नई दिल्ली, अमृत विचार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा भी शामिल हुए।
दीपावली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवानों के साथ दीपावली मनाने की परंपरा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय से दिवाली के अवसर पर देश के जवानों के बीच पहुंचते हैं और उनके साथ त्योहार मनाते हैं।
INS विक्रांत से बर्फीली सरहद तक जवानों के बीच पहुंचे पीएम
नितिन नवीन ने कहा कि आईएनएस विक्रांत से लेकर बर्फीली सरहद तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जवानों के साथ दीपावली मनाते रहे हैं। इस वर्ष नक्सलवाद खत्म होने के बाद उन सैनिकों के साथ भी प्रधानमंत्री का दीपावली मिलन हुआ।
वैश्विक स्तर पर बढ़ रहा भारतीय त्योहारों का आकर्षण
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दीपावली का पर्व धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि आपने भारतीय त्योहारों और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर जिस तरह स्थापित किया है, उससे पूरी दुनिया में भारतीय पर्वों के प्रति आकर्षण बढ़ा है।
यह भी पढ़ें:- योगी सरकार में निवेश का नया रिकॉर्ड, यूपी में 35 हजार से ज्यादा कारखाने, 25 हजार पार हुए स्टार्टअप