चित्रकार सूरदास : यात्रा रसी परंपरा की भारतीय दृश्य-भाषा तक
भक्त कवि सूरदास से हमारा परिचय स्कूल के दिनों में ही हो जाता है, किंतु चित्रकार सूरदास से शायद ही कुछ लोग परिचित हों। मुगलकालीन चित्रकार सूर दास अकबर की शाही चित्रशाला से जुड़े उन कलाकारों में थे, जिन्होंने अकबरनामा जैसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक ग्रंथ को दृश्य रूप देने में योगदान किया। प्रस्तुत चित्र-“अकबर द्वारा 1561 में बदख्शां के राजदूतों का स्वागत”- लगभग 1603-05 में तैयार अकबरनामा से संबंधित है और कागज पर प्राकृतिक रंग तथा सोने से बनाया गया है। यहां यह ध्यान रखना है कि यहां 1561 चित्र के निर्माण का वर्ष नहीं, बल्कि उस ऐतिहासिक घटना का वर्ष है, जिसे चित्र में प्रस्तुत किया गया है। यही अंतर अकबरनामा के चित्रों को समझने में महत्वपूर्ण है।
मुगल चित्रकला की आरंभिक निर्मिति में फारसी परंपरा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण थी। हुमायूं के ईरान प्रवास और उसके बाद फारसी कलाकारों के मुगल दरबार में आने से एक ऐसी चित्रशाला विकसित हुई, जिसमें फारसी कलाकारों के साथ भारतीय कलाकार भी काम कर रहे थे। अकबर की कार्यशाला में फारसी, भारतीय और बाद में यूरोपीय दृश्य-प्रभावों का सम्मिलन हुआ। कला इतिहास में इसी सहयोग को विशिष्ट मुगल चित्रभाषा के निर्माण की आधारभूमि माना जाता है।
प्रस्तुत चित्र में फारसी प्रभाव सबसे पहले सूक्ष्म रेखांकन, स्थापत्य की सज्जा, सपाट, लेकिन अत्यंत नियंत्रित रंग-क्षेत्र, वस्त्रों के बारीक विवरण और चित्र के चारों ओर लिखित पाठ के संयोजन में दिखाई देता है। भवनों की छतें, मेहराबें, गुंबदाकार छतरियां, वृक्षों की शैलीबद्ध आकृतियां और स्थापत्य को छोटे-छोटे दृश्य-खंडों में बांटना फारसी लघुचित्र परंपरा की याद दिलाता है। ऐसे में यह चित्र केवल फारसी शैली का चित्र नहीं रह जाता है। कुछ मुख्य आधार हैं, जो इसे फारसी शैली से अलग करते हैं। इस चित्र का सबसे महत्वपूर्ण परिवर्तन इसकी मानवीय चहल-पहल है। बाएं पृष्ठ पर राजदूतों के स्वागत का दृश्य और दाएं पृष्ठ पर उनके साथ आया सामान, ऊंट, हाथी और सेवकों का समूह दोनों मिलकर एक विस्तृत दृश्य आख्यान बनाते हैं।
चित्रकार ने प्रत्येक व्यक्ति को एक जैसा नहीं बनाया है। चेहरे, दाढ़ियां, पगड़ियां, वस्त्र और शरीर की मुद्राओं में पर्याप्त विविधता है। कोई हाथ जोड़कर खड़ा है, कोई ऊपर देख रहा है, कोई सामान उठा रहा है, कोई आगे बढ़ रहा है। इस प्रकार चित्र में केवल “राजदूत” नहीं हैं, बल्कि राजदूतों के साथ आया पूरा सामाजिक संसार है।
यहीं मुगल चित्रकला का वह गुण दिखाई देता है, जिसे फारसी परंपरा से उसका महत्वपूर्ण विस्तार कहा जा सकता है। मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम के अनुसार अकबरी मुगल चित्रकला में फारसी और भारतीय स्रोतों के साथ यूरोपीय प्रभाव भी सम्मिलित हुए और आकृतियों में अधिक प्राकृतिक रूपांकन विकसित हुआ।
क्या मुगल चित्र फारसी चित्रों से बेहतर हैं
इस सवाल के जवाब में ‘बेहतर’ की जगह ‘अधिक विस्तृत और भिन्न प्रकृति की दृश्य-भाषा’ कहना अधिक उपयुक्त होगा। फारसी चित्रकला की अपनी विशिष्ट सौंदर्य-व्यवस्था थी सूक्ष्म रेखा, सजावटी रंग-संयोजन, साहित्यिक विषय और आदर्शीकृत संसार। मुगल चित्रकला ने इन्हें नष्ट नहीं किया, बल्कि इनके भीतर भारतीय वास्तविक जीवन का विस्तार किया।
इस चित्र में वास्तु और सज्जा की फारसी स्मृति के साथ भारतीय भू-दृश्य, मनुष्यों की विविधता, पशुओं की शारीरिक उपस्थिति और ऐतिहासिक घटना का प्रत्यक्ष विवरण जुड़ गया है। यही कारण है कि मुगल चित्रकला को केवल फारसी चित्रकला की भारतीय शाखा मानना उचित नहीं माना जाता है। स्पष्ट है कि अकबर की चित्रशाला में अलग-अलग पृष्ठभूमि के कलाकारों की सामूहिक कार्यप्रणाली ने एक नई संश्लिष्ट शैली को जन्म दिया।
राजपूत और पहाड़ी चित्रकला में परिवर्तन
हम जानते हैं कि मुगल प्रभाव आगे चलकर राजपूत चित्रकला में पहुंचा, लेकिन हमें यह भी ध्यान रखना होगा कि यहां आते-आते उसका रूप बदल चूका था। राजपूत कलाकारों ने मुगल रेखांकन, व्यक्तिचित्रण, स्थापत्य और प्रकृति-अवलोकन के कुछ तत्व ग्रहण किए, लेकिन विषय संसार में कृष्ण-लीला, रागमाला, रामायण, भागवत और प्रेम-काव्य अधिक प्रमुख हुए। अर्थात मुगल चित्र का ऐतिहासिक और दरबारी आख्यान राजपूत चित्र में अधिक काव्यात्मक और धार्मिक-भावात्मक आख्यान में बदल गया। पहाड़ी चित्रकला में आगे चलकर यही परंपरा और अधिक भावप्रधान हुई। विशेषकर गूलेर और कांगड़ा में प्रकृति केवल पृष्ठभूमि नहीं रही, बल्कि प्रेम और विरह की मनःस्थिति की सहभागी बन गई। इस परिवर्तन में मुगल चित्रण की सूक्ष्म रेखा और प्राकृतिक विवरण की परंपरा का योगदान माना जाता है।
कंपनी शैली : दृश्य-दस्तावेज की ओर
अठारहवीं-उन्नीसवीं सदी में मुगल चित्रकारों और उनकी तकनीकी परंपरा का एक नया रूप कंपनी शैली में दिखाई देता है। यूरोपीय संरक्षकों की मांग के अनुसार भारतीय कलाकारों ने भवनों, वनस्पतियों, पशु-पक्षियों, जातीय समुदायों, वेशभूषाओं और स्थानीय जीवन को अधिक दस्तावेजी ढंग से चित्रित करना शुरू किया। यहां मुगल चित्रकला की सूक्ष्मता यूरोपीय प्राकृतिकतावाद और रेखीय परिप्रेक्ष्य के साथ जुड़ती है।
इस दृष्टि से सूरदास का यह चित्र भारतीय चित्रकला के अध्ययन की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। फारसी लघुचित्र की रेखा और सज्जा, भारतीय जीवन का प्रत्यक्ष अवलोकन, अकबरी इतिहास-बोध और आगे आने वाली प्राकृतिकतावादी दृष्टि इन सबका बीज इस प्रकार की मुगल चित्रकला में दिखाई देता है। यही इसकी ऐतिहासिक महत्ता भी है। शायद इसी कारण सूरदास जैसे चित्रकारों को केवल ‘मुगल दरबार के चित्रकार’ कहकर छोड़ देना पर्याप्त नहीं है, क्योंकि वे भारतीय चित्रकला में कथा को दृश्य इतिहास में बदलने वाली परंपरा के महत्वपूर्ण प्रतिनिधि हैं।
परिप्रेक्ष्य नहीं, बहुस्तरीय दृश्य-स्पेस
यहां यूरोपीय सिंगल-पॉइंट पर्सपेक्टिव नहीं है यानी कैमरे की दृष्टि वाला अंकन नहीं है। उपरी हिस्से में भवनों की क्षैतिज रेखाएं हमें गहराई का एक गणितीय भ्रम पैदा नहीं करतीं। इसके बजाय चित्रकार ने अलग-अलग ऊंचाइयों पर घटनाओं को रखा है। ऊपर भवन हैं, मध्य में मनुष्य और नीचे पशु तथा सामान। इस प्रकार चित्र का स्थान एक प्राकृतिक सड़क या चौक की तरह नहीं, बल्कि एक दृश्यात्मक कथा-क्षेत्र की तरह निर्मित होता है। विशेष रूप से दोनों पृष्ठों को साथ देखने पर यह संरचना और स्पष्ट होती है। बाएं पृष्ठ में स्वागत का अपेक्षाकृत स्थिर क्षण है, जबकि दाएं पृष्ठ में जुलूस की गति अधिक है। ऊंटों और हाथियों की उपस्थिति दृश्य को नीचे की ओर भारी बनाती है, जबकि मनुष्यों का समूह आंख को ऊपर की ओर ले जाता है। इस तरह पूरा चित्र स्थिरता और गति के बीच एक अद्भुत दृश्य-संतुलन बनाता है।
सुमन कुमार सिंह, कलाकार/कला लेखक, गाजियाबाद
