गोवर्धन पूजा पर PM मोदी समेत दिग्गज नेताओं ने दी बधाई, बोले- भक्तों के भय हरने वाले हैं श्रीकृष्ण

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के घर अन्न-धन से परिपूर्ण रहें, गोवर्धन पूजा की रक्षा मंत्री सहित नेताओं ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह समेत कई दिग्गज नेताओं ने गोवर्धन पूजा पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने संस्कृत श्लोक के जरिए भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धनधारी स्वरूप की महिमा का गुणगान किया।

दिल्ली। देशभर में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। खास बात यह रही कि पीएम मोदी ने गोवर्धन पूजा की बधाई देने के साथ भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धनधारी स्वरूप की महिमा का वर्णन करने वाला संस्कृत श्लोक भी साझा किया। वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी समेत कई नेताओं ने भी देशवासियों को पर्व की बधाई दी।

संस्कृत श्लोक के जरिए किया श्रीकृष्ण का गुणगान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, "सभी देशवासियों को गोवर्धन पूजा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे। सभी के सुख, सौभाग्य और समृद्धि का विस्तार हो, यही मंगलकामना है।"

इसके साथ ही उन्होंने संस्कृत श्लोक 'आभीरनगरीप्राणप्रियं सत्यपराक्रमम्। स्वभृत्यभयभेत्तारं गोवर्धनधरं भजे।' साझा किया। इसका भावार्थ है कि मैं उन भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करता हूं, जो ब्रजवासियों के प्राणों से प्रिय हैं, सत्य पराक्रमी हैं और अपने भक्तों के भय तथा संकटों को दूर करने वाले हैं।

यह श्लोक श्री गोवर्धनधराष्टकम् से लिया गया है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धनधारी स्वरूप की महिमा का वर्णन किया गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, जब देवराज इंद्र ने ब्रज में भारी वर्षा कराई थी, तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और उनके पशुधन की रक्षा की थी। इसी लीला के बाद भगवान श्रीकृष्ण गोवर्धनधर के नाम से प्रसिद्ध हुए।

राजनाथ सिंह और अमित शाह ने भी दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर शुभकामना संदेश देते हुए लिखा कि गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, अन्न के महत्व और गौसेवा के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। यह अवसर कृतज्ञता, सामूहिकता और लोककल्याण के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से सभी देशवासियों के सुख, समृद्धि और देश की निरंतर प्रगति की कामना की।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, "समस्त देशवासियों को गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।"

नितिन नवीन और नितिन गडकरी ने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी संस्कृत श्लोक साझा कर देशवासियों को गोवर्धन पूजा की बधाई दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर गोकुलवासियों की रक्षा की और प्रकृति, गौवंश तथा अन्न के प्रति कृतज्ञता का संदेश दिया। अन्नकूट का पर्व धरती, प्रकृति और अन्नदाता किसानों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "गौरक्षा के प्रतीक, पावन पर्व गोवर्धन पूजा की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"

मुख्यमंत्रियों ने भी दीं पर्व की शुभकामनाएं

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गोवर्धन पूजा को प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और समृद्ध लोक परंपराओं का प्रतीक बताया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, गौ-संवर्धन और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलने का संदेश दिया। साथ ही सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता की कामना की।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि सनातन संस्कृति में गोवर्धन पूजा प्रकृति, पर्यावरण, गौवंश और कृषि परंपरा के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने इस अवसर पर प्रकृति और गौवंश के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवर्धन पूजा के साथ प्रदेश के लोकपर्व गौरा-गौरी की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती है, जबकि गौरा-गौरी पर्व लोकपरंपरा, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।

वहीं, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी श्रीकृष्ण की भक्ति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता के भाव से जुड़े इस पर्व पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

क्यों मनाई जाती है गोवर्धन पूजा?

गोवर्धन पूजा का पर्व दीपावली के अगले दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है। इसे अन्नकूट पर्व भी कहा जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गौवंश की पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों को देवराज इंद्र के प्रकोप से बचाया था। यह पर्व प्रकृति, पशुधन और अन्न के महत्व को समझने तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देता है।

ये भी पढ़ें :
दीपावली पर राष्ट्रपति मुर्मु ने देशवासियों को दीं शुभकामनाएं : PM मोदी ने शेयर किया वीडियो संदेश, कहा- 'रोशनी से जगमगा रहा देश'

संबंधित समाचार