संभल में सांप ने काटने पर बच्चे को लगाया गलत इंजेक्शन! एंटी वेनम की जगह एंटी रैबीज देने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

संभल के मूसापुर गांव में सांप के काटने के बाद 4 वर्षीय अदीब को जिला संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि एंटी-वेनम की जगह एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। हालत बिगड़ने पर बच्चे को निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है।

संभल। कैलादेवी थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव में सांप के काटने के बाद चार वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर होने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि जिला संयुक्त चिकित्सालय में सांप के काटने के इलाज के लिए एंटी-वेनम की जगह एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगा दिया गया। हालत बिगड़ने के बाद बच्चे को निजी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है, जहां 21 सितंबर की रात से उसका इलाज चल रहा है।

दीवार के छेद में हाथ डालते ही सांप ने काटा

मूसापुर गांव निवासी अबुल हसन का चार वर्षीय बेटा अदीब 21 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे घर के आंगन में कंचे खेल रहा था। पिता के मुताबिक, खेलते समय एक कंचा दीवार के छेद में चला गया। अदीब ने जैसे ही छेद में हाथ डाला, सांप ने उसे काट लिया।

बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उसी दिन संभल के जिला संयुक्त चिकित्सालय लेकर पहुंचे। परिवार के मुताबिक, वहां बच्चे का पर्चा बनाया गया और दर्द की दवा के साथ एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाया गया। उसे दो टैबलेट भी दी गईं। इसके बाद परिजन बच्चे को घर वापस ले आए।

दवा खाने के बाद होने लगी उल्टियां

परिजनों का कहना है कि शाम को दवा खाने के बाद अदीब को उल्टियां होने लगीं। उसकी हालत बिगड़ती देख परिवार के लोग उसे दोबारा सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।

इसके बाद परिजन बच्चे को संभल के कस्बा कोतवाली क्षेत्र में चंदौसी रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। परिवार के अनुसार, निजी अस्पताल में जांच के दौरान बच्चे के सांप के काटे जाने की पुष्टि हुई।

21 सितंबर की रात से ICU में इलाज

परिजनों के मुताबिक, 21 सितंबर की रात करीब 10 बजे से अदीब का निजी अस्पताल के ICU में इलाज चल रहा है। बच्चे के पिता अबुल हसन और चाचा तबारक हुसैन का आरोप है कि सरकारी अस्पताल में एंटी-वेनम की जगह एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जाने के बाद बच्चे की हालत बिगड़ी।

अबुल हसन का कहना है कि सरकारी अस्पताल में कर्मचारियों ने पहले बच्चे को ततैया के काटने की बात कही। परिवार ने सांप के काटने की बात बताई, लेकिन उनके अनुसार इस पर ध्यान नहीं दिया गया। उनका आरोप है कि बच्चे को कुत्ते के काटने में इस्तेमाल होने वाला एंटी-रेबीज और दर्द का इंजेक्शन लगाया गया।

चाचा तबारक हुसैन के मुताबिक, घर लौटने के बाद दवा खाने पर बच्चे को उल्टियां हुईं। इसके बाद उसकी हालत और बिगड़ गई, आंखें चढ़ने लगीं और शरीर ठंडा पड़ गया। दोबारा सरकारी अस्पताल ले जाने के बाद परिवार संतुष्ट नहीं हुआ और बच्चे को निजी अस्पताल ले गया, जहां सांप के काटने की पुष्टि होने की बात परिजनों ने कही है।

पर्चे को लेकर भी उठे सवाल

बच्चे के चाचा ने सरकारी अस्पताल का पर्चा भी दिखाया है। परिवार ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है। हालांकि, एंटी-वेनम की जगह एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जाने और इसी वजह से बच्चे की हालत बिगड़ने की बात की अभी स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। फिलहाल अदीब का निजी अस्पताल के ICU में इलाज जारी है।

यह भी पढ़ेंः Agra: BJP विधायक छोटेलाल वर्मा का निधन, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

संबंधित समाचार