रामगंगा की झील में छिपा है 40 हजार वर्ष पुराने जलवायु का रहस्य, जानिए कब कमजोर और कब ताकतवर हुआ मानसून

Amrit Vichar Network
On

वैज्ञानिकों ने किया हिमालय समेत कुमाऊं के अतीत का मानसून और जलवायु का खुलासा, अध्ययन से हिमालय की पूर्व जलवायु का आंकलन कर भविष्य की जलवायु का अंदाजा लगाने में मिलेगी मदद

रामगंगा नदी के पास भिकियासैंण की प्राचीन झील के तलछट पर किए गए शोध में पिछले 40 हजार वर्षों के दौरान कुमाऊं क्षेत्र की जलवायु में बड़े बदलाव सामने आए हैं। 110 नमूनों के विश्लेषण से पता चला कि कभी मानसून कमजोर रहा तो कभी बारिश चरम पर पहुंची। करीब 4,200 साल पहले दुनिया के कई हिस्सों में शुष्कता के बावजूद रामगंगा क्षेत्र में अपेक्षाकृत नमी बनी हुई थी।

नैनीताल/अमृत विचार : कुमाऊं क्षेत्र की जलवायु हजारों साल पहले आज जैसी नहीं थी। वैज्ञानिकों ने 40 हजार वर्ष रामगंगा के तलछट में शोध कर हिमालय में मानसूनी वर्षा, शुष्कता और पर्यावरण व पर्यावरणीय बदलाव का पता लगाया है। तब से अब मानसून में जबरदस्त उतार चढ़ाव रहे हैं। यह जानकारी सर सोबन सिंह जीना अल्मोड़ा कैम्पस और डीएसबी परिसर नैनीताल के वैज्ञानिकों के एक संयुक्त शोध में सामने आयी है।

नैनीताल के भू-वैज्ञानिक डॉ. अनूप कुमार सिंह ने बताया कि हिमालय क्षेत्र की हजारों वर्ष पहले मानसून की सक्रियता और समय के साथ जलवायु में बदलावों को समझने के लिए यह शोध किया गया। शोध रामगंगा नदी के निकट भिकियासैंण स्थित एक प्राचीन झील के तलछट में किया गया। 

इस प्राचीन झील में 40 हजार साल पहले की जलवायु का इतिहास छिपा हुआ है। यह जानने के लिए  झील के लगभग पांच मीटर लंबे तलछट में 110 नमूने एकत्र किए गए। नमूनों में कणों के आकार, कार्बन समस्थानिक, जैविक कार्बन और रासायनिक तत्वों का विश्लेषण किया गया। जिससे पता चला कि तब मानसून एक समान नहीं था, बल्कि जबरदस्त उतार चढ़ाव मानसून में देखे गए हैं। 

शोध के अनुसार करीब 39700 से 25000 वर्ष पहले इस क्षेत्र में मानसूनी गतिविधियां कमजोर थीं और जलवायु अपेक्षाकृत शुष्क रही। वहीं 25000 से 18000 वर्ष पूर्व अंतिम हिमनदीय अधिकता के दौरान अत्यधिक शुष्क परिस्थितियां विकसित हुईं। इसके बाद तापमान बढ़ने और हिमनदों के पीछे हटने के साथ मानसून धीरे-धीरे मजबूत होने लगा। खासकर 11700 से 8200 वर्ष के दौरान मानसूनी वर्षा चरम पर होने लगी थी। 

4200 वर्ष पहले अलग था कुमाऊं के मौसम का मिजाज

नैनीताल: डॉ. अनूप कुमार सिंह ने बताया कि अध्ययन में पूर्व में कुमाऊं के मौसम की जानकारी भी मिली है। करीब 4200 वर्ष पहले जब दुनिया के कई हिस्सों में शुष्कता बढ़ रही थी, तब रामगंगा क्षेत्र में अपेक्षाकृत आर्द्र परिस्थितियां बनी हुई थीं। वैज्ञानिकों के अनुसार, हिमालय की भौगोलिक बनावट, पर्वतीय वर्षा और पश्चिमी विक्षोभ से मिलने वाली नमी इसकी वजह रही होंगी। उन्होंने बताया कि यह प्राचीन झील हिमालय क्षेत्र की जलवायु प्राचीन का खजाना है। इसके अध्ययन से हिमालय की पूर्व जलवायु का आंकलन कर भविष्य की जलवायु का अंदाजा लगाने में मदद मिल सकती है। 

शोध में रहे शामिल रहे वैज्ञानिक

नैनीताल: इस शोध में कुमाऊं विश्वविद्यालय के डॉ.  अनूप कुमार सिंह के साथ, प्रो. राजीव उपाध्याय, डॉ. मनमोहन कुकरेती, प्रो. बिस्वजीत पालर, डॉ. अनुपम शर्मा, डॉ. हरीश बिष्ट, डॉ. प्रदीप गैरोला, पूजा चंद और नेहा खोलिया शामिल रहे।

यह भी पढ़ें:-
Vande Bharat train : अयोध्या से जनकपुर धाम तक दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन, 23 नवंबर को PM मोदी और नेपाल के पीएम दिखाएंगे हरी झंडी
 

संबंधित समाचार