22 लाख फर्जी Gmail ID का सनसनीखेज खुलासा : पाकिस्तान-बांग्लादेश तक फैला नेटवर्क, अयोध्या, काशी और मथुरा उड़ाने की धमकियों के पीछे बड़ा साइबर कनेक्शन

Amrit Vichar Network
On

यूपी एटीएस का बड़ा खुलासा, कानपुर के युवक ने पाकिस्तान-बांग्लादेश में बेची थीं 22 लाख जीमेल आईडी, धार्मिक स्थलों को मिली धमकियों से जुड़े तार

कानपुर से गिरफ्तार अंकित शंखवार ने पाकिस्तान और बांग्लादेश में 22 लाख फर्जी जीमेल आईडी बेची थीं। एटीएस को आशंका है कि इन्हीं का इस्तेमाल अयोध्या, काशी और मथुरा की बम धमकियों में हुआ है।

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के स्कूलों और प्रमुख धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की धमकियों के पीछे फर्जी जीमेल आईडी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की भूमिका की पड़ताल में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के हाथ बड़ा खुलासा लगा है। कानपुर से गिरफ्तार किए गए आरोपी अंकित शंखवार ने शुरुआती अनुमान के मुताबिक पांच लाख नहीं, बल्कि करीब 22 लाख जीमेल आईडी पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे लोगों को बेची थीं। एटीएस की पूछताछ में सामने आए इस भारी-भरकम आंकड़े के बाद अब एजेंसी ने अपनी जांच का दायरा और बढ़ा दिया है।

अयोध्या, काशी और मथुरा की धमकियों से जुड़े तार

एटीएस को प्रबल आशंका है कि अंकित शंखवार के जरिए विदेशी खरीदारों तक पहुंचाई गईं इन्हीं फर्जी ई-मेल आईडी में से कुछ का इस्तेमाल अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को बम धमाकों की धमकी भेजने में किया गया है। गौरतलब है कि बीते चार नवंबर को अयोध्या और वाराणसी के सरकारी संस्थानों तथा स्कूलों को धमकी भरे ई-मेल मिले थे, जिनमें अयोध्या, काशी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। शुरुआती जांच में आरोपी के लैपटॉप से करीब पांच लाख ई-मेल आईडी का डेटा मिलने की बात सामने आई थी, लेकिन गहन पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल करने पर उसके नेटवर्क से बेची गई कुल आईडी की संख्या करीब 22 लाख तक पहुँच गई।

पासवर्ड और रिकवरी डिटेल भी उपलब्ध कराता था आरोपी

जांच अधिकारियों के अनुसार, अंकित खुद भी बड़ी संख्या में फर्जी ई-मेल आईडी तैयार करता था और कुछ अन्य स्रोतों से भी आईडी जुटाकर विदेशी खरीदारों को बेचता था। इन खातों के साथ वह खरीदारों को पासवर्ड और रिकवरी से जुड़ी जानकारियां भी उपलब्ध कराता था। इसके अलावा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से जुड़ी प्रक्रिया में बदलाव किए जाने के पहलू की भी गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल पूछताछ के दौरान पाकिस्तान, बांग्लादेश के साथ-साथ तुर्किये, मिस्र और कुछ अन्य देशों के लोगों व समूहों से भी उसके संपर्क सामने आए हैं।

गूगल से की गई 22 लाख आईडी तत्काल ब्लॉक करने की मांग

भविष्य में इन फर्जी खातों का किसी भी तरह से दुरुपयोग रोका जा सके, इसके लिए एटीएस ने करीब 22 लाख जीमेल आईडी को ब्लॉक कराने के लिए गूगल को आधिकारिक ई-मेल भेजा है। कंपनी से इन सभी संदिग्ध खातों को तत्काल प्रभाव से बंद करने का अनुरोध किया गया है। इसके साथ ही एटीएस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे खरीदारों ने इन आईडी को आगे किन-किन लोगों तक पहुँचाया और इस पूरे अवैध कारोबार के बदले पैसों का भुगतान किस माध्यम से किया गया।

यह भी पढ़ें:-
आगरा मैथ टीचर हत्याकांड खुलासा: पूर्व छात्रा की अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में बॉयफ्रेंड ने की थी हत्या, ब्लैकबोर्ड पर लिखा था 'रेपिस्ट'

संबंधित समाचार