सरकारी लिस्ट में दादा डाकू, पोता बना बड़ा अफसर, नीदरलैंड्स की लाखों की नौकरी छोड़ पास की UPSC परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

कभी बीहड़, बंदूक और बागियों के लिए कुख्यात रहे चंबल की डरावनी पहचान को अब वहां के युवा बदल रहे हैं। इसी बदलाव की एक मिसाल देव प्रभाकर सिंह तोमर हैं। एक समय ऐसा था जब देव प्रभाकर के परिवार का इतिहास सरकारी रिकॉर्ड में डकैती और हिंसा से जुड़ा हुआ था, लेकिन उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर एक नई और सकारात्मक कहानी लिखी। आज वे चंबल की हिंसक छवि को मिटाकर युवाओं के लिए प्रेरणा बन गये हैं।

लखनऊ, अमृत विचार : आज भी चंबल का नाम सुनते ही लोगों के दिलो- दिमाग में दहशत भर जाती है, एक दौर था जब चंबल की पहचान बीहड़, बंदूकें और बागी हुआ करते थे, लेकिन उस पहचान को अब वहां के युवा ही बदल रहे हैं। उन्हीं में से एक खास नाम देव प्रभाकर सिंह तोमर का है। देव प्रभाकर ने अपनी मेहनत से अलग कहानी लिखी और अपनी पहचान बनाई। एक दौर ऐसा भी था जब उनके परिवार का इतिहास सरकारी फाइलों में डैकती और हिंसा से भरा था।

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के एक छोटे से गांव के इस लड़के ने पहले आईआईटी ( IIT) क्रैक किया और उसके बाद देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली परीक्षा UPSC पास की। इस परीक्षा को पास करके वह अफसर बन गए हैं। देव प्रभाकर सिंह तोमर ने UPSC में 629वीं रैंक हासिल की थी।

दादा थे 'बागी', पिता ने चुनी पढ़ाई

देव प्रभाकर और उनके परिवार की कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है। जोश टॉक्स को दिये एक इंटरव्यू में उन्होंने स्वयं बताया है कि करीब 75 साल पहले उनके दादाजी पारिवारिक विवादों और तत्कालीन अधिकारियों के कारण 'बागी'  बन गए थे। जिसके चलते उनके  परिवार ने भारी गरीबी और तंगहाली देखी, यहां तक कि दो वक्त की रोटी के भी लाले पड़ गए थे। बाद में देव प्रभाकर के चाचा ने भी यही रास्ता चुन लिया।

पिता ने चुना पढ़ाई का रास्ता

चाचा और दादा भले ही बागी बन गये हों, लेकिन देव प्रभाकर के पिता ने तय कर लिया था कि वह इस दलदल में नहीं फंसेंगे। वह घर बिना किसी को बताये ग्वालियर आ गए, मेहनत से पढ़ाई की और एक स्कूल शिक्षक बन गए। पिता के इसी फैसले ने पूरे परिवार की किस्मत बदल दी।

बिना कोचिंग के निकाला IIT, फिर गए विदेश

देव की शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से हुई, बाद में सीबीएसई बोर्ड के स्कूल में दाखिला लिया, यहां भी रास्ते उनके लिए आसान नहीं थे। अंग्रेजी भाषा और नये माहौल में उन्हें ढलने में समय लगा, देव जब 11वीं में पहुंचे, तो उन्होंने पहली बार IIT करने का सपना देखा। परिवार के पास इतने पैसे नहीं थे कि उन्हें कोचिंग के लिए कोटा भेजा जा सके, यही वजह थी कि उन्होंने घर पर ही किताबों से खुद तैयारी की और पहले ही बार में IIT रोपड़ में दाखिला मिल गया।

इस तरह पहुंचे नीदरलैंड

IIT की पढ़ाई पूरी करने के बाद देव प्रभाकर को नीदरलैंड्स  में फिलिप्स कंपनी में बेहद शानदार नौकरी मिल गई। वह एम्स्टर्डम में ठाट-बाट की जिंदगी जी रहे थे, लेकिन उनका दिल हमेशा देश सेवा के लिए धड़कता था।

लाखों का पैकेज छोड़ लौटे भारत

भारत लौटने के लिए उन्होंने अपनी लाखों की विदेशी नौकरी छोड़ दी और स्वदेश लौट आए, लेकिन यहां UPSC की तैयारी  आसान नहीं थी। पहले दो प्रयासों में देव प्रीलिम्स परीक्षा भी पास नहीं कर पाए, लेकिन लगातार मिली दो असफलताओं के बाद भी उन्हो्ंने हार नहीं मानी और अपनी तैयारी के तरीके में बदलाव किया। उन्होंने दिल्ली में बच्चों को पढ़ाना शुरू किया और साथ ही साथ तैयारी भी जारी रखी। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई। उन्होंने UPSC परीक्षा 2025 में 629वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल की। मौजूदा समय में वह रेल मंत्रालय के तहत इंडियन रेलवे ट्रैफिक सर्विस (IRTS) में एक बड़े अधिकारी के तौर पर कार्य कर रहे हैं। चंबल के बीहड़ों से निकलकर शीर्ष मुकाम तक पहुंचने की देव की यह कहानी आज हर युवा के लिए एक मिसाल बन चुकी है।

यह भी पढ़ें : शुभमन गिल ने रचा इतिहास, टीम इंड‍िया पहली बार 400 पार, वेस्टइंडीज से जीती सीरीज

संबंधित समाचार