Mary Millben Diwali Wishes: दिवाली पर अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने दी भारतवासियों को बधाई, फिर गूंजेगी उनकी गाई 'ओम जय जगदीश हरे' आरती

मैरी मिलबेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया खास संदेश, कहा- दिवाली पर उनका यादगार भजन एक बार फिर लोगों के घरों और दिलों में सुनाई देगा। जानिए चर्च से शुरू हुए उनके संगीत के सफर और भारत से खास जुड़ाव की कहानी।

अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने दिवाली पर भारतवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि उनकी गाई 'ओम जय जगदीश हरे' आरती फिर लोगों के घरों और दिलों में गूंजेगी। जानिए भारत से उनका खास जुड़ाव।

नई दिल्ली। दीपावली के मौके पर अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने भारतवासियों को खास अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि उनके द्वारा गाई गई यादगार आरती 'ओम जय जगदीश हरे' एक बार फिर दिवाली पर लोगों के घरों और दिलों में गूंजेगी। इसके साथ ही उन्होंने लोगों से इस खास पेशकश को देखने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ने की अपील की।

मैरी मिलबेन ने एक्स पर साझा किया दिवाली संदेश

मैरी मिलबेन ने अपने पोस्ट में लिखा कि रविवार को दुनियाभर में दिवाली का त्योहार मनाया जाएगा। इस खास अवसर पर पेश किया गया उनका यादगार भजन 'ओम जय जगदीश हरे' एक बार फिर लोगों के घरों और दिलों में सुनाई देगा। उनके इस संदेश के साथ ही दिवाली पर उनकी खास संगीतमय पेशकश को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

https://twitter.com/MaryMillben/status/2119058978705711596?a=NEwoQ_PQpF81F4yCKHM&s=20

चर्च में गाते हुए शुरू हुआ संगीत का सफर

अमेरिकी गायिका मैरी मिलबेन पहले भी 'ओम जय जगदीश हरे' आरती गा चुकी हैं। अपनी गायकी के जरिए उन्होंने भारत में भी खास पहचान बनाई है। संगीत से अपने जुड़ाव के बारे में उन्होंने बताया था कि इसकी शुरुआत उनके जीवन के शुरुआती दौर में ही हो गई थी।

मैरी के मुताबिक, वह एक ईसाई परिवार में धार्मिक माहौल के बीच पली-बढ़ीं। उनकी मां ने अकेले चार बच्चों की परवरिश की और करीब 20 से 30 साल तक मंत्रालय में काम किया। परिवार के लोग चर्च में गाते हुए बड़े हुए, यहीं से मैरी के भीतर संगीत के प्रति लगाव विकसित हुआ। उन्होंने बताया कि उनके संगीत की शुरुआत स्कूल से नहीं, बल्कि चर्च से हुई थी। बाद में उन्होंने कॉलेज में भी संगीत की पढ़ाई की और इसी क्षेत्र में करियर बनाया।

जॉर्ज बुश के कार्यालय में भी कर चुकी हैं काम

मैरी मिलबेन का करियर सिर्फ संगीत तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने बताया कि संगीत उनका पहला करियर विकल्प नहीं था। वह अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के कार्यालय में सबसे कम उम्र के स्टाफ सदस्यों में शामिल थीं। इसी दौरान उन्हें गाने का अवसर मिला और यहीं से उनके संगीत करियर को नई दिशा मिली।

भारत से खास जुड़ाव रखती हैं मैरी मिलबेन

भारत के प्रति अपने लगाव को लेकर मैरी मिलबेन कहती हैं कि इंसान की संस्कृति, धर्म, भाषा या देश अलग हो सकते हैं, लेकिन मानवीय मूल्य सभी को जोड़ते हैं। पड़ोसियों से प्रेम करना, उनका ख्याल रखना, परिवार के सदस्यों के प्रति स्नेह और दूसरों के प्रति दयालुता जैसे गुण इंसानों के बीच रिश्तों को मजबूत बनाते हैं।

मैरी मिलबेन वही अमेरिकी गायिका हैं, जिन्होंने जून 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान पहले भारतीय राष्ट्रगान 'जन गण मन' गाया था और फिर उनके पैर छूकर अभिवादन किया था। इस घटना के बाद भी वह भारतीयों के बीच काफी चर्चा में रही थीं।

यह भी पढ़ेंः नक्सलवाद पर जीत के बाद पहली दिवाली, बस्तर में जवानों के बीच पहुंचे PM मोदी; बोले- अब देश में कोई जिला नक्सलवाद से मुक्त होने से अछूता नहीं

About The Author: Muskan Dixit

मुस्कान दीक्षित वर्तमान में 'अमृत विचार' में बतौर रिपोर्टर/एंकर कार्यरत हैं. उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग, वीडियो एंकरिंग, न्यूज राइटिंग और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन का अनुभव है. वह देश-विदेश, उत्तर प्रदेश, धर्म, स्पोर्ट और समसामयिक विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करती हैं. उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय, भोपाल से M.A. Journalism (2023) की डिग्री पूरी की है. इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण iNEXT (बरेली) और IND24 (भोपाल) में कार्य किया. उन्होंने TV27 न्यूज़, सच एक्सप्रेस और ग्राउंड रिपोर्ट में इंटर्नशिप के दौरान मीडिया के विभिन्न क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव हासिल किया. उन्हें डिजिटल मीडिया में कंटेंट लेखन और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने का भी अनुभव है.