नक्सलवाद पर जीत के बाद पहली दिवाली, बस्तर में जवानों के बीच पहुंचे PM मोदी; बोले- अब देश में कोई जिला नक्सलवाद से मुक्त होने से अछूता नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

प्रधानमंत्री ने सुरक्षा बलों के शौर्य और बलिदान को किया नमन, कहा- 2014 के बाद बदली रणनीति और राजनीतिक इच्छाशक्ति से माओवादी आतंक की कमर टूटी। बोले- किसी मां की गोद सूनी न हो, इसी संकल्प के साथ सरकार ने काम किया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाई। नक्सलवाद पर जीत को ऐतिहासिक बताते हुए सुरक्षा बलों के शौर्य और बलिदान को नमन किया। जानें उनके संबोधन की बड़ी बातें।

बस्तर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाई। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता को देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और सुरक्षा बलों के साहस, त्याग तथा बलिदान की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि नक्सलवाद पर जीत के बाद यह पहली दिवाली है। उन्होंने जवानों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत होने पर बाहरी दुश्मन भी हावी नहीं हो सकते।

'ऐसे ही चलता रहेगा' की सोच से नहीं चलता देश

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि एक दौर ऐसा था, जब नक्सलियों के मारे जाने की तुलना में अधिक संख्या में हमारे जवान शहीद होते थे। नक्सली संगठनों के मुखिया इसका जश्न मनाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सरकारों ने नक्सलवाद को लाइलाज बीमारी मानकर स्वीकार कर लिया था कि हालात ऐसे ही चलते रहेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि कोई भी देश अपने दुश्मनों के सामने ऐसी सोच के साथ आगे नहीं बढ़ सकता। देश को आगे ले जाने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति के साथ दुश्मनों का मुकाबला करना जरूरी है। उनके मुताबिक, 2014 में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी दूर हुई और इसके बाद हालात के साथ आंकड़ों में भी बदलाव आने लगा।

सुरक्षा बलों को फैसले लेने की मिली पूरी आजादी

पीएम मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने सुरक्षा बलों के हाथ बांध रखे थे, जबकि उनकी सरकार ने जवानों को फैसले लेने की पूरी आजादी दी। वामपंथी उग्रवाद को मिलने वाले समर्थन पर भी रोक लगाने के प्रयास किए गए।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल नक्सलवाद को खत्म करना नहीं था, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी था कि किसी मां की गोद सूनी न हो और किसी युवा का भविष्य बर्बाद न हो। इसी संकल्प के साथ बिना प्रचार और दिखावे के संवेदनशीलता से काम किया गया और माओवादी आतंकवाद की कमर तोड़ी गई।

प्रधानमंत्री ने सुरक्षा बलों की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 47 साल में पहली बार ऐसा हुआ कि एक साल में सीआरपीएफ के किसी जवान को अपनी जान नहीं गंवानी पड़ी। उन्होंने इसे जवानों के शौर्य, साहस और संयम की जीत बताया। साथ ही कहा कि सफलता के लिए सही नीयत और सही नीतियां जरूरी होती हैं।

'आप सभी मेरे परिवार के सदस्य हैं'

जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दिवाली परिवारों और अपनों के साथ मिलकर त्योहार मनाने का विशेष अवसर है। देशभर और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में भारतीय यह पर्व मना रहे हैं, लेकिन वह जवानों के बीच दिवाली मनाने बस्तर पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि सीमाओं पर और देश के भीतर राष्ट्र की रक्षा करने वाले सभी जवान उनके परिवार का हिस्सा हैं। बस्तर की धरती का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कभी यहां नक्सलवाद का आतंक था, लेकिन जवानों के त्याग और समर्पण से अब इस क्षेत्र में नक्सलवाद का खतरा समाप्त हुआ है और विकास की नई धारा शुरू हुई है।

2026 की दिवाली को बताया ऐतिहासिक

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार की दिवाली बेहद खास है। दशकों से नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ जारी लड़ाई में जीत के बाद देश यह पर्व मना रहा है। उन्होंने इसे 40 से 50 साल बाद आई ऐसी दिवाली बताया और कहा कि यह पहली दिवाली है, जब देश का हर जिला नक्सलवाद से मुक्त है और करोड़ों लोगों को इसके डर से राहत मिली है।

पीएम मोदी ने इस उपलब्धि का श्रेय लाखों जवानों और सुरक्षा बलों के साहस को दिया। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया था कि वह बहादुर सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाने बस्तर जा रहे हैं। उन्होंने जवानों के बलिदान, त्याग और तपस्या को नमन करने की बात भी कही थी।

यह भी पढ़ेंः अयोध्या : भव्य दीपोत्सव के बाद बजरंगबली की शरण में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

संबंधित समाचार