World Pneumonia Day : निमोनिया अब नहीं लेगा मासूमों की जान, पीसीवी टीके से यूपी के 98 प्रतिशत बच्चे सुरक्षित

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत प्रदेश में पीसीवी की निर्धारित खुराकों का कवरेज करीब 98 प्रतिशत पहुंच गया है।

उत्तर प्रदेश में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पीसीवी (न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन) की निर्धारित खुराकों का कवरेज करीब 98 प्रतिशत पहुंच गया है। यह उपलब्धि बच्चों को निमोनिया और न्यूमोकोकल संक्रमण से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को समय पर वैक्सीन की सभी निर्धारित खुराक मिल सकें। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर पात्र बच्चे तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाना और बाल स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है।

लखनऊ, अमृत विचार : पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों, खासकर शिशुओं के लिए निमोनिया अभी गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है। सर्दियों में ठंड और वायु प्रदूषण के कारण बच्चों में श्वसन संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, इस जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए प्रदेश में चलाया जा रहा न्यूमोकोकल कॉन्जुगेट वैक्सीन (पीसीवी) टीकाकरण अभियान बच्चों के लिए सुरक्षा कवच बन रहा है। नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत प्रदेश में पीसीवी की निर्धारित खुराकों का कवरेज करीब 98 प्रतिशत पहुंच गया है।

राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि पीसीवी टीकाकरण की शुरुआत वर्ष 2017 में ही कर दी थी। शुरुआत में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया। वर्ष 2020 तक प्रदेश के सभी जिलों में इसका विस्तार कर दिया गया। वर्ष 2021 में पीसीवी को देशभर के नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल किया गया।

प्रदेश में टीकाकरण अभियान की प्रभावी पहुंच का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में पूर्ण टीकाकरण का कवरेज 99.41 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में करीब 57.21 लाख बच्चों को पीसीवी की पहली खुराक, 55.62 लाख को दूसरी खुराक और 57.39 लाख बच्चों को बूस्टर डोज दी गई।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में सितंबर तक 26.75 लाख बच्चों को पहली, 26.44 लाख को दूसरी और 27.84 लाख बच्चों को बूस्टर खुराक दी जा चुकी है। ग्लोबल एलायंस फॉर वैक्सीन्स एंड इम्यूनाइजेशन (गावी) की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में पीसीवी टीकाकरण का कवरेज वर्ष 2019 में 56 प्रतिशत था, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 80 प्रतिशत हो गया। इसमें उत्तर प्रदेश की अहम भूमिका रही है।

जागरुकता से आ रही मृत्युदर में कमी

वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान ने बताया कि निमोनिया के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। इससे मृत्युदर में कमी आई है। निमोनिया फेफड़ों का गंभीर संक्रमण है। इसमें फेफड़ों की छोटी-छोटी थैलियों (एल्वियोली) में सूजन आ जाती है और उनमें पानी या मवाद भर जाता है। इससे सांस लेने में तकलीफ होती है और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। यह वायरस या फंगस से हो सकता है। 5 साल से कम के बच्चे, बुजुर्ग, कमजोर इम्युनिटी वाले और पहले से दमा, डायबिटीज, हृदय रोग से पीड़ित लोगों को खतरा ज्यादा होता है। सर्दी और प्रदूषण में इसका खतरा और बढ़ जाता है। बचाव के लिए बच्चों को निर्धारित समय पर पीसीवी की सभी खुराकें जरूर दिलाएं। शिशु को शुरुआती छह महीने तक केवल मां का दूध दें। इससे उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है।

मुख्य लक्षण

बच्चों में तेज बुखार, तेज-तेज सांस चलना, सांस में घरघराहट, पसली चलना, दूध पीने में दिक्कत, सुस्ती, होंठ-नाखून नीले पड़ना।

बड़ों में खांसी के साथ बलगम, सीने में दर्द, सांस फूलना, ठंड लगकर बुखार, थकान, पसीना आना।

संबंधित समाचार