UAE Truck Accident: दुबई हादसे में अपनों को खोने वाले भारतीय परिवारों से मिला दूतावास, हर मदद का दिया भरोसा
18 वाहनों और पांच ट्रकों से जुड़े इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हुए हैं।
UAE Truck Accident: दुबई के फुजैराह में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले भारतीयों के परिजनों से भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने मुलाकात की। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अस्पतालों में भर्ती घायलों का हाल जाना। दूतावास ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। हादसे में 14 लोगों की मौत और 30 लोगों के घायल होने की खबर है।
दुबई। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह में हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। 18 वाहनों और पांच ट्रकों से जुड़े इस हादसे में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हुए हैं। हादसे में भारतीय नागरिक भी प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सक्रिय हो गया है। दूतावास के एक अधिकारी ने फुजैराह के अस्पतालों का दौरा कर पीड़ित भारतीयों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
'खलीज टाइम्स' की बृहस्पतिवार की रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना बुधवार को हुई थी। इसके बाद शुक्रवार को भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी ने फुजैराह के अस्पतालों में पहुंचकर हादसे के पीड़ितों और उनके परिवारों से मुलाकात की। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अधिकारी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अस्पताल प्रशासन तथा चिकित्सकों से भी बातचीत की। अधिकारी ने अस्पताल में उपचार करा रहे भारतीय नागरिकों के स्वास्थ्य और उनकी रिकवरी की स्थिति की जानकारी ली। दूतावास ने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि, हादसे में कुल कितने भारतीय घायल हुए हैं, इसकी आधिकारिक संख्या अभी साझा नहीं की गई है।
केरल के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
इस हादसे में केरल के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बृहस्पतिवार को बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वालों में तीन लोग एक ही परिवार के थे। उनकी पहचान मोहम्मद असमिल और उनकी जुड़वां बहनों मिसना जुबिन और मोहम्मद फायिस के रूप में की गई है। तीनों मलप्पुरम जिले के वेंगारा के रहने वाले थे।
ट्रक चालक के नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
'अरब न्यूज' की रिपोर्ट के मुताबिक, फुजैराह पुलिस ने बताया कि बुधवार मध्यरात्रि से कुछ समय पहले शहर के प्रवेश द्वार के पास शेख खलीफा बिन जायद रोड पर यह दुर्घटना हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक ट्रक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक ने पहले एक अन्य वाहन को टक्कर मारी, फिर पलट गया और सड़क पर चल रहे कई दूसरे वाहनों से जा टकराया।
