Badaun News: बदायूं में कोल्ड स्टोर का ट्रांसफार्मर काटकर ले गए चोर, दो लाख का नुकसान
सिद्धपुर चित्रसेन गांव में ओम हरिबोल कोल्ड स्टोर को बनाया निशाना, 250 केवीए ट्रांसफार्मर से कॉपर निकाला, समरसेबल मोटर भी चोरी
बिल्सी के सिद्धपुर चित्रसेन गांव में चोरों ने ओम हरिबोल कोल्ड स्टोर से 250 केवीए का ट्रांसफार्मर काटकर चोरी कर लिया। समरसेबल मोटर भी ले गए। करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
गांव सिद्धपुर चित्रसेन में ईंट भट्ठे के पास ओम हरिबोल कोल्ड स्टोर स्थित है। यह कोल्ड स्टोर भाजपा नेता हर्षित वार्ष्णेय का है। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात चोरों ने परिसर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सबसे पहले वहां लगे 250 केवीए के ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। उसे काटकर उसके अंदर से कीमती कॉपर निकाल लिया। इसके बाद समरसेबल की मोटर भी चोरी कर ले गए।
बुधवार को जब हर्षित वार्ष्णेय कोल्ड स्टोर पहुंचे तो वहां ट्रांसफार्मर और मोटर गायब मिली। परिसर में ट्रांसफार्मर काटे जाने के निशान और सामान बिखरा देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने आसपास जानकारी जुटाई, लेकिन चोरों का कोई पता नहीं चल सका।
हर्षित वार्ष्णेय ने मामले की शिकायत बिल्सी कोतवाली पुलिस से की है। उन्होंने तहरीर देकर चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। ट्रांसफार्मर काटकर उसके अंदर से कॉपर निकालने की घटना से क्षेत्र के लोगों में भी चर्चा है। पुलिस से मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने की मांग की गई है।
