आगरा मैथ टीचर हत्याकांड खुलासा: पूर्व छात्रा की अश्लील तस्वीरें बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में बॉयफ्रेंड ने की थी हत्या, ब्लैकबोर्ड पर लिखा था 'रेपिस्ट'
2 नवंबर को कोचिंग के बेसमेंट में हुई थी 50 वर्षीय ओमप्रकाश यादव की हत्या, 4 दिन तक शव पड़ा रहा अंदर, कॉल डिटेल से खुला पुलिस का राज
आगरा में मैथ टीचर ओमप्रकाश यादव की हत्या का खुलासा हो गया है। पूर्व छात्रा के बॉयफ्रेंड ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर उनकी गला रेतकर हत्या की थी।
आगरा,अमृत विचार: जनपद में 50 वर्षीय मैथ टीचर ओमप्रकाश यादव की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। हत्या के पीछे कोई और नहीं, बल्कि उनकी ही एक पूर्व छात्रा और उसका बॉयफ्रेंड निकला है। छात्रा का आरोप था कि टीचर उसकी अश्लील तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसी से तंग आकर बॉयफ्रेंड ने कोचिंग सेंटर में घुसकर टीचर का गला रेतकर बेरहमी से कत्ल कर दिया और वारदात के बाद ब्लैकबोर्ड पर 'ओपी यादव रेपिस्ट' लिखकर फरार हो गया था। इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
कोचिंग के बेसमेंट में मिला था खून से लथपथ शव
मृतक ओमप्रकाश यादव मूलरूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के कठिका गाँव के रहने वाले थे और पिछले करीब 30 साल से आगरा में रह रहे थे। उन्होंने शादी नहीं की थी और आवास विकास कॉलोनी में उनका अपना घर था। वह सेक्टर-7 के शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में गणित पढ़ाने के साथ-साथ सेक्टर-3 के वीएस प्लाजा में अपनी कोचिंग भी चलाते थे।
पुलिस के मुताबिक, ओमप्रकाश यादव 2 नवंबर को अपनी कोचिंग गए थे, जिसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे और घर नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार 6 नवंबर को जब कोचिंग सेंटर से तेज दुर्गंध आने लगी, तो आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जगदीशपुरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जब कोचिंग का ताला खोला, तो अंदर बेसमेंट में टीचर का क्षत-विक्षत और खून से सना शव मिला।
ब्लैकबोर्ड पर लिखा था 'रेपिस्ट' और शरीर पर मिले 9 गंभीर घाव
जांच के दौरान पुलिस को कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर मार्कर से 'ओपी यादव रेपिस्ट' लिखा हुआ मिला, जिससे मामला और उलझ गया था। शुरुआती पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर चोट के कुल 9 निशान पाए गए, जिनमें से 7 घाव धारदार हथियार से किए गए वार के थे। इसके अलावा टीचर का मोबाइल फोन और स्कूटी भी मौके से गायब थी। पुलिस ने जब मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस और कॉल डिटेल खंगालनी शुरू की, तो एक संदिग्ध नंबर पर पुलिस की सुई आकर अटक गई।
कॉल डिटेल से पुलिस पहुँची पूर्व छात्रा तक
जांच में सामने आया कि एक ऐसा मोबाइल नंबर है जिस पर शिक्षक की लगातार बातचीत होती थी। जब नंबर की गहराई से छानबीन की गई तो पता चला कि वह उनकी ही एक पूर्व छात्रा का है। पुलिस ने तत्काल छात्रा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। शुरुआती दौर में छात्रा पुलिस को गुमराह करती रही और यह कहती रही कि टीचर बहुत अच्छे थे। लेकिन जब पुलिस ने उसके सामने कॉल डिटेल और चैट के पुख्ता सबूत रखे, तो वह टूट गई और रोते हुए अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
बॉयफ्रेंड ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर की थी हत्या
पूछताछ में छात्रा ने खुलासा किया कि टीचर ने स्नैपचैट के माध्यम से उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें बना ली थीं और उन्हीं तस्वीरों के आधार पर वह उसे लगातार ब्लैकमेल कर रहा था तथा अश्लील मैसेज भेजता था। इस प्रताड़ना से परेशान होकर उसने पूरी बात अपने बॉयफ्रेंड निखिल को बताई थी, जिसके बाद दोनों ने मिलकर शिक्षक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत 2 नवंबर को निखिल चाकू लेकर कोचिंग सेंटर पहुँचा। वहाँ उसने टीचर से उसकी गर्लफ्रेंड को परेशान न करने के लिए कहा, जिस पर ओमप्रकाश ने उसे डांट दिया। गुस्से में आकर निखिल ने अपनी जेब से चाकू निकाला और उनका गला रेत दिया। जब टीचर फर्श पर गिरकर तड़पने लगे, तो उसने उनकी छाती, सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार किए। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी टीचर का मोबाइल और स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
