Cyclone Arnab : बिहार में 4 दिन भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट, 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं
बिहार समेत कई दूसरे राज्यों में इसका असर दिखने लगा है। पूर्वी हवाओं के प्रभाव से बिहार में तेजी से मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है।
बिहार में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 31 अक्टूबर तक भारी बारिश, वज्रपात और 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं का अलर्ट। जानें किसानों और आम लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह।
पटना। आंध्र प्रदेश के समुद्रीय तट से भीषण चक्रवाती तूफान अर्नब के टकराने के बाद बिहार समेत कई दूसरे राज्यों में इसका असर दिखने लगा है। पूर्वी हवाओं के प्रभाव से बिहार में तेजी से मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, 28 से 31 अक्टूबर 2026 के दौरान राज्यभर में मौसमी गतिविधियों में भारी वृद्धि की प्रबल संभावना है। इस अवधि में बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तो कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है।
बारिश और तेज हवाओं से बढ़ सकती है परेशानी
इसके साथ ही राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली चमकने (वज्रपात) और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से धूलभरी तेज हवाएं चलने की भी संभावना व्यक्त की गई है। मौसम विभाग से जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि लगातार और तेज बारिश से निचले इलाकों में पानी भरने, सड़कों पर जलजमाव और यातायात व्यवस्था बाधित होने की आशंका है। तेज हवा और बारिश से धान की खड़ी फसलों, केले, पपीते, आम और सहजन जैसे फलदार पेड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा झुग्गी-झोपड़ियों और कच्चे मकानों की छतों को भी क्षति पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अलर्ट पर रखें नजर
खराब मौसम की आशंका को देखते हुए किसानों को पकी हुई खरीफ फसलों, खासकर धान की कटाई और सुरक्षित भंडारण पर ध्यान देने की जरूरत है। यदि खेतों में फसल अभी खड़ी है, तो मौसम की स्थिति देखकर ही कटाई करें। बारिश के दौरान खेतों में अतिरिक्त सिंचाई से बचें और जलनिकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह
किसानों को दिए गए सुझावों में कहा गया है कि पकी हुई खरीफ फसलों (विशेषकर धान) की कटाई तुरंत कर उन्हें सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर संग्रहित करें। यदि फसल की कटाई नहीं हुई है, तो खराब मौसम के दौरान कटाई का कार्य रोक दें। खेतों में अतिरिक्त सिंचाई स्थगित रखें और जलनिकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। मेघगर्जन के समय लोग खुले मैदानों, खेतों, ऊंचे पेड़ों, बिजली के खंभों और जल निकायों से दूर रहें। बिजली चमकने के दौरान तत्काल किसी मजबूत और पक्के भवन के अंदर शरण लें। पेड़ों के नीचे रुकने की भूल बिल्कुल न करें।
