Bihar News: बच्चों के उतरते ही भरभराकर गिरी स्कूल की सीढ़ी, मलबे में दबे कई छात्र; 9 साल की रीतिका की मौत
खगड़िया के जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय में हादसा, तीन-चार बच्चे घायल; प्रशासन ने सुरक्षा ऑडिट के दिए आदेश
बिहार के खगड़िया में जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय की सीढ़ी अचानक गिरने से कई बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए। हादसे में 9 वर्षीय रीतिका कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रशासन ने जांच और स्कूलों के सुरक्षा ऑडिट के आदेश दिए हैं।
खगड़िया। बिहार के खगड़िया में बुधवार को स्कूल की छुट्टी के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों के नीचे उतरते समय विद्यालय की सीढ़ी अचानक भरभराकर ढह गई। सीढ़ी के मलबे में कई बच्चे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर सभी बच्चों को बाहर निकाला। हादसे में घायल नौ वर्षीय छात्रा रीतिका कुमारी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
नीचे उतर रहे थे बच्चे, अचानक टूट गई सीढ़ी
हादसा मानसी प्रखंड की अमनी पंचायत स्थित जटाधर मिश्रा प्राथमिक विद्यालय में हुआ। बताया गया कि बच्चे सीढ़ी के जरिए नीचे उतर रहे थे। इसी दौरान सीढ़ी का एक हिस्सा अचानक टूट गया। कुछ ही पल में पूरी सीढ़ी भरभराकर गिर पड़ी और उस पर मौजूद बच्चे मलबे में दब गए।
शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला।
अस्पताल में इलाज के दौरान रीतिका ने तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल अमनी पंचायत निवासी मनोज यादव की बेटी रीतिका कुमारी को तत्काल खगड़िया सदर अस्पताल ले जाया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से स्कूल में पढ़ने वाले अन्य बच्चों और उनके अभिभावकों में भी चिंता फैल गई।
तीन-चार बच्चे घायल, खतरे से बाहर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि तीन-चार अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं, जिन्हें मानसी पीएचसी में भर्ती कराया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मृत छात्रा के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। ग्रामीणों ने स्कूल भवन और सीढ़ी की स्थिति को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सीढ़ी पहले से जर्जर थी और इसकी जानकारी स्कूल प्रशासन को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत या सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए।
SDO बोले- दोषी मिला तो होगी कार्रवाई
घटना को लेकर SDO धनंजय कुमार ने बताया कि इलाज के दौरान एक बच्ची की दुर्भाग्यपूर्ण मौत हुई है और मामले की जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सीढ़ी का निर्माण करीब छह साल पहले कराया गया था।
एसडीओ ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों में सुरक्षा ऑडिट कराने के आदेश दिए हैं।
यह भी पढ़ेंः SIR से लेकर EVM तक... INDIA ब्लॉक की बैठक में विपक्ष का महामंथन, खड़गे ने रखीं ये बड़ी मांगें
