बिकरू कांड के बलिदानी की स्मृति में युवा का संकल्प : समाज सेवा से अमर कर रहे दारोगा अनूप सिंह की यादें
मानधाता के पूरेलाल निवासी सुरेंद्र ने आपदा पीड़ितों को दी आर्थिक मदद, पुलिस चौकी निर्माण में दिया अहम योगदान
विकासखंड मानधाता के ग्राम पूरेलाल अचीतपुर निवासी समाजसेवी सुरेंद्र प्रताप सिंह क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनसेवा की मिसाल पेश कर रहे हैं। बिकरु कांड में वीरगति को प्राप्त हुए बलिदानी दारोगा अनूप सिंह की पावन स्मृति में उनके द्वारा निरंतर विविध सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
प्रतापगढ़, अमृत विचार : विकासखंड मानधाता के ग्राम पूरेलाल अचीतपुर निवासी समाजसेवी सुरेंद्र प्रताप सिंह क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के माध्यम से जनसेवा की मिसाल पेश कर रहे हैं। बिकरु कांड में वीरगति को प्राप्त हुए बलिदानी दारोगा अनूप सिंह की पावन स्मृति में उनके द्वारा निरंतर विविध सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
सुरेंद्र प्रताप सिंह का मानना है कि देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों की यादों को अमर रखने का सबसे बेहतर जरिया समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा करना है। इसी सोच के तहत वे पूरे क्षेत्र में व्यापक स्तर पर लोक कल्याण के कार्य करा रहे हैं। हाल ही में दैवीय आपदा या अन्य कारणों से जिन जरूरतमंद परिवारों के मकान गिर गए थे, उन्होंने त्वरित संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाया और पुनर्निर्माण एवं गुजर-बसर के लिए आर्थिक व भौतिक सहायता प्रदान की। इसके अलावा, अमर बलिदानी अनूप सिंह की स्मृति में बन रही पुलिस चौकी के निर्माण कार्य में अग्रणी भूमिका निभाते हुए उन्होंने महत्वपूर्ण सहयोग किया। क्षेत्र के विकास और सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अवधनाथधाम पर्वतपुर में श्रद्धालुओं व राहगीरों के लिए शीतल पेयजल हेतु वाटरकूलर की व्यवस्था कराई, वहीं प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महड़ौर धाम (उड़ी का डीह) परिसर का सौंदर्यीकरण एवं भव्य रंग-रोगन कराया। रात के समय दुर्घटनाओं को रोकने और ग्रामीणों की सुविधा के लिए क्षेत्र में 151 स्ट्रीट लाइटें भी लगवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त, कड़ाके की ठंड में निर्धन परिवारों को कंबल वितरण करने के साथ-साथ गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं के विवाह में भी वे निरंतर आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुरेंद्र प्रताप सिंह द्वारा बलिदानी की स्मृति को जीवंत रखते हुए किए जा रहे ये कार्य न केवल प्रशंसनीय हैं, बल्कि समाज के अन्य लोगों को भी देश और समाज हित में आगे आने की प्रेरणा देते हैं।
