हल्द्वानी पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत : कुमारी शैलजा के पत्र से लेकर आरोपों तक, दिए तीखे जवाब
स्वराज आश्रम में पत्रकारों से बातचीत में हरीश रावत ने साधा निशाना, कहा- 'मेरी चुगली कहीं भी करते रहो, लेकिन मैं जवाब दूंगा
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सोमवार शाम हल्द्वानी पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के पत्र, अपनी स्वास्थ्य स्थिति और भाजपा तथा आंतरिक विरोधियों पर खुलकर बात की। रामनगर में उनका जेसीबी से फूलों की बारिश कर स्वागत हुआ।
हल्द्वानी,अमृत विचार: पूर्व सीएम हरीश रावत जनसंवाद रैली के दौरान सोमवार शाम हल्द्वानी पहुंचे। यहां स्वराज आश्रम में उन्होंने पत्रकारों के सामने इशारों-इशारों में हर सवाल का जवाब दिया। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस राज्य प्रभारी कुमारी शैलजा के उस पत्र का भी जवाब दे दिया जिसमें उनके कार्यक्रमों पर आपत्ति जताई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं लोगों के प्रति कृतज्ञ हूं और उनका धन्यवाद देने आया हूं जिन्होंने अस्वस्थ होने पर मेरा पुरसाहाल लिया।
उन्होंने नाराजगी भी जताई कि जब भाजपा उन पर आरोप लगा रही थी तब यहां किस कांग्रेसी ने पदयात्रा की। बोले, मेरे ऊपर ईडी व सीबीआई का प्रयोग ही नहीं, भाजपा द्वारा लगाए गए और कांग्रेस कार्यकाल के भी आरोप हैं। मैंने 42 हजार लोगों की नौकरियां दीं। नौकरी बेचने वालों पर कार्रवाई की। इसके बावजूद उत्तराखंड में कोई विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। मैं इन दागों के साथ नहीं जाऊंगा इसलिए उन आरोपों का जवाब देने के लिए आया हूं।
चुगली कहीं भी करते रहो लेकिन मैं जवाब दूंगा
हरीश रावत के मुताबिक, मेरी चुगली कहीं भी करते रहो लेकिन मैं जवाब दूंगा। साथ ही कहा कि जब में अस्वस्थ्य था तो हजारों लोग मुझे देखना चाहते थे। रावत ने कहा कि मेरा कार्यक्रम कहीं से भी राजनीतिक नहीं है। वहीं, भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि मैं जमीन पर कान लगाता हूं बदलाव सुनाई देता है। और पूरा विश्वास है कि यह होकर रहेगा। कार्यक्रम में नारायण पाल, विधायक हरीश धामी, महानगर अध्यक्ष राहुल छिम्वाल, खजान गुड्डू, गुरप्रीत प्रिंस, वरुण प्रताप सिंह भाकुनी आदि रहे।
रूपयों देने वालों के काम फंसे
मौजूदा सरकार पर आरोप लगाते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार में यह सरकार पूरी तरह से डूबी है। इंदिरा हृदयेश को भी याद करते हुए कहा कि वह हमारी हेड मास्टर थीं। कहा कि मेरे सीएम रहते उन्होंने मुझसे कहा कि कुछ लोग फायदा उठाकर एक ब्रांड की शराब ज्यादा बिकवा रहे हैं और मैंने तुरंत आर्डर जारी करके कोटा निर्धारित किया। कहा कि सुमित ने उनकी विरासत को सही संभाला है और अब उनके जिम्मे हल्द्वानी नहीं पूरे कुमाऊं का जिम्मा है। उन्होंने विधायक मदन बिष्ट, मनोज तिवाड़ी और पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के लिए कहा कि इन लोगों को राजनीति में आगे बढ़ाने के लिए मैंने अपनों के टिकट काटे हैं।
रामनगर में जेसीबी से हुई फूलों की बारिश
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत के सोमवार शाम रामनगर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। शिवलालपुर चुंगी पर जेसीबी से फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया गया। बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी से माहौल उत्साहपूर्ण रहा। स्वागत करने वालों में कांग्रेस से निष्कासित पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी भी समर्थकों के साथ पहुंचे। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हरीश रावत पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रीतम सिंह, पालिकाध्यक्ष मौ. अकरम, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री पुष्कर दुर्गापाल, ताइफ खान, सभासद तनुज दुर्गापाल समेत अन्य नेता मौजूद रहे।
