Sultanpur Robbery: आठ किलो चांदी की लूट का मास्टरमाइंड कारोबारी का ही सहयोगी निकला, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

टीकर मोड़ पर तमंचे की बट से हमला कर लूटा था आभूषणों से भरा बैग, दिल्ली से बुलाए गए थे वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश

सुलतानपुर के धनपतगंज में आठ किलो चांदी की लूट का पुलिस ने खुलासा किया। कारोबारी का सहयोगी मुख्य साजिशकर्ता निकला। दो गिरफ्तार, 4.252 किलो चांदी और तमंचा बरामद।

सुलतानपुर, अमृत विचारः धनपतगंज थाना क्षेत्र के टीकर  मोड़ पर कारोबारी से चांदी के आभूषणों की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट की साजिश कारोबारी के सहयोगी ने ही रची थी। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता लल्लन गिरी और उसके साथी राधेश्याम वर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 किलो 252 ग्राम चांदी के आभूषण, चांदी के नोट, दो राधा-श्रृंगार, घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस और कारोबारी के आवश्यक दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।

बीते चार नवंबर को सेवरा  गांव निवासी हिमाचल मिश्रा अपने सहयोगी लल्लन गिरी के साथ मोटरसाइकिल से  आभूषणों का विक्रय करने जा रहे थे। टीकर  मोड़ के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका बैग छीन लिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने तमंचे की बट से हिमाचल मिश्रा के सिर पर वार कर घायल कर दिया। बैग में करीब आठ किलो चांदी के आभूषण बताए गए थे। घटना की सूचना पर एसपी ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को खुलासे के निर्देश दिए थे। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एसओजी और सर्विलांस समेत पांच टीमें लगाई गई थीं।

 दिल्ली से बुलाए थे बदमाश

पुलिस जांच में सामने आया कि कारोबारी का सहयोगी लल्लन गिरी निवासी सेवरा  लूट का मुख्य साजिशकर्ता था। उसने गांव के राधेश्याम वर्मा के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। दिल्ली में नौकरी कर चुके राधेश्याम के दो परिचित सुरजीत सिंह संधू उर्फ चाचा निवासी पंजाब और एक अन्य व्यक्ति को दिल्ली से सुलतानपुर बुलाया गया। योजना के तहत सुरजीत और उसके साथी को तमंचा उपलब्ध कराया गया।

लल्लन गिरी ने फोन पर वार्ता कर कारोबारी के आने का समय और रास्ता बताया। इसके बाद सुरजीत अपने अज्ञात साथी के साथ टीकर  मोड़ पूर्व पहुंचा। हिमाचल मिश्रा और लल्लन गिरी के पहुंचते ही बदमाशों ने बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध पर हिमाचल मिश्रा के सिर पर तमंचे की बट से वार कर उन्हें घायल कर दिया और आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

 आधा माल लेकर आया था राधेश्याम

पुलिस के अनुसार, घटना के दिन शाम करीब पांच बजे सुरजीत ने राधेश्याम को सुलतानपुर बुलाकर लूटे गए माल का आधा हिस्सा, दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा सौंप दिया। राधेश्याम ने लूटे गए आभूषण और तमंचे को अपने घर के पास जमीन में गाड़ दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर माल बरामद कर लिया। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इनपुट- अजय कुमार पांडेय

यह भी पढ़ेंः Muzaffarnagar News: भाजपा नेता के गोदाम पर छापा, अवैध पटाखा भंडारण का मामला दर्ज; भतीजा गिरफ्तार

संबंधित समाचार