UP : महिला और सात साल के नाती की गला दबाकर हत्या
कान में नहीं मिला एक कुंडल, महिला की एक पाजेब भी पड़ी थी दूर
तीन दिन पहले दिल्ली में रहने वाले अपने बेटे के पास से आई महिला और उसके सात साल की नाती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह महिला की बेटी चाय देने पहुंची तो महिला का शव जमीन और बच्चे का शव चारपाई पर पड़ा था। डीआईजी मुनिराज, एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए।
बदायूं, अमृत विचार : तीन दिन पहले दिल्ली में रहने वाले अपने बेटे के पास से आई महिला और उसके सात साल की नाती की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह महिला की बेटी चाय देने पहुंची तो महिला का शव जमीन और बच्चे का शव चारपाई पर पड़ा था। डीआईजी मुनिराज, एसएसपी अंकिता शर्मा, एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलित किए। खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया है। डॉग स्क्वायड के माध्यम से हत्यारोपियों की तलाश कराई गई। अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।
बिनावर थाना क्षेत्र के गांव कान्हा नगला निवासी नियाज बनो के शौहर सोहेल का तकरीबन 15 साल पहले इंतकाल हो गया था। उन्होंने अपनी बेटी फिजा और हिना का निकाह गांव में ही किया था। उनके दो बेटे इमरान और इरफान दिल्ली में रहकर सिलाई का काम करते हैं। नियाज बानो गांव के बीच अपने मकान में रहती थीं। कुछ समय पहले अपने बेटों के पास दिल्ली गई थीं। तीन दिन पहले ही लौटकर आई थीं। शुक्रवार को बेटी हिना के घर खाना खाया और सोने के लिए अपने मकान पर गईं। हिना का सात साल का बेटा अफाक भी साथ गया। नियाज बानो और अफाक रात को अलग-अलग सोए थे।
शनिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे हिना चाय देने गईं तो मकान का दरवाजा खुला था। भीतर चारपाई पर अफाक और कमरे में नियाज बानो का शव पड़ा था। गले पर चोट के निशान थे। नियाज बानो के एक कान का कुंडल और पाजेब गायब थी। बाद में पाजेब मकान में ही मिल गई लेकिन कुंडल का पता नहीं चला। सूचना पर थाना प्रभारी नीरज मलिक पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि उनकी किसी से रंजिश नहीं थी। पुलिस लूट की वजह से हत्या की आशंका जता रही है। डीआईजी मुनिराज ने वारदात जल्द खुलासा करने को अधीनस्थों को निर्देशित किया है।
यह भी पढ़ें : बाराबंकी : 35 हजार की आय, 20 हजार की किस्त और चार बेटियां, तंगहाली के बीच बिखरा किरण पाल का परिवार
