मुरादाबाद, अमृत विचार। अमरोहा में नकली एंटीबायोटिक दवा मिलने के बाद मुरादाबाद से कई जिलों तक फैले कथित नकली दवा कारोबार का खुलासा हुआ है। औषधि विभाग की जांच में मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर और हापुड़ तक दवाओं की सप्लाई से जुड़ी कड़ियां सामने आई हैं। आरोप है कि बद्दी, मोहाली और अन्य स्थानों पर दवाएं तैयार कराने के बाद दिल्ली में उनकी पैकिंग बदलवाई जाती थी। फिर बिना बिल के मेडिकल एजेंसियों के जरिए इन्हें बाजार में भेजा जाता था। मामले में औषधि निरीक्षक की तहरीर पर अमित कुमार, आसिफ और वासिफ के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ सिविल लाइंस भास्कर मिश्रा ने रविवार को बताया कि औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, अमरोहा की औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने 12 जून 2026 को चौधरपुर स्थित आरबी मेडिकल स्टोर से मोक्सीफिट-सीवी 625 टैबलेट का नमूना लिया था। राजकीय विश्लेषक उत्तर प्रदेश की 27 जुलाई 2026 को जारी रिपोर्ट में दवा को नकली घोषित किया गया।
इसके बाद मेडिकल स्टोर संचालक मोहम्मद आमिर से दवा की खरीद के स्रोत की जानकारी मांगी गई। आमिर ने बताया कि उसने दवा पाकबड़ा स्थित जेडआर मेडिकल से खरीदी थी। जेडआर मेडिकल ने इसकी खरीद एरिबा मेडिकल एजेंसी, पूनम विहार, पीएसी रोड मुरादाबाद से होना बताया। जांच में एरिबा मेडिकल एजेंसी के पार्टनर अमित कुमार से पूछताछ की गई तो उसने संबंधित दवा अमरोहा स्थित एरिबा फार्मास्यूटिकल्स से खरीदने की बात कही, लेकिन संबंधित बैच का बिल उपलब्ध नहीं करा सका।
बिना बिल के दवा खरीदने का आरोप
तहरीर के मुताबिक, पूछताछ में अमित कुमार ने आसिफ नाम के व्यक्ति से बिना बिल के नकली दवाएं खरीदने की बात बताई। आरोप है कि आसिफ के पास मेडिकल लाइसेंस नहीं था। वह चंडीगढ़, मोहाली, बद्दी, सोलन और उत्तराखंड के काशीपुर में टैबलेट और कैप्सूल तैयार करवाता था। इसके बाद दिल्ली में उनकी पैकिंग बदलवाकर अमित की मेडिकल एजेंसियों को बिना बिल के सप्लाई करता था। अमित ने औषधि निरीक्षक कार्यालय में इस संबंध में लिखित बयान भी दिया है।
भाई के मोबाइल में मिले वीडियो
औषधि विभाग की तहरीर के अनुसार, आसिफ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद टीम उसके घर पहुंची तो वहां उसका भाई वासिफ मिला। आरोप है कि वासिफ के मोबाइल फोन में आसिफ के साथ दवाओं की खरीद-बिक्री और पैकिंग मशीन से संबंधित वीडियो मिले। पुलिस ने आसिफ और वासिफ पुत्र अब्दुल वाजिद तथा अमित कुमार निवासी नवीन नगर, थाना सिविल लाइंस के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जाएगी।
आसिफ की गिरफ्तारी से खुल सकती हैं कई कड़ियां
औषधि निरीक्षक की तहरीर में उल्लेख है कि आसिफ वर्ष 2018-19 में भी नकली दवाओं के कारोबार के मामले में जेल जा चुका है। विभाग को आशंका है कि इस कारोबार में उसके भाई वासिफ की भी भूमिका रही है। अब पुलिस और औषधि विभाग की जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि नकली दवाओं का निर्माण कहां कराया जाता था, उनकी पैकिंग कहां बदली जाती थी और किन-किन मेडिकल एजेंसियों व दुकानों तक उनकी सप्लाई की गई।