CM योगी बोले- घर कच्चे थे, लेकिन इरादे पक्के; पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की आत्मकथा से युवाओं को मिलेगी प्रेरणा
लोकभवन में पूर्व राष्ट्रपति की आत्मकथा के हिंदी संस्करण का विमोचन, सीएम ने स्मार्टफोन और सोशल मीडिया पर समय गंवाने के बजाय अध्ययन व व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की दी सलाह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की आत्मकथा के हिंदी संस्करण का विमोचन किया। उन्होंने कोविन्द के संघर्षपूर्ण जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया और रील-लाइक के पीछे समय गंवाने के बजाय अध्ययन पर ध्यान देने की अपील की। सीएम ने बताया कि प्रदेश के 57,600 ग्राम सचिवालयों में पुस्तकालय के लिए अलग कक्ष निर्धारित किया गया है।
लखनऊ, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लोकभवन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की आत्मकथा ‘भारतीय गणतंत्र की विजयगाथा: मेरा जीवन, मेरा संघर्ष’ के हिंदी संस्करण का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अभावों को संघर्ष का मार्ग बनाकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले रामनाथ कोविन्द की जीवन यात्रा युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर देहात के परौंख गांव के एक गरीब परिवार में जन्मे रामनाथ कोविन्द ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद शिक्षा हासिल की। अधिवक्ता के रूप में उन्होंने वंचितों की आवाज उठाई और फिर सार्वजनिक जीवन में आगे बढ़ते हुए राज्यसभा सदस्य, बिहार के राज्यपाल और देश के राष्ट्रपति पद तक पहुंचे।
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2110277537373077953?ref_src=twsrc%5Egoogle%7Ctwcamp%5Eserp%7Ctwgr%5Etweet
'घर कच्चे थे, लेकिन इरादे पक्के थे'
योगी आदित्यनाथ ने कहा, "घर कच्चे थे, लेकिन इरादे पक्के थे।" रामनाथ कोविन्द की जीवन यात्रा बताती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और परिश्रम के बल पर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता युवाओं को कठिनाइयों से हार न मानने और निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति जीवन में कितनी भी ऊंचाई हासिल कर ले, उसे अपनी जन्मभूमि, गांव और पुराने संबंधों को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से महापुरुषों की जीवनियां और आत्मकथाएं पढ़ने की अपील की। कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान नहीं बढ़ातीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
रील और लाइक के पीछे समय गंवाने से बचें युवा
मुख्यमंत्री ने स्मार्टफोन और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोग प्रतिदिन पांच से सात घंटे तक इन पर खर्च कर रहे हैं। युवाओं को रील और लाइक के पीछे समय गंवाने के बजाय अध्ययन, ज्ञान अर्जन और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देना चाहिए। योगी ने कहा कि तकनीक का उपयोग उपयोगी कार्यों और ज्ञान बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए। युवाओं को अपने समय का बेहतर प्रबंधन करते हुए पढ़ाई और भविष्य निर्माण को प्राथमिकता देनी चाहिए।
प्रदेश के 57,600 ग्राम सचिवालयों में पुस्तकालय की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 57,600 ग्राम सचिवालयों में पुस्तकालय के लिए अलग कक्ष निर्धारित किया गया है। सरकार गांवों में बच्चों को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ डिजिटल पुस्तकालयों के विकास पर भी काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने के लिए बेहतर माहौल और संसाधन उपलब्ध होने से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। पुस्तकालयों के माध्यम से युवाओं और विद्यार्थियों में अध्ययन की आदत विकसित करने में मदद मिलेगी।
सविता कोविन्द समेत कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द की पत्नी सविता कोविन्द, विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मौजूद रहे। इसके अलावा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, असीम अरुण सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आत्मकथा के हिंदी संस्करण के विमोचन के अवसर पर रामनाथ कोविन्द के संघर्ष, शिक्षा और सार्वजनिक जीवन की यात्रा को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
यह भी पढ़ें:-Hardoi News: नौकरी का झांसा देकर किशोरी को राजस्थान ले गया युवक, दुष्कर्म और 50 हजार रुपये ठगने का आरोप
