Badaun News: कोल्ड ड्रिंक में जहर देने का आरोप, उपचार के दौरान युवती की मौत
प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक और उसके परिजनों पर लगाया था जहरीला पदार्थ पिलाने का आरोप, गांव में किया अंतिम संस्कार
बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के आरोप में गंभीर हुई युवती की सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। भाई ने पड़ोस के युवक और उसके परिजनों पर प्रेम प्रसंग के विवाद में जहर देने का आरोप लगाया था।
बिल्सी, अमृत विचार। प्रेम प्रसंग के विवाद में कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने के आरोप में गंभीर हुई युवती की उपचार के दौरान शनिवार को सैफई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामले में युवती के भाई ने 10 नवंबर को पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन का पड़ोस में रहने वाले मुशीर से करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर सात नवंबर को मुशीर ने उसकी बहन को घर बुलाया था। आरोप है कि वहां मुशीर ने अपनी मां और भाभी के साथ मिलकर कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर युवती को पिला दिया। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।
परिजन युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था। वहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया और अंतिम संस्कार किया गया।
