My First Ride : कार चलाना शौक से ज्यादा जरूरत
बचपन से ही मुझे गाड़ियों में रुचि थी। बाल्यावस्था में खिलौने वाली कार से खेलना मुझे बहुत पसंद था। जैसे-जैसे बड़ा होने लगा, मेरी यह रुचि जुनून में बदलने लगी। मुझे कारों के बारे में तरह-तरह की जानकारियां जुटाने में आनंद आता था। मैंने निश्चय कर लिया था कि जैसे ही कार चलाने योग्य होऊंगा, इसे जरूर सीखूंगा। कार चलाने योग्य होते ही मैंने अपने पितामह की आज्ञा लेकर कार सीखना शुरू कर दिया। मेरे पारिवारिक सदस्य जैसे ताऊ जी ने ही मुझे कार चलाना सिखाया।
पहले दिन उन्होंने कहा, “ऐसी जगह कार चलाओ, जहां सड़क हो, ताकि तुम्हें सड़क का अंदाजा भी हो सके।” वह मुझे सड़क पर ले गए। मन भय के अंधकार से ढका हुआ था, लेकिन कार सीखने का जुनून उस अंधकार में प्रकाश की ज्योति जला रहा था। मेरा पहला दिन भय और जुनून के बीच गुजरता रहा।
अगले दिन मैंने ताऊ जी के निर्देशों के अनुसार कार चलाई। पहले ही दिन मेरी प्रगति देखकर वे प्रसन्न हुए। अगले दिन मैंने अपने आप ही कार निकाल ली। लेकिन ‘अति सर्वत्र वर्जयेत्’ को भूल गया और कार सीधे दीवार से जा टकराई। अब जुनून कम होने लगा और भय बढ़ने लगा। फिर भी मैंने हार नहीं मानी। अगले दिन मैं फिर कार लेकर निकला और करीब तीन घंटे तक अभ्यास किया। ताऊ जी मन ही मन प्रसन्न हो रहे थे, क्योंकि उन्हें महसूस हो रहा था कि जिस जिम्मेदारी के लिए उन्हें लगाया गया है, उसमें वे सफल हो रहे हैं। मुझे भी अपनी सफलता का अहसास होने लगा था, लेकिन इस बार मैंने आत्मविश्वास को अति तक नहीं पहुंचने दिया।
आखिरकार मैंने कार चलाना सीख लिया। मुझे और मेरे पिताजी को ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा करना बहुत पसंद है। एक दिन पिताजी ने औरंगाबाद और मितौली की ऐतिहासिक यात्रा पर चलने के लिए कहा। उन्होंने कहा, “अब तो तुम कार सीख गए हो, चलो कार से ही चलते हैं।”
फिर क्या था, राम नाम लेते हुए हम दोनों पिता-पुत्र कार लेकर निकल पड़े। पिताजी के मन में भय था, लेकिन मेरा आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए वे अपने डर को छिपा रहे थे। करीब सौ किलोमीटर की यात्रा थी। ईश्वर की कृपा से हमने अपनी ऐतिहासिक यात्रा पूरी की और मेरी पहली लंबी कार यात्रा भी सफल रही। कुछ दिनों बाद अचानक दादी की तबीयत बिगड़ने लगी। घर पर उस समय कोई और नहीं था।
दोपहिया वाहन से जाना उनके स्वास्थ्य के लिए उचित नहीं था। मैंने बिना देर किए कार निकाली और दादी को डॉक्टर के पास ले गया। उनका उपचार हुआ और स्थिति संभली। उस दिन मुझे पहली बार महसूस हुआ कि कार चलाना केवल शौक नहीं, जरूरत भी है।
अगर मैंने समय रहते कार चलाना नहीं सीखा होता, तो उस आकस्मिक परिस्थिति में दादी को समय पर डॉक्टर के पास ले जाना संभव नहीं होता। उस दिन मेरा पुराना जुनून एक नई समझ में बदल गया। मैंने जाना कि कोई हुनर कब जीवन में काम आ जाए, कहा नहीं जा सकता। इसलिए कार चलाना सीखना केवल सुविधा या शौक की बात नहीं, बल्कि जरूरत के समय यह हमारे और हमारे अपनों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
-अग्निज उपमन्यु, हिंदू महाविद्यालय, दिल्ली
