Bareilly News: अब बरेली से वृंदावन का सफर होगा आधा, बदायूं रोड पर खुलेगा विकास का नया रास्ता
गंगा एक्सप्रेसवे के बाद बरेली-मथुरा हाईवे का फोरलेन चौड़ीकरण बनेगा गेम चेंजर, उद्योग-कारोबार और पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
बरेली-बदायूं-मथुरा नेशनल हाईवे के चौड़ीकरण से बरेली से मथुरा-वृंदावन का सफर आसान होगा। गंगा एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी और फोरलेन सड़क से औद्योगिक निवेश, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
बरेली, अमृत विचार। अब कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन पहुंचने के लिए लंबा सफर तय करने की मजबूरी कम होने वाली है। गंगा एक्सप्रेसवे ने जहां बरेली से प्रयागराज और मेरठ की राह आसान की है, वहीं बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे का चौड़ीकरण पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ धार्मिक पर्यटन की नई राह खोलेगा। अभी बरेली से मथुरा-वृंदावन पहुंचने में सात से आठ घंटे से अधिक लग जाते हैं। हाईवे का काम पूरा होने के बाद यह सफर करीब तीन से चार घंटे में पूरा होने की उम्मीद है। सड़क की बेहतर कनेक्टिविटी सिर्फ यात्रियों को राहत नहीं देगी, बल्कि बदायूं रोड के आसपास उद्योग, कारोबार, होटल और व्यावसायिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार देगी।
कभी बदायूं रोड पर सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं था। सिंगल लेन सड़क पर वाहनों की आवाजाही मुश्किल रहती थी। लालफाटक रेलवे क्रॉसिंग पर जाम लोगों का समय बर्बाद करता था। करीब पांच साल पहले लालफाटक पुल बनने से इस मार्ग की तस्वीर बदलनी शुरू हुई। इसके बाद लालफाटक से रामगंगा तक पीडब्ल्यूडी ने सड़क को फोरलेन कराया। अब रामगंगा से आगे बरेली-बदायूं-मथुरा हाईवे का चौड़ीकरण विकास की अगली कड़ी बनने जा रहा है।
बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे का निर्माण करीब 7700 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत चार चरणों में कराया जा रहा है। तीसरे और चौथे चरण में 56 किलोमीटर के हिस्से का काम एनएचएआई बदायूं डिवीजन के पास है। बदायूं की ओर से काम पूरा होने के बाद अब बरेली की तरफ निर्माण तेजी से चल रहा है। इस हिस्से में छह ओवरब्रिज बनाए जाने हैं। परियोजना के लिए 13 गांवों के 1655 किसानों की करीब 31 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया है। एनएचएआई के मुताबिक बरेली-बदायूं के बीच करीब 42 फीसदी काम पूरा हो चुका है। परियोजना नवंबर 2027 तक पूरी करने का लक्ष्य है।
गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़कर बदायूं रोड बनेगी विकास की नई धुरी
बदायूं रोड की अहमियत गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ने के बाद और बढ़ गई है। बिनावर में एप्रोच रोड बनने से बरेली से प्रयागराज और मेरठ की ओर आवागमन आसान हुआ है। अब बरेली-मथुरा हाईवे का चौड़ीकरण पूरा होने पर यह मार्ग पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शहरों के साथ दिल्ली और लखनऊ की ओर जाने वाले यात्रियों और कारोबारियों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।
बेहतर कनेक्टिविटी के चलते हाईवे के आसपास ट्रांसपोर्ट नगर, वेयरहाउस, ऑटोमोबाइल शोरूम, निजी अस्पताल और आधुनिक आवासीय कॉलोनियों के विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। लालफाटक पार क्षेत्र में पहले ही कई आवासीय कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। दूरदर्शन केंद्र, रामगंगा-चौबारी मेला स्थल और आईटीबीपी कैंप भी इसी मार्ग की पहचान हैं। आने वाले समय में होटल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी यह क्षेत्र महत्वपूर्ण बन सकता है।
लालफाटक पुल ने हटाई राह की सबसे बड़ी बाधा
बदायूं रोड पर यातायात की सबसे बड़ी परेशानी लालफाटक रेलवे क्रॉसिंग थी। ट्रेन गुजरने के दौरान वाहनों की लंबी कतारें लग जाती थीं। सिंगल लेन सड़क के कारण आमने-सामने से वाहनों को निकलने में भी दिक्कत होती थी। करीब पांच साल पहले लालफाटक पुल बनने से रेलवे क्रॉसिंग की बाधा दूर हुई। इसके बाद लालफाटक से रामगंगा तक सड़क फोरलेन होने से आवागमन में राहत मिली। अब रामगंगा से आगे हाईवे चौड़ीकरण पूरा होने पर बरेली से बदायूं की राह भी और आसान हो जाएगी।
वृंदावन के दर्शन के लिए नहीं करना होगा लंबा इंतजार
बरेली और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा-वृंदावन में दर्शन के लिए जाते हैं। फिलहाल लंबी दूरी और रास्ते में लगने वाले समय के कारण यात्रा में काफी वक्त खर्च होता है। हाईवे चौड़ीकरण पूरा होने के बाद बरेली से मथुरा-वृंदावन का सफर करीब तीन से चार घंटे में पूरा होने की उम्मीद है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। मथुरा, हाथरस और कासगंज के अलावा बरेली मंडल के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। किसानों और व्यापारियों के लिए भी बड़े बाजारों और मंडियों तक माल पहुंचाना आसान होगा।
उद्यमियों को दिख रहा निवेश का अवसर
गंगा एक्सप्रेसवे और बरेली-मथुरा हाईवे की कनेक्टिविटी क्षेत्र के लिए बड़ा अवसर है। बदायूं रोड फोरलेन होने से औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। बेहतर सड़क से कच्चा माल मंगाने और तैयार उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे परिवहन लागत घटेगी और नए उद्योग लगाने के लिए निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। -रजत महरोत्रा, उद्यमी
बदायूं रोड के चौड़ीकरण की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ाव होने पर दूसरे शहरों के निवेशक भी इस क्षेत्र में उद्योग लगाने के लिए आकर्षित होंगे। वेयरहाउस और छोटे-बड़े उद्योग विकसित हो सकते हैं। इससे बरेली के साथ आसपास के कस्बों की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। -बिमल रेबाड़ी, उद्यमी
बदायूं रोड लंबे समय से ट्रांसपोर्ट कारोबार के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। संकरी सड़क और जाम के चलते मालवाहक वाहनों का काफी समय बर्बाद होता था। फोरलेन बनने से ट्रकों की आवाजाही आसान होगी। समय और डीजल की बचत के साथ माल की डिलीवरी भी समय पर हो सकेगी। इससे ट्रांसपोर्ट कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।- दीपक द्विवेदी, ट्रांसपोर्टर
नवंबर 2027 तक पूरा होगा हाईवे का काम
बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे का चौड़ीकरण चार चरणों में कराया जा रहा है। बरेली-बदायूं के बीच करीब 42 फीसदी काम पूरा हो चुका है। मानसून और त्योहारों के दौरान काम की गति धीमी हुई थी, लेकिन अब निर्माण कार्य फिर तेजी से चल रहा है। परियोजना को नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
--उत्कर्ष शुक्ला, परियोजना निदेशक, एनएचएआई बदायूं डिवीजन
