Hardoi News : नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर से घायल बाघ गन्ने के खेत में भागा, जहानीखेड़ा क्षेत्र में दहशत

Amrit Vichar Network
On

कैंची धाम जा रहे परिवार के सामने अचानक आ गया बाघ, अर्टिगा से जोरदार टक्कर; एयरबैग खुलने से बची जान, घटना के बाद जहानीखेड़ा क्षेत्र के कई गांवों में हाई अलर्ट

लखीमपुर खीरी के जंगलों से निकला बाघ हरदोई के पिहानी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पार करते समय अर्टिगा कार से टकरा गया। हादसे के बाद घायल बाघ गन्ने के खेतों में छिप गया। तीन रेंजों की वन विभाग की टीमें ड्रोन से उसकी तलाश कर रही हैं। जहानीखेड़ा क्षेत्र के कई गांवों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।

पिहानी/हरदोई, अमृत विचार। लखीमपुर खीरी के जंगलों से निकलकर एक बाघ के विकासखंड पिहानी क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। हन्ना पसिगवां गांव की तरफ से आ रहा बाघ नेशनल हाईवे पार कर रहा था, तभी सिंह ढाबे के पास एक अर्टिगा कार से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद बाघ घायल अवस्था में गांव की ओर भाग निकला और गन्ने के खेतों में छिप गया। घटना के बाद जहानीखेड़ा क्षेत्र के कई गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, कार मैगलगंज निवासी राजेश कुमार श्रीवास्तव के नाम पर पंजीकृत है। इसमें मैगलगंज के डॉ. अशोक विश्वकर्मा का परिवार उत्तराखंड स्थित कैंची धाम जा रहा था। इसी दौरान अचानक बाघ सड़क पर आ गया और कार से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि एयरबैग खुलने से कार सवार परिवार सुरक्षित बच गया। 

6

वहीं, टक्कर के बाद बाघ कुछ देर सड़क किनारे गिरा रहा और फिर उठकर गांव की तरफ गन्ने के खेतों में भाग गया।सूचना मिलने पर जहानीखेड़ा चौकी प्रभारी प्रभात गंगवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। NHAI की टीम की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने सरैया, बंदीपुरवा, पसिगवां माफी, जहानीखेड़ा समेत आसपास के गांवों में सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।

तीन रेंजों की वन विभाग की टीमें तलाश में जुटीं

बाघ के घायल होने की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। इसके लिए मोहम्मदी रेंज, मैगलगंज रेंज और शाहाबाद रेंज की टीमें लगाई गई हैं। वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरे की मदद से बाघ की तलाश कर रही है। साथ ही गन्ने के खेतों में उसके पैरों के निशान भी खोजे जा रहे हैं।तलाशी अभियान में शाहाबाद रेंजर नीलम मौर्य, श्रीवास्तव जी, सुशील कुमार, उदय पाल सिंह, पिहानी  प्रशंसा कनौजिया, राहुल आदि शाहाबाद सहित तीनों रेंजों का समस्त स्टाफ जुटा हुआ है। वन विभाग की टीमें आसपास के खेतों और गांवों में लगातार निगरानी कर रही हैं। हालांकि अभी तक बाघ की लोकेशन का पता नहीं चल सका है।

15 वर्ष पहले बाघ के हमले में हुई थी युवक की मौत

ग्रामीणों के मुताबिक, जहानीखेड़ा क्षेत्र के आसपास के गांवों में पहले भी बाघ की आवाजाही होती रही है। करीब 15 वर्ष पहले क्षेत्र में बाघ के हमले में एक युवक की जान भी जा चुकी है। ऐसे में बाघ के दोबारा क्षेत्र में पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बाघ की तत्काल तलाश कर उसे सुरक्षित पकड़ने की मांग की है।

पुलिस और वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि बच्चों को अकेले बाहर न भेजें, मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें और रात में खेतों की ओर जाने से बचें। बाघ या उसके पंजों के निशान दिखाई देने पर मौके पर भीड़ न लगाएं और उसके करीब जाने की कोशिश न करें। तत्काल 112 या स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दें। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

यह भी पढ़ें:-Hardoi News : संडीला में खूनी वारदात से हड़कंप, ईंट से सिर कुचलकर प्लंबर की हत्या, भाई से पुलिस कर रही पूछताछ

 

संबंधित समाचार