हर चेहरा एक कहानी
“मेरे लिए चेहरा अंतरात्मा का दर्पण है।” रामेश्वर ब्रूटा का यह कथन इस प्रदर्शनी को समझने की एक महत्वपूर्ण कुंजी देता है। चेहरा यहां केवल पहचान का माध्यम नहीं है, वह मनः स्थिति, स्मृति, अनुभव और भीतर चल रही किसी अनकही कहानी का दृश्य संकेत है। मनुष्य के चेहरे को हम प्रतिदिन देखते हैं, पढ़ते हैं और उसके भावों का अर्थ निकालते हैं, लेकिन कलाकार के लिए चुनौती यहीं से शुरू होती है। क्या वह चेहरे की समानता भर को चित्रित करेगा या उसके भीतर छिपे उस अनुभव को भी दृश्य रूप दे सकेगा, जिसे शब्दों में पकड़ना संभव नहीं?
मनुष्य की सामूहिक नियति का रूपक
नई दिल्ली की श्रीधारानी कला दीर्घा में 17-23 सितंबर 2026 तक प्रस्तुत समूह प्रदर्शनी ‘हेड्स : एवरी फेस होल्ड्स ए स्टोरी’ का महत्व इसी प्रश्न के कारण है। अमृता कोचर द्वारा क्यूरेट की गई इस प्रदर्शनी में 26 कलाकारों को एक विषय के अंतर्गत साथ रखा गया है। इनमें अनजॉली इला मेनन, अर्पणा कौर, बोलगुम नागेश गौड़, जी. सुब्रमणियन, गुरप्रीत कौर, गुरचरण सिंह, जतिन दास, जयश्री बर्मन, जोगेन चौधरी, के. लक्ष्मा गौड़, कृष्ण खन्ना, मैते डेलटेल, नरेश कपूरिया, रमेश्वर ब्रूटा, शक्ति बर्मन, थोटा वैकुंठम सहित अनेक वरिष्ठ कलाकार शामिल हैं। इतने अलग-अलग स्वभाव और कलाभाषा वाले कलाकारों को ‘चेहरे’ जैसे सीमित दिखाई देने वाले विषय के भीतर रखना अपने आप में एक जोखिम भी है और क्यूरेटोरियल चुनौती भी।

इस प्रदर्शनी की सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि यहां चेहरा किसी एक निश्चित दृश्य-व्याकरण में बंधता नहीं। कहीं वह व्यक्तिचित्र है, कहीं मुखौटा, कहीं स्मृति, कहीं सांस्कृतिक प्रतीक और कहीं मनुष्य की सामूहिक नियति का रूपक। इस विविधता के कारण प्रदर्शनी को केवल ‘फेस पेंटिंग्स’ की प्रदर्शनी समझना उसके आशय को सीमित कर देना होगा। रमेश्वर ब्रूटा का तैलचित्र इसका अच्छा उदाहरण है। यह उनकी वर्तमान कला-भाषा का प्रतिनिधि न होकर संभवतः उनके कला-महाविद्यालय के दिनों का अकादमिक व्यक्तिचित्र है। इस कृति को उनके बाद के चित्रों के संदर्भ में देखना रोचक है, क्योंकि यहां कलाकार की वह आरंभिक प्रशिक्षण-परंपरा दिखाई देती है, जिससे आगे चलकर उनकी विशिष्ट दृष्टि विकसित हुई। प्रदर्शनी में यह कृति केवल एक चेहरा नहीं, बल्कि एक कलाकार की कलायात्रा के आरंभिक पड़ाव का दस्तावेज भी बन जाती है।
के. लक्ष्मा गौड़ के दो रेखांकन इस दृष्टि से अधिक रोचक हैं। वे उनकी पहचानी जाने वाली संयोजित रेखाभाषा से अलग हैं, लेकिन रेखा की लय और चेहरे की भाव-भंगिमा में कलाकार की पहचान फिर भी बनी रहती है। यहां विषय के अनुरूप अपनी परिचित शैली को दोहराने के बजाय कलाकार का थोड़ा हटकर काम करना महत्वपूर्ण है। इसके विपरीत उनकी धातु-कृति में वही पहचानी जाने वाली दुनिया लौटती है- ग्रामीण स्त्री, पुरुष और बकरी। बकरी को जिस सहजता से उन्होंने अपने कला-संसार का विशिष्ट पात्र बनाया है, वह उनकी शैलीगत पहचान का हिस्सा बन चुका है। अर्पणा कौर के फाइबर ग्लास से बने मास्क पर चित्रकारी और अंजलि इला मेनन के कैनवास पर अंकित चेहरे प्रदर्शनी में दो अलग संवेदनात्मक धरातल निर्मित करते हैं। अर्पणा के यहां चेहरा एक भौतिक वस्तु में बदलकर चित्र और मूर्तिशिल्प के बीच की सीमा को धुंधला करता है। वहीं अंजलि इला मेनन के चेहरे अपनी शालीन और संयत चित्रभाषा में मानवीय भावों को सामने लाते हैं। स्पष्ट है कि यहां चेहरे की पहचान से अधिक उसका भावात्मक अस्तित्व महत्वपूर्ण हो जाता है।
दीर्घकालीन साधना सहजता है आती
नागेश गौड़ की पीतल की मुखाकृतियां प्रदर्शनी में परंपरा और समकालीनता के बीच एक अलग संवाद रचती हैं। कलमकारी और पैठणी से प्रभावित सतही अंकन तथा राम, सीता और हनुमान की मुखाकृतियां पारंपरिक भारतीय दृश्य-स्मृति को समकालीन धातु-शिल्प में रूपांतरित करती हैं। यह रूपांतरण केवल सजावटी नहीं है, यह बताता है कि पारंपरिक मुखाकृतियां आज भी समकालीन कलाकार के लिए सक्रिय दृश्य-संसाधन हो सकती हैं। जतिन दास की रेखाएं शायद प्रदर्शनी में ‘सहजता’ की सबसे कठिन मिसाल हैं। चेहरे को कुछ रेखाओं में पकड़ लेना देखने में आसान लगता है, लेकिन ऐसी सहजता दीर्घकालीन साधना से आती है। उनकी रेखाओं में कोई अनावश्यक प्रदर्शन नहीं है। वे चेहरे को सजाती नहीं, उसकी उपस्थिति को दर्ज करती हैं। यही वह जगह है, जहां प्रदर्शनी दर्शक को कला की तकनीक से अधिक कला-साधना के अर्थ पर सोचने को विवश करती है।
मैते डेलटेल की इनॉसेंस में बालिका का चेहरा फूल-पत्तियों और वनस्पतियों से घिरी पृष्ठभूमि में दिखाई देता है। यहां प्रकृति और बालपन का भोला भाव एक-दूसरे में घुलता हुआ प्रतीत होता है। उनके मूर्तिशिल्प, रेखांकन और चित्रों का साथ में होना भी उनके बहुआयामी कला-व्यक्तित्व को समझने का अवसर देता है। नरेश कपूरिया के मिश्रित माध्यम वाले इंस्टालेशन में चेहरा किसी विशिष्ट व्यक्ति की पहचान से आगे जाकर मनुष्य की सामूहिक उपस्थिति का रूपक बन जाता है। जोगेन चौधरी के बोल्ड और अपेक्षाकृत मोटे रेखांकन, कृष्ण खन्ना की बैंडवाला श्रृंखला से विकसित धातु-कृतियां, थोटा वैकुंठम के विशिष्ट पात्र और शक्ति बर्मन का मूर्तिशिल्प प्रदर्शनी में माध्यमों की विविधता को और विस्तार देते हैं। नयाना कनोडिया के यहां नारी चेहरों का प्राकृतिक परिवेश से संबंध भी ध्यान खींचता है। इस तरह चेहरा कभी अकेला नहीं रहता, उसके आसपास का संसार भी उसकी व्याख्या का हिस्सा बन जाता है।
चेहरा अंतिम दृश्य नहीं
हालांकि किसी बड़ी समूह प्रदर्शनी में शामिल सभी कलाकारों की कृतियों पर विस्तार से चर्चा किसी एक लेख में संभव नहीं, फिर भी समग्र अनुभव यह बताता है कि इस प्रदर्शनी का वास्तविक उद्देश्य ‘चेहरे’ की सुंदरता दिखाने में नहीं, बल्कि चेहरे को देखने के अलग-अलग तरीकों को सामने लाने में है। यही इस प्रदर्शनी की सार्थकता भी है।
एक ही विषय के भीतर इतने भिन्न कलाकारों को रखकर प्रदर्शनी यह प्रश्न हमारे सामने छोड़ती है कि आखिर हम किसी चेहरे में देखते क्या हैं-उसकी समानता, उसकी पहचान, उसका भाव या उसके पीछे छिपी कहानी? शायद इसका कोई एक उत्तर नहीं है। कलाकार के लिए चेहरा उसकी अपनी दृष्टि से पुनर्निर्मित होता है और दर्शक के लिए वही चेहरा अपनी स्मृतियों और अनुभवों का आईना बन जाता है।
इस अर्थ में ‘हेड्स : एवरी फेस होल्ड्स ए स्टोरी’ का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष यही है कि यहां चेहरा अंतिम दृश्य नहीं, बल्कि एक आरंभिक बिंदु है। हर कलाकार उसे अपनी कलाभाषा में फिर से गढ़ता है और दर्शक उसके भीतर अपनी कोई कहानी खोज लेता है। चेहरे की यही बहुस्तरीयता इस प्रदर्शनी को एक सामान्य विषय-केंद्रित प्रस्तुति से आगे ले जाती है।
सुमन कुमार सिंह कलाकार/कला लेखक, गाजियाबाद
