WhatsApp में जल्द होंगे बड़े बदलाव : एआई, डिजिटल पेमेंट और बेहतर मैसेजिंग की तैयारी, कुणाल शाह ने बताई भविष्य की रणनीति
व्हाट्सऐप का ध्यान बातचीत को बेहतर बनाने, एआई से समय बचाने पर; निजता में बदलाव नहीं
WhatsApp के CEO कुणाल शाह ने ऐप की भविष्य की रणनीति का खुलासा किया। जल्द ही यूजर्स को AI आधारित सुविधाएं, आसान डिजिटल पेमेंट, बिल भुगतान और बेहतर मैसेजिंग अनुभव मिल सकता है। कंपनी वॉयस नोट, वीडियो और ग्रुप चैट को भी बेहतर बनाने पर काम कर रही है। हालांकि, निजी संदेश और कॉल की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सुरक्षा पहले की तरह बरकरार रहेगी।
दिल्ली। लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp अब सिर्फ संदेश भेजने और वीडियो कॉल करने तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले समय में इस ऐप पर बिल भुगतान, बुकिंग और रोजमर्रा के कई जरूरी काम भी पहले से ज्यादा आसानी से पूरे किए जा सकेंगे। इसके लिए व्हाट्सऐप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद लेगा। हालांकि, इस बदलाव के बीच कंपनी ने साफ किया है कि यूजर्स के निजी संदेश और कॉल पहले की तरह एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे। व्हाट्सएप के नए ग्लोबल हेड कुणाल शाह, जिन्होंने जून 2026 में यह जिम्मेदारी संभाली थी, ने मंगलवार को बताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल पेमेंट और बेहतर कम्युनिकेशन फीचर्स उनकी तीन मुख्य प्राथमिकताएं हैं।
शाह ने पहले चार महीने उपयोगकर्ताओं की उम्मीदों को समझने और उन क्षेत्रों की पहचान करने में बिताए, जहां मैसेजिंग सर्विस में सुधार किया जा सकता है। इसके बाद उन्होंने प्लेटफॉर्म के भविष्य के रोडमैप के बारे में बताया। वर्तमान में, दुनिया भर में व्हाट्सएप के तीन अरब से अधिक उपयोगकर्ता हैं। 'एक्स' पर एक पोस्ट में, शाह ने कहा कि कंपनी का फोकस लोगों को एक-दूसरे के करीब रहने में मदद करने और एप्लिकेशन के भीतर रोजमर्रा के कामों को आसान बनाने पर होगा। उन्होंने व्हाट्सएप को एक ऐसी 'साझा भाषा' के रूप में बताया, जिसका इस्तेमाल अरबों लोग करते हैं। यहां लोग टेक्स्ट मैसेज, वॉयस नोट, स्टिकर और वीडियो के जरिए बातचीत करते हैं।
उन्होंने कहा, "मैं व्हाट्सएप को एक ऐसी साझा भाषा की तरह देखता हूं, जिसे 3 अरब से ज्यादा लोग बोलते हैं। कभी हम शब्दों का इस्तेमाल करते हैं, तो कभी अपने माता-पिता को वॉयस नोट भेजते हैं, किसी बहस को खत्म करने के लिए स्टिकर का उपयोग करते हैं, या रात के खाने के बाद 'आज का डिनर बहुत मजेदार था' जैसा मैसेज भेजते हैं। भाषा हमारे हर काम के मूल में है। हम पत्र लिखते हैं, कहानियां सुनाते हैं, काम पूरे करते हैं और भविष्य की योजनाएं बनाते हैं। अक्सर इन सब की शुरुआत एक व्हाट्सएप चैट से ही होती है।"
शाह ने आगे कहा, "पिछले कुछ महीनों में मैंने अपने उपयोगकर्ताओं की बातें सुनीं और समझने की कोशिश की कि वे हमसे क्या चाहते हैं। मुझे जो समझ आया, वह बहुत सरल है- लोग चाहते हैं कि हम उन्हें उनके अपनों के करीब रहने में मदद करें और व्हाट्सएप पर उनके काम आसानी से पूरे हो सकें। इसलिए, हम इसी दिशा में काम करेंगे।"
इसी प्लेफार्म पर होगे कई काम
पहली प्राथमिकता बातचीत को और अधिक प्रभावी और इस्तेमाल में आसान बनाना होगा। व्हाट्सएप अपनी संचार आदतों में हो रहे बदलावों को ध्यान में रखते हुए वॉयस नोट, ग्रुप चैट, स्टिकर और वीडियो इंटरैक्शन जैसे फीचर्स को बेहतर बनाने की योजना बना रहा है।
प्लेटफॉर्म पर होने वाली बातचीत के बड़े पैमाने का जिक्र करते हुए, शाह ने बताया कि उपयोगकर्ता हर दिन 10 अरब से ज्यादा वॉयस मैसेज और 4 अरब से ज्यादा स्टिकर भेजते हैं।
दूसरा मुख्य फोकस वित्तीय और रोजमर्रा के लेन-देन को आसान बनाना होगा। शाह ने बताया कि बिल भुगतान, वित्तीय सेवाओं का उपयोग और यात्रा के दौरान जुड़े रहने जैसे कई काम अक्सर व्हाट्सएप पर बातचीत से शुरू तो होते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए उपयोगकर्ताओं को दूसरे एप्लिकेशन पर जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा, "कई काम चैट से शुरू होते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए कहीं और जाकर कई और कदम उठाने पड़ते हैं। जैसे बिल का भुगतान करना, पैसे उधार लेना, या यात्रा के दौरान जुड़े रहना। हर बार जब आप किसी दूसरे काम पर जाते हैं, तो उसमें समय लगता है। हम वित्तीय सेवाओं और टेलीकॉम कंपनियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि किसी काम को पूरा करना उतना ही आसान हो जाए, जितना उसे शुरू करना होता है।"
AI बनेगा विकास की तीसरी बड़ी ताकत
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व्हाट्सएप की विकास रणनीति का तीसरा स्तंभ होगा। शाह ने बताया, "तीसरी बात, हम एआई की मदद से इन सभी कामों को और अधिक कुशल बनाना चाहते हैं। यह बिना किसी परेशानी के आपकी जरूरत की चीजें ढूंढ ले, काम पूरे कर दे और यह सुनिश्चित करे कि आपकी कोई बुकिंग या अपॉइंटमेंट न छूटे। सबसे अच्छी तकनीक वह है जो आपका समय बचाए, ताकि आप उन लोगों से फिर से जुड़ सकें जो आपके लिए मायने रखते हैं।
व्हाट्सऐप के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कुनाल शाह ने बुधवार को कहा कि संदेश ऐप का ध्यान लोगों के बीच संवाद को अधिक बेहतर बनाने, 'बिल' का भुगतान जैसे काम पूरे करने और दक्षता बढ़ाने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) का इस्तेमाल करने पर होगा। हालांकि, व्यक्तिगत संदेश और कॉल पहले की तरह 'एंड-टू-एंड' एन्क्रिप्टेड रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में उन्होंने उपयोगकर्ताओं से बातचीत करने और यह समझने में समय बिताया है कि वे व्हाट्सऐप से क्या चाहते हैं।
कुणाल शाह ने बताया व्हाट्सऐप का भविष्य
शाह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''...मैंने जो सुना, वह सरल है। लोगों को उन लोगों के करीब रहने में मदद करना, जो उनके लिए मायने रखते हैं और व्हाट्सऐप पर अधिक काम पूरे करने में उनकी मदद करना। इसलिए हम इसी दिशा में काम करेंगे।'' उन्होंने बताया कि व्हाट्सऐप पर हर दिन 10 अरब से अधिक 'वॉयस' संदेश और चार अरब से अधिक 'स्टिकर' भेजे जाते हैं। सीईओ ने कहा, '' पहली प्राथमिकता लोगों के बीच संवाद को अधिक बेहतर बनाना हैं। कभी-कभी किसी की आवाज सुनना, कोई चुटकुला भेजना, किसी योजना पर सहमति बनाना या यह जानना कि कोई सुरक्षित है, यही सबसे महत्वपूर्ण होता है। लोगों के संवाद करने का तरीका बदल रहा है और हम भी उनके साथ इन अनुभवों को बेहतर बनाएंगे। हम 'वॉयस नोट', समूह, 'स्टिकर' और वीडियो को अधिक सरल एवं प्रभावी बनाएंगे, क्योंकि लोगों के करीब रहने का तरीका लगातार बदल रहा है।''
प्राइवेसी से नहीं होगा समझौता
दूसरी प्राथमिकता के बारे में शाह ने कहा कि बहुत से काम चैट से शुरू होते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए उपयोगकर्ताओं को दूसरे मंचों पर जाकर कई और कदम उठाने पड़ते हैं। इनमें 'बिल' का भुगतान करना, पैसे उधार लेना या यात्रा के दौरान संपर्क में बने रहना शामिल है। उन्होंने कहा कि एक काम से दूसरे काम पर जाने में भी समय लगता है। इसलिए व्हाट्सऐप वित्तीय सेवा और दूरसंचार क्षेत्र के भागीदारों के साथ काम कर रहा है, ताकि ''किसी काम को पूरा करना उतना ही आसान हो, जितना उसे शुरू करना।''
तीसरा प्राथमिकता वाला क्षेत्र कृत्रिम मेधा (एआई) होगा। उनका मानना है कि एआई को चुपचाप यह समझना चाहिए कि उपयोगकर्ताओं को किस चीज की जरूरत है, उनके काम पूरे करने में मदद करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वे किसी बुकिंग या मुलाकात का समय न चूकें। उन्होंने कहा, ''सबसे अच्छी प्रौद्योगिकी आपका समय बचाती है, ताकि आप उन लोगों से दोबारा जुड़ सकें, जो आपके लिए मायने रखते हैं।''
शाह ने कहा कि व्हाट्सऐप पर हर दिन 10,000 करोड़ से अधिक संदेश और दो अरब कॉल होती हैं। ऐसे में मंच को सरल, भरोसेमंद और निजी बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा, ''भरोसा अर्जित करने में वर्षों लगते हैं और इसे खोने में एक पल लगता है। मैं इस बात को हल्के में नहीं लेता।'' शाह ने कहा कि व्यक्तिगत संदेश और कॉल 'एंड-टू-एंड' एन्क्रिप्टेड रहेंगे और गुणवत्ता के मानकों में कोई बदलाव नहीं होगा। 'एंड-टू-एंड' एन्क्रिप्शन का मतलब है कि संदेश भेजने वाले और उसे पाने वाले के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति उसे पढ़ नहीं सकता।
ये भी पढ़ें :
बांग्लादेश का वीडियो दिखाकर भारत को बदनाम करने का प्रोपेगेंडा, चीनी व्लॉगर्स पर एंटी-इंडिया कैंपेन चलाने का आरोप, जानिए क्या बोला विदेश मंत्रालय
