वपूर्ण यात्रा पर निकलने और पैसों के लेन-देन से बचना चाहिए।
रात 10:01 से 11:43 बजे तक रहेगा अमृतकाल
दीपावली के दिन रात 10:01 बजे से 11:43 बजे तक अमृतकाल रहेगा। पंचांग में इसे बेहद शुभ और मंगलकारी समय माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान किए गए कार्यों में सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना रहती है। नए व्यापार की शुरुआत, निवेश, पूजा-पाठ और महत्वपूर्ण कार्यों के लिए इस समय को अनुकूल माना गया है।
गुलिक काल में जानें क्या करें और क्या नहीं
रविवार को गुलिक काल दोपहर 2:55 बजे से शाम 4:18 बजे तक रहेगा। ज्योतिषीय मान्यताओं में इसे अशुभ समय माना जाता है। इस दौरान नए कार्यों की शुरुआत करने से बचने की सलाह दी जाती है। हालांकि, पहले से चल रहे काम जारी रखे जा सकते हैं। मान्यता है कि बार-बार किए जाने वाले कार्य, बैंक में धन जमा करना और दान-पुण्य जैसे काम इस अवधि में किए जा सकते हैं।
