मुरादाबाद : पुल निर्माण के दौरान नहर में पानी छोड़ने से वैकल्पिक व्यवस्था रास्ता बंद, हंगामा
दो प्रदेशों के राहगीरों को आवाजाही में हुई परेशानी, जेई ने दिया व्यवस्था का आश्वासन
मुरादाबाद/ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। मुख्य नहर के पुल निर्माण के दौरान तुमरिया डैम से नहर में पानी छोड़ने से आवागमन के लिए बनाई गई वैकल्पिक व्यवस्था धराशाई हो गई। जेई के आदेश पर वैकल्पिक व्यवस्था को मजदूरों से हटवा कर नहर में पानी छोड़ने की सूचना पर ग्रामीणों ने हंगामा दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि दो प्रदेशों के जोड़ने वाले मार्ग पर बनी नहर के पुल के निर्माण के दौरान लोगों को आवागमन में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि बाइक सवार भी नहीं निकल पा रहे हैं। विभाग ने संकेत चिह्न भी नहीं लगवाया है। इसे लेकर ग्रामीणों ने निर्माणाधीन पुल पर जमकर हंगामा किया। करीब डेढ़ माह से मुख्य नहर पर पुल का निर्माण चल रहा है। आवागमन के लिए पुल के नीचे वैकल्पिक रास्ता बनाया गया था। दो दिन पहले डैम से नहर में पानी छोड़ा गया।
इससे निर्माणाधीन पुल में पानी भर गया। शनिवार को जेई के आदेश पर ठेकेदार के मजदूरों ने वैकल्पिक रास्ते में नाली खोदकर पानी की निकासी कराई। इस दौरान वहां पर राहगीरों की भीड जुट गई। इसको लेकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने नाली खोद रहे मजदूरों को रोक दिया। ग्रामीणों से मोबाइल फोन पर कहासुनी भी हुई।
ग्रामीणों का कहना था कि वैकल्पिक के रास्ते में पानी निकासी के लिए डाले जाएं, ताकि आवागमन बंद न हो। काफी देर तक बहस के बाद जेई ने आश्वासन दिया कि फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पाइप डलवा कर रास्ता चालू कर दिया जाएगा। इस पर ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान अरविंद राणा, अबरार हुसैन, हिमलेश सिंह, मुमताज, सगीर अहमद, रईस अहमद आदि मौजूद रहे।
नहर पर पुल निर्माण के दौरान आवाजाही के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाया गया था। दो दिन पहले तुमरिया डैम से मुख्य नहर में पानी छोड़ने से वैकल्पिक रास्ता खोद कर पानी की निकासी कराई गई है। इस कारण रास्ता अवरुद्ध हो गया है। रविवार को पुल के दोनों ओर मिट्टी डलवा कर आवाजाही चालू करा दी जाएगी। - रंजन भारद्वाज, अधिशासी अधिकारी सिंचाई विभाग
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : देवर के खिलाफ भाभी ने दर्ज कराई छेड़छाड़ की रिपोर्ट
