बाराबंकी : 35 हजार की आय, 20 हजार की किस्त और चार बेटियां, तंगहाली के बीच बिखरा किरण पाल का परिवार

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

पड़ोसियों व परिजनों की बातचीत से गांधी नगर रेल हादसे की परिस्थितियों पर उठे गंभीर सवाल

 35 से 36 हजार रुपये की मासिक आमदनी, मकान की 20 हजार रुपये किस्त और चार बेटियों की परवरिश। इसके साथ ही लगातार खराब रहती सेहत और इलाज का खर्च। परिवार की इन्हीं परिस्थितियों के बीच किरण पाल की जिंदगी गुजर रही थी।

बाराबंकी, अमृत विचार :  35 से 36 हजार रुपये की मासिक आमदनी, मकान की 20 हजार रुपये किस्त और चार बेटियों की परवरिश। इसके साथ ही लगातार खराब रहती सेहत और इलाज का खर्च। परिवार की इन्हीं परिस्थितियों के बीच किरण पाल की जिंदगी गुजर रही थी। पड़ोसियों और परिजनों की बातचीत में सामने आई इन बातों ने गांधी नगर रेल हादसे के पीछे की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। 

रामतेज पाल वन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। करीब तीन साल पहले उन्होंने मकान खरीदा, जिसकी किस्त में हर महीने लगभग 20 हजार रुपये चले जाते थे। पड़ोसी राजेश वर्मा के मुताबिक, सीमित वेतन में घर चलाने और चार बेटियों के भविष्य की चिंता किरण को परेशान करती थी। बच्चेदानी का ऑपरेशन होने के बाद से उनकी तबीयत भी अक्सर खराब रहती थी। इलाज के खर्च को लेकर भी वह चिंतित थीं। आसपास के लोगों ने भी उनके व्यवहार में तनाव महसूस किया। 

शुक्रवार शाम परिवार पर ऐसा कहर टूटा कि घर की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। रामतेज अपनी 12 वर्षीय बड़ी बेटी रिया के साथ कपड़े खरीदने बाजार गए थे। घर पर मौजूद किरण अपनी तीन छोटी बेटियों को लेकर निकल गईं। गांधी नगर के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से किरण और तीनों बच्चियों की मौत हो गई। 20 साल पहले हुई शादी के बाद रामतेज के परिवार में चार बेटियां थीं। अब 12 वर्षीय रिया ही परिवार में बची है। मां और तीन बहनों को खोने के बाद से उसका रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, रामतेज बदहवास हैं।

रिपोर्ट : नितिन श्रीवास्तव

संबंधित समाचार