धर्मेंद्र प्रधान का राहुल गांधी पर हमला: बोले- सत्ता के लालच में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र का कर रहे अपमान
विदेशों से प्रेरणा लेकर देश में अराजकता और अस्थिरता फैलाने की रची जा रही साजिश
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सत्ता के लोभ में संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। प्रधान ने छात्रों की आड़ में अराजकता फैलाने और अलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन की साजिश रचने का भी आरोप लगाया
लखनऊ, अमृत विचार: धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी पर करारा हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सत्ता पाने के लालच में बार-बार जनता के जनादेश का अपमान कर रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं की साख गिराकर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचा रहे हैं।धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राष्ट्रीय हित, सुधारों और छात्रों के कल्याण के नाम पर किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों की सच्चाई अब देश के सामने आ चुकी है।
छात्रों की आड़ में अराजकता की साजिश केंद्रीय मंत्री ने कहा कि खुले तौर पर बांग्लादेश से प्रेरणा लेने और 'सत्ता परिवर्तन' की बातें करना यह साफ दिखाता है कि छात्रों की आड़ में देश में अराजकता और राजनीतिक अस्थिरता फैलाने की गहरी साजिश रची जा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विदेशी ताकतों के दम पर सत्ता का सपना देखने वाले राष्ट्रविरोधी तत्वों को यह समझ लेना चाहिए कि भारत में सरकार सिर्फ और सिर्फ लोकतांत्रिक प्रक्रिया यानी चुनाव के जरिए ही बदलती है। देश की जनता ऐसी अलोकतांत्रिक सोच को कभी स्वीकार नहीं करेगी।
चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाना कांग्रेस की पुरानी आदत राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब भी चुनाव में मनमुताबिक नतीजे नहीं मिलते, तब कांग्रेस और उनके नेता लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अविश्वास पैदा करने की कोशिश करने लगते हैं। अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए जनता को परेशान करना कांग्रेस का पुराना तरीका रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि हाथ में संविधान लेकर घूमने वाले राहुल गांधी को देश की जनता बार-बार नकार चुकी है, लेकिन फिर भी वे सत्ता के लोभ में जनादेश और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने से बाज नहीं आ रहे हैं। उनका लोकतंत्र के प्रति यह रवैया बेहद शर्मनाक है।
यह भी पढ़ें: डर के माहौल से खेल के मैदान तक… CM योगी ने बताया साढ़े 9 साल में कैसे बदला यूपी
