नानकमत्ता, अमृत विचार। कोरोना के कहर की रफ्तार के कारण निजी अस्पताल को 40 बेड का कोविड सेंटर बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। इसे लेकर विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने इस अस्पताल का निरीक्षण भी किया।
जानकारी के अनुसार, पंथ रत्न बाबा हरबंस सिंह बाबा टहल सिंह चैरिटेबल अस्पताल को कोविड सेंटर बनाने के लिए विधायक डॉक्टर प्रेम सिंह राणा ने धार्मिक डेरा कारसेवा के प्रमुख बाबा तरसेम सिंह से कोविड सेंटर बनाने हेतु वार्ता की और अस्पताल का निरीक्षण किया। बाबा तरसेम सिंह ने अस्पताल को 40 बेड का कोविड सेंटर बनाने की अनुमति दे दी है।
मालूम हो कि इस समय बड़ी संख्या में लोग करोना वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। समय पर इलाज ना मिलने पर कई लोगों की जान जा चुकी है। विधायक राणा के प्रयास से पंथ रत्न अस्पताल में 40 बेड का कोविड सेंटर खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। विधायक प्रेम सिंह राणा मरीजों की सहायता करने के लिए जुटे हुए हैं। राणा ने गुरु रामदास अस्पताल को कोविड सेंटर बनाने के लिए प्रार्थना पत्र सरकार को सौंपा। राणा के प्रयास से सीएनसी में 15 ऑक्सीजन कंसन्टेटर की व्यवस्था करवाई और पांच गैस सिलेंडर्स की इमरजेंसी व्यवस्था भी की गई। साथ ही लोगों को मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा और लॉकडाउन में बेवजह बाहर ना घूमने के लिए निर्देश दिए। लोगों को पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।