इस मौके पर डीएम ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के विकास और भविष्य की योजनाओं का आधार है। इसके आंकड़ों से जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के बेहतर नियोजन और विकास की प्राथमिकताएं तय करने में मदद मिलती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वगणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने तथा परिवार के सभी सदस्यों की सही एवं सटीक जानकारी दर्ज करने की अपील की।
लोगों को भी करें जागरूक
डीएम ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान की सफलता प्रत्येक नागरिक की भागीदारी पर निर्भर करती है। लोग खुद स्वगणना करने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संतोष कुमार सिंह सहित कैंप कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।