Rae Bareli News: बेकाबू डंपर ने मचाई तबाही, उजाड़ दी कई दुकानें... सामान तोड़े
तकिया चौराहे पर रात डेढ़ बजे हुआ हादसा, दुकानदारों को लाखों के नुकसान का अनुमान; पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया
रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर तकिया चौराहे के पास अनियंत्रित डंपर ने 10 दुकानों के टीनशेड, गुमटियां और सामान तोड़ दिया। दुकानदारों को लाखों के नुकसान का अनुमान।
अमावां/ रायबरेली, अमृत विचारः मिल एरिया थाना क्षेत्र में रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसा। डंपर की चपेट में आने से करीब 10 दुकानों के सामने लगे टीनशेड, पान की गुमटियां और बाहर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दुकानदारों को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
घटना सोमवार रात करीब 1:30 बजे तकिया चौराहे के पास हुई। बताया गया कि डंपर फैजाबाद से रायबरेली की ओर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और डंपर सड़क किनारे स्थित दुकानों को रौंदता हुआ आगे निकल गया। हादसे के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया। हालांकि, आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया।
टीनशेड और गुमटियां टूटकर बिखरीं
डंपर की टक्कर से सचिन गुप्ता के किराना स्टोर, शोएब और शाहरुख की बिसातखाना दुकान, जयशंकर साहू की टिक्की-बताशे की दुकान, प्रेम साहू के पानी और होटल से जुड़े प्रतिष्ठान, शिवम चौरसिया और पवन चौरसिया की पान की दुकानें, भीम सविता की नाई की दुकान और कृष्ण कुमार व गुड्डू के व्यापारिक प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचा।
दुकानदारों ने बताया कि कीमती सामान दुकानों के अंदर रखा था, लेकिन कई जरूरी चीजें बाहर भी रखी हुई थीं। डंपर की टक्कर से दुकानों के सामने लगे टीनशेड और पान की गुमटियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बाहर रखा सामान भी बर्बाद हो गया।
नींद आने से हुआ हादसा : पुलिस
अमावां चौकी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार चालक को नींद आने के कारण डंपर अनियंत्रित हुआ। वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। दुकानदारों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
