छठ पर घर लौटने की होड़ : चारबाग स्टेशन पर उमड़ी भीड़, हर 10 मिनट में बस उपलब्ध
पूर्वाचल और बिहार जाने वालों का बढ़ा दबाव, रेलवे ने चलाईं विशेष ट्रेनें, रोडवेज ने उतारीं 950 बसें
छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की चारबाग स्टेशन पर उमड़ी भीड़, रेलवे ने चलाई 12 स्पेशल ट्रेनें और बिहार के लिए 106 अतिरिक्त सेवाओं का किया ऐलान। यात्रियों की सुविधा के लिए हर 10 मिनट में बस उपलब्ध।
लखनऊ, अमृत विचार। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लाेग छठ मनाने के लिए घरों को जाने लगे हैं। इससे मंगलवार को चारबाग रेलवे स्टेशन पर सुबह से शाम तक भारी भीड़ रही। प्रमुख ट्रेनों के जनरल कोच में तो पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही थी। दरवाजों और गलियारों में यात्रियों में धक्का-मुक्की होती रही। गोरखपुर, मऊ, बलिया, प्रयागराज की ओर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेनों में भी यात्रियों का दबाव अधिक रहा। आरपीएफ चारबाग थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह के अनुसार गुरुवार से यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
छठ के मद्देनजर लुधियाना-समस्तीपुर तरफा अनारक्षित विशेष ट्रेन 04684 चलाई गई है। ये ट्रेन 10 नवंबर को रात 8 बजे पंजाब से रवाना होकर सहारनपुर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर और बरेली होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। यहां से गोरखपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए समस्तीपुर जाएगी। चंडीगढ़-बरौनी आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन 04538 मंगलवार रात 10 बजे चंडीगढ़ से चलकर बुधवार सुबह 11:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर होते हुए 12 नवंबर को सुबह 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में 12 नवंबर को सुबह 6:30 बजे बरौनी से चलकर अगले दिन रात 12:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी और 13 नवंबर को दोपहर 1:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
लखनऊ से मुंबई के लिए विशेष ट्रेन मंगलवार को रवाना की गई। ये ट्रेन रात 9:45 बजे लखनऊ से चलकर उन्नाव, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे होते हुए 12 नवंबर को सुबह 3:35 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए गए हैं, जिनमें वातानुकूलित, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।
छठ के लिए रोडवेज ने उतारीं 950 बसें
पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज ने भी तैयारी की है। गोरखपुर, समस्तीपुर, पटना, आजमगढ़, बस्ती, मिर्जापुर और देवरिया समेत विभिन्न रूटों पर 950 बसें संचालित की जा रही हैं। यात्रियों के लिए हर 10 मिनट में बस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि दीपावली से छठ पूजा तक यात्रियों की संख्या को देखते हुए बसों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
चार दिन में रोडवेज की कमाई 8.23 प्रतिशत बढ़ी
दीपावली के दौरान रोडवेज की आय में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। छह से नौ नवंबर 2026 के बीच परिवहन निगम को 661.94 लाख रुपये का राजस्व मिला, जबकि 2025 में इसी अवधि में 611.60 लाख रुपये की आय हुई थी। इस तरह 50.34 लाख रुपये यानी 8.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। आठ नवंबर को दीपावली के दिन सबसे अधिक 251.50 लाख रुपये की आय हुई। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 3.94 लाख यात्रियों ने बसों से सफर किया, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 3.55 लाख थी। यात्रियों की संख्या में करीब 10.99 प्रतिशत की वृद्धि हुई। आगरा क्षेत्र में सर्वाधिक 43.39 प्रतिशत राजस्व वृद्धि दर्ज की गई, जबकि कानपुर में 3.29 और लखनऊ क्षेत्र में 4.70 प्रतिशत की बढ़ोतरी रही।
प्लेटफार्म से होल्डिंग एरिया तक निगरानी
भीड़ नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तैनात की गई हैं। प्लेटफार्मों पर लगातार निगरानी के साथ यात्रियों को अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने की हिदायत दी जा रही है। आरक्षण केंद्र के पास होल्डिंग एरिया बनाया गया है। स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भी सुरक्षा बलों की टीमें नजर रख रही हैं। टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए टिकट वेंडिंग मशीनों का संचालन किया गया। चारबाग और लखनऊ जंक्शन समेत प्रमुख स्टेशनों की निगरानी दोनों मंडलों के डीआरएम कार्यालय में बने वार रूम से की गई। पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त अरुण त्रिपाठी भी लगातार अपडेट लेते रहे। लखनऊ जंक्शन आरपीएफ थाना प्रभारी अमित कुमार राय ने बताया कि लखनऊ-गोरखपुर इंटरसिटी में सबसे अधिक भीड़ रही।
