क्या डीएनए संभाल पाएगा डेटा का बोझ!

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

उपग्रहों, वैज्ञानिक प्रयोगों, अस्पतालों, उद्योगों, सेंसरों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से लगातार नया डेटा बन रहा है। ऐसे दीर्घकालिक डेटा के लिए सिथेंटिक डीएनए अब एक संभावित विकल्प के रूप में सामने आ रहा है। मनुष्य ने अपनी यादों को सुरक्षित रखने के लिए हमेशा कोई न कोई माध्यम खोजा है। पत्थरों से शुरू हुई यह यात्रा कागज, फिल्म, टेप, हार्ड डिस्क और क्लाउड तक पहुंची। अब वैज्ञानिक उस अणु को डिजिटल जानकारी रखने के माध्यम के रूप में आजमा रहे हैं, जिसने प्रकृति में जीवन की आनुवंशिक सूचना को संभालकर रखा है- डीएनए।

यह कोशिश ऐसे समय में हो रही है, जब दुनिया में डेटा तेजी से बढ़ रहा है। उपग्रहों, वैज्ञानिक प्रयोगों, अस्पतालों, उद्योगों, सेंसरों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से लगातार नया डेटा बन रहा है। इसका बड़ा हिस्सा ऐसा है, जिसे रोज खोलने की जरूरत नहीं पड़ती, लेकिन लंबे समय तक सुरक्षित रखना जरूरी होता है। पुराने वैज्ञानिक आंकड़े, मौसम के रिकॉर्ड, ऐतिहासिक दस्तावेज और संस्थानों के डिजिटल संग्रह इसके उदाहरण हैं। ऐसे दीर्घकालिक डेटा के लिए डीएनए अब एक संभावित विकल्प के रूप में सामने आ रहा है।

डेटा को डीएनए में कैसे रखा जाता है

डीएनए में चार मुख्य आधार-A, T, C और G होते हैं। वैज्ञानिक डिजिटल डेटा को एक खास कोड के जरिए इन अक्षरों के क्रम में बदलते हैं और फिर लैब में तैयार किए गए सिंथेटिक डीएनए में उसी क्रम को दर्ज करते हैं। यह किसी जीव या इंसान के प्राकृतिक डीएनए में बदलाव करने की प्रक्रिया नहीं है। जरूरत पड़ने पर इस क्रम को पढ़कर कंप्यूटर उसे दोबारा डिजिटल फाइल में बदल सकता है।

2017 के डीएनए Fountain अध्ययन में करीब 215 पेटाबाइट प्रति ग्राम की घनत्व पर डेटा को सफलतापूर्वक वापस हासिल करने का प्रदर्शन किया गया था। अगस्त 2026 में Nature Communications में प्रकाशित एक नए अध्ययन ने Siyuan Code के जरिए करीब 41 एक्साबाइट प्रति ग्राम की क्षमता और 1.66 बिट प्रति न्यूक्लियोटाइड की दर प्रदर्शित की। अध्ययन में प्रति डीएनए strand छह प्रतियों के साथ भी डेटा को सही ढंग से वापस पाने का प्रदर्शन किया गया, लेकिन 41 एक्साबाइट प्रति ग्राम को बाजार में उपलब्ध डीएनए स्टोरेज की क्षमता नहीं समझना चाहिए। यह एक प्रयोगात्मक व्यवस्था में हासिल परिणाम है। वास्तविक सिस्टम में डीएनए तैयार करने, उसे सुरक्षित रखने, सही फाइल खोजने और डेटा पढ़ने की लागत और समय भी शामिल होंगे।

क्षमता बड़ी है, लेकिन गति

यहीं डीएनए और हार्ड डिस्क या SSD के बीच बड़ा फर्क सामने आता है। पारंपरिक कंप्यूटर स्टोरेज में फाइल तक पहुंच बहुत तेज हो सकती है, जबकि डीएनए से डेटा वापस पाने के लिए प्रयोगशाला की प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। Siyuan Code के अध्ययन में डेटा को डीएनए क्रम में बदलने और वापस बदलने की गति सामान्य कंप्यूटर पर करीब 1 मेगाबाइट प्रति सेकंड तक पहुंची, लेकिन इसे पूरे डीएनए स्टोरेज सिस्टम की पढ़ने-लिखने की गति नहीं माना जा सकता। डीएनए तैयार करने और उसे पढ़ने की प्रक्रिया अलग है। इसलिए डीएनए फिलहाल SSD या हार्ड डिस्क का विकल्प नहीं है। इसकी ज्यादा संभावित भूमिका ऐसे डेटा के लंबे समय तक संग्रह में है जिसे कभी-कभार ही इस्तेमाल किया जाता है।

फाइल रखेंगे तो उसे ढूंढेंगे कैसे

किसी बड़े डीएनए संग्रह में लाखों फाइलें हों और उनमें से एक पुरानी रिपोर्ट चाहिए, तो पूरी लाइब्रेरी पढ़ना व्यावहारिक नहीं होगा। इसलिए वैज्ञानिक डीएनए के अलग-अलग हिस्सों को पहचान देने के लिए खास क्रम, बारकोड और PCR जैसी तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी चुनौती को ‘रैंडम एक्सेस’ कहा जाता है। बड़े पैमाने पर डीएनए स्टोरेज को व्यावहारिक बनाने के लिए डेटा को सुरक्षित रखने के साथ जरूरत की फाइल तक पहुंचना भी जरूरी है। डीएनए में जानकारी लिखते या पढ़ते समय कुछ आधार गलत पढ़े जा सकते हैं या कुछ हिस्से गायब हो सकते हैं। इससे निपटने के लिए वैज्ञानिक error-correction codes का इस्तेमाल करते हैं। Fountain coding और Reed–Solomon जैसे तरीके अलग-अलग तरह की त्रुटियों या नुकसान से निपटने में मदद करते हैं, ताकि मूल डेटा फिर हासिल किया जा सके।

सुरक्षा की नई चुनौती

डीएनए में डेटा रखने से वह अपने आप गोपनीय नहीं हो जाता। सामान्य डीएनए की प्रतियां PCR जैसी तकनीकों से बनाई जा सकती हैं। इसलिए अनधिकृत नकल रोकना भी एक चुनौती है। मई 2026 में Nature Communications में प्रकाशित ZAT-DNA अध्ययन ने अणु के स्तर पर इससे निपटने का एक प्रयोग दिखाया। इसमें A और Z आधारों के खास क्रम का इस्तेमाल किया गया, जिसकी हूबहू नकल सामान्य PCR से नहीं हो पाती। यह अभी शोध के स्तर की तकनीक है, लेकिन डीएनए स्टोरेज में सुरक्षा की एक अतिरिक्त परत की संभावना दिखाती है।

प्रयोगशाला से उद्योग तक

इस तकनीक को व्यावसायिक रूप देने की कोशिशें भी शुरू हो चुकी हैं। मार्च 2026 में Biomemory ने Catalog Technologies की कुछ परिसंपत्तियां हासिल करने की घोषणा की। यह बड़े डेटा सेंटरों में डीएनए स्टोरेज के व्यापक इस्तेमाल का प्रमाण नहीं है। मौजूदा डेटा सेंटरों में स्टोरेज को कंप्यूटर प्रणालियों के जरिए व्यवस्थित और नियंत्रित किया जाता है। डीएनए आधारित व्यवस्था को भी इसी ढांचे से जोड़ना होगा। इसी दिशा में SNIA ने जनवरी 2026 में DNA Data Storage in Swordfish नाम से एक ड्राफ्ट जारी किया। इसमें डीएनए स्टोरेज को संभालने और निगरानी करने का प्रारंभिक ढांचा सुझाया गया है। यह अभी अंतिम मानक नहीं है।

असली परीक्षा लागत की होगी

डीएनए की क्षमता प्रभावशाली है, लेकिन उसका व्यावहारिक इस्तेमाल लागत, डेटा तक पहुंच की गति, दोबारा डेटा लिखने की सुविधा और लंबे समय तक सुरक्षित रखने पर निर्भर करेगा। फिलहाल इसकी सबसे उपयोगी भूमिका ऐसे बड़े डिजिटल संग्रहों में दिखती है, जिन्हें लंबे समय तक संभालकर रखना है, लेकिन जिन्हें बार-बार खोलने की जरूरत नहीं पड़ती। हार्ड डिस्क और SSD की जगह लेने के बजाय डीएनए स्टोरेज की एक अलग परत बन सकता है। अगर डीएनए में डेटा लिखने की लागत घटती है, उसे जल्दी खोजकर पढ़ना संभव होता है और उसकी विश्वसनीयता बनी रहती है, तो आने वाले समय में हमारी डिजिटल विरासत का एक हिस्सा सर्वर के बजाय सिंथेटिक डीएनए में सुरक्षित हो सकता है।

शिवम भारद्वाज, असिस्टेंट प्रोफेसर

 

 

 

संबंधित समाचार